दोस्त बने दुश्मन: 30% साड़ी के कमीशन के लिए शराब पिलाकर की हत्या, शव पुल से गंगा में फेंक दिया
Varanasi News: वाराणसी पुलिस ने ई-रिक्शा चालक की हत्या का खुलासा पुलिस ने किया। मामले में सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
विस्तार
वाराणसी जिले में आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया निवासी लापता ई-रिक्शा चालक सनी सोनकर की हत्या उसके ही दोस्तों ने मिलकर की। हत्या की वजह पर्यटकों को साड़ी की दुकानों तक ले जाने पर मिलने वाले 30 प्रतिशत के कमीशन के बंटवारे को लेकर थी। आरोपियों ने उसे शराब पिलाया और खाना खिलाने के बाद पत्थर से सिर पर कई वार कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को विश्वसुंदरी पुल लेकर गए और गंगा में फेंक दिया। पुलिस ने तीन हत्यारोपी अभिषेक चौहान निवासी जलालीपुरा जैतपुरा, संतोष कुमार गौतम उर्फ मोगली निवासी लाट भैरव आदमपुर और वीरू गुप्ता निवासी लिटकुरी कपसेठी को काशी स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।
हत्या में शामिल सभी ऑटो व ई-रिक्शा चालक हैं। जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है। 28 जनवरी की शाम सनी को उसके दोस्त वीरू गुप्ता, संतोष कुमार उर्फ मोगली, अभिषेक चौहान, रवि गुप्ता और राहुल विश्वकर्मा सवारी का बहाना बनाकर घर से बुलाकर ले गए। सभी जलालीपुरा क्षेत्र में एक दुकान पर पहुंचे, जहां उन्होंने शराब पी और चिकन खाया। खाने-पीने के बाद जब सनी वहां से जाने लगा तो साथियों ने उससे साड़ी की दुकान से मिलने वाले कमीशन के बंटवारे को लेकर सवाल उठाया।
इसे भी पढ़ें; रेबीज मुक्त होगी काशी: नगर निगम और वेदांता समूह के बीच हुआ एमओयू, देश के लिए मॉडल बनेगी ये पहल
सनी के कम रकम बताए जाने पर विवाद बढ़ गया और सभी उसे मारने पीटने लगे। आरोपियों ने सिर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी सामान्य रूप से शहर में ऑटो चलाते रहे। थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को सीसी कैमरा फुटेज से जांच कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि रवि गुप्ता और राहुल विश्वकर्मा की तलाश की जा रही है।