भीषण हादसाः ट्रक से भिड़ी बारातियों से भरी बस, 19 लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में सितारगंज से बिलासपुर लौट रही बारातियों से भरी बस की सामने से आ रहे ट्रक से हुई भिड़ंत में एक बाराती की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया जबकि पंजाब से टनकपुर जा रहा मुर्गीदाने से लदा ट्रक भी खेत में पलट गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को किच्छा और रुद्रपुर अस्पताल में भिजवाया। ज्यादातर बारातियों को हल्की चोटें आईं, जो प्राथमिक उपचार के बाद अपने घर लौट गए।
चंदन कॉलोनी बिलासपुर के रहने वाले रामदुलारे के बेटे सूरज की बारात मंगलवार की शाम विरेंद्रनगर सितारगंज गई थी। बुधवार की सुबह बस (डीएल1पीए 4240) से करीब 50 बाराती चंदन कॉलोनी लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि ग्राम देवरिया के समीप तेज रफ्तार बस का टायर फट गया।
अनियंत्रित बस सामने से आ रही मुर्गीदाना लदे ट्रक (यूपी 78बीएन0014) से भिड़ गई। हादसे के बाद बस में सवार बारातियों में चीख पुकार मच गई। बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक सड़क किनारे खेत में पलट गया।
लोगों के दबे होने की अफवाह ने उड़ाए होश
सूचना मिलने पर लालपुर चौकी में तैनात आठ कांस्टेबलों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में दूल्हे के रिश्ते के ससुर छोटे लाल (60) पुत्र बलदेव निवासी ग्राम छोटा बरखैना बिलासपुर ने दम तोड़ दिया।
घायलों में पुरोहित भोलेश्वर चौबे, रामस्वरुप, राजेश, रामअवतार, भीमसेन, मुरारीलाल, मीठेलाल, पूरन चंद्र, सूदन, राधेश्याम, राजन, ताराचंद्र, विजय, सूरज कुमार, राजेश, राजू और मुन्नी सभी निवासी चंदन कॉलोनी बिलासपुर तथा विनोद निवासी कासमगंज बिलासपुर के साथ ही बस के हेल्पर नाहिद खां घायल हो गए। पुलिस ने मृतक छोटेलाल का पंचनामा भरकर शव को पीएम के लिए भिजवाया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी मजमा जुट गया। किसी ने पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के नीचे बाइक सवार दो लोगों के दबे होने की सूचना दी। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने जेसीबी मंगवाने के साथ ही खुद ही ट्रक से मुर्गीदाने बोरियां खाली करनी शुरू कर दी।
हालांकि भीड़ में शामिल लोगों ने बोरे निकालने में पुलिस की मदद नहीं की। ट्रक से बोरियां निकालकर जेसीबी की मदद से जब उसे उठाया गया, तो ट्रक के नीचे कोई नहीं था। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
बस के पिछले हिस्से में बैठे बाराती बचे
हादसे में चोटिल होने से बचे चंदन कालोनी निवासी विनोद ने बताया कि वह बस के पिछले हिस्से में बैठे थे। जैसे ही बस की टक्कर हुई तो ज्यादातर अगले हिस्सों में बैठे बाराती घायल हुए। वह और उनके साथ बस के पिछले हिस्से में बैठे बारातियों को चोटें नहीं पहुंची। ज्यादातर लोगों के सिर और हाथों में चोटें पहुंची हैं।