फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi news in one click Number registered on temple land liquor smuggled pickup

एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की खबरें: मंदिर की जमीन पर दर्ज कराया नंबर, पिकअप में छिपाकर ले जा रहे थे शराब

Thu, 03 Oct 2024 11:02 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 03 Oct 2024 11:02 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में गुरुवार को छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। पहली खबर दुर्गाकुंड मंदिर की है। महंत ने आरोप लगाया कि जमीन के दस्तावेज में हेराफेरी कर नया मकान नंबर आवंटित कराया गया है। वहीं, लंका थाने की पुलिस ने डाफी हाइवे से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों शराब की खेप पिकअप में छिपाकर बिहार ले जा रहे थे। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi news in one click Number registered on temple land liquor smuggled pickup
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर की जमीन के दस्तावेज में हेराफेरी करके नगर निगम में नया मकान नंबर आवंटित करा लिया गया है। मंदिर ट्रस्ट की ओर से आपत्ति दाखिल की गई है। इसके साथ ही अवैध निर्माण की शिकायत भी हुई है। यह जानकारी दुर्गा मंदिर महंत परिवार के राजनाथ दुबे, कौशलपति द्विवेदी, बेचन त्रिपाठी और रामनरेश दुबे ने गुरुवार को दी।

विज्ञापन


मंदिर में प्रेसवार्ता के दौरान महंत परिवार ने आरोप लगाया गया कि दुर्गा मंदिर के महंत परिवार सेवईत दिनेश दुबे, रमेश दुबे, गुलाब दुबे और राजेश दुबे ने दस्तावेज में हेराफेरी करके नगर निगम में नया मकान नंबर आवंटित कर लिया है। दुर्गाकुंड महंत परिवार का बंटवारा डिग्री लागू है। बंटवारा दिन अवधि के अनुसार किया गया है, स्क्वायर फीट के अनुसार बंटवारा नहीं है। 1998 से जिला अदालत में मुकदमा लंबित है।
विज्ञापन


छात्रों के निलंबन के लिए माफी मांगे बीएचयू प्रशासन
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि अत्याचार अन्याय के खिलाफ मुखर हुए छात्रों पर कार्यवाही निश्चित रूप से महामना की बगिया को कलंकित करने जैसा है। एक तरफ अपराधी जो भाजपा के पदाधिकारी हैं वह जमानत पर रिहा हो रहे हैं, अपराधियों का माला-फूल से स्वागत हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


दूसरी ओर आंदोलन करने वाले छात्रों पर निलंबन की कार्यवाही। यह तो नैतिकता, मानवीय मूल्यों, मानवता और न्याय के हनन जैसा कृत्य है। वास्तव में यह कार्रवाई भाजपा-आरएसएस के इशारे पर की गई है। हम मांग करते हैं कि तत्काल इस निलंबन को वापस लिया जाए। छात्रों पर कार्यवाही के लिए बीएचयू प्रशासन माफी मांगे अन्यथा पूरी कांग्रेस पार्टी छात्रों संग न्याय के लिए खड़ी है। हम सड़क से संसद तक इस प्रकरण का विरोध करेंगे।

पिकअप के नीचे का हिस्सा काटकर बनाया था चेंबर, बिहार ले जा रहे थे शराब
पिकअप के पीछे की बॉडी के नीचे के हिस्से को काटकर उसे चेंबर जैसा रूप देकर अंग्रेजी शराब की खेप बिहार ले जा रहे दो आरोपियों को लंका थाने की पुलिस ने डाफी में नेशनल हाईवे से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बिहार के वैशाली जिले के गंगा बृज थाने के तिरसियादिया निवासी लगन देव दास और आमोद कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से अंग्रेजी शराब के 2008 पाउच बरामद किए गए हैं। शराब की कीमत 2,40,960 है।

लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो लोग पिकअप में शराब की खेप बिहार ले जा रहे हैं। डाफी इलाके में रमना चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार और दरोगा मनोज राजपूत के साथ चेकिंग शुरू कराई गई। इसी दौरान दोनों पकड़े गए। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उत्तर प्रदेश से शराब बिहार ले जाते हैं और ज्यादा दाम में बेचते हैं। शराब वह मिर्जामुराद क्षेत्र से लेकर बिहार जा रहे थे।

पिंडरा के सात तालाबों की हुई नीलामी
पिंडरा तहसील के सभागार में गुरुवार को पिंडरा के ग्राम चिउरापुर, पट्टी व अमउत, गजोखर, सेहमलपुर ग्राम के 7 तालाबों के क्षेत्रफल 4.731 हेक्टेयर की नीलामी की गई। एसडीएम पिंडरा ने बताया कि दस साल के मत्स्य पालन के लिए तालाब की नीलामी की गई। शुक्रवार को पिंडरा के बचे हुए, बड़ागांव व हरहुआ में तालाबों की नीलामी की जाएगी। 

छात्र की पिटाई के मामले में अध्यापक मिले दोषी
वाराणसी के आराजीलाइन विकासखंड के ग्राम पंचायत हरसोस के कंपोजिट विद्यालय के छात्र की बेरहमी से पिटाई के मामले में जांच में अध्यापक दोषी पाए गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव ने मामले की जांच कर रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी है। आगे की कार्रवाई बेसिक शिक्षाधिकारी करेंगे।

रोपवे के निर्माण में गिरजाघर की समस्या पर वीडीए ने जताई नाराजगी
रोपवे के निर्माण को लेकर वीडीए परिसर में निगरानी की जा रही है। गुरुवार को बैठक में वीडीए के अधीक्षण अभियंता अजय पवार ने जलकल और जल निगम के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। कहा कि लाइन शिफ्ट नहीं करेंगे तो काम कैसे शुरू होगा। काम को एक माह पहले खत्म करना था। अब तक काम नहीं होने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।

वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया चौराहे तक निर्माणाधीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के रूप में रोपवे की पायलट परियोजना चल रही है। रोपवे स्टेशन और टावर्स का निर्माण कार्य एनएचएलएमएल करा रही है। बिजली विभाग, जलकल, जलनिगम, बीसएनल, गेल के अधिकारियों की मौजूदगी में तय हुआ कि संबंधित विभाग अपना कार्य जल्द कराएं।

काशी विश्वनाथ धाम में विराजमान हुईं मां आदिशक्ति, गूंजे सप्तशती के मंत्र
शारदीय नवरात्र पर श्री काशी विश्वनाथ धाम सप्तशती के ओजस मंत्रों से गुंजायमान हो उठा। मां आदिशक्ति को आदिदेव महादेव के दरबार में विराजमान कराया गया। इसके साथ ही गुरुवार को नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्र के अनुष्ठान का श्रीगणेश भी हो गया। नौ दिनों तक बाबा के धाम में नियमित रूप से दुर्गा सप्तशती का पाठ होगा।



गुरुवार को भोर में पांच ब्राह्मणों ने धाम में मां दुर्गा की आराधना के लिए मंदिर प्रांगण में कलश स्थापना की गई। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने शक्तिपीठ माता विशालाक्षी और माता शैलपुत्री देवी को शृंगार सामग्री श्री विश्वनाथ धाम की ओर से अर्पित की। नवरात्रि पर्व पर देवी के समस्त सोलह शृंगार और पर्व वस्त्र का समर्पण ज्योतिर्लिंग पीठ से काशीपुराधिपति श्री विश्वनाथ महादेव की ओर से किया गया। शाम को मंदिर चौक पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। प्रथम प्रस्तुति गायिका दिव्या दुबे और दूसरी प्रस्तुति गायक दीपक तिवारी की रही। सह-कलाकारों में नीरज, मोती शर्मा, शनि, राहुल शामिल रहे।

श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में मनाई गई अग्रसेन जयंती
श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज के बुलानाला और परमानंदपुर परिसर में गुरुवार को अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई गई। पहले दिन प्राध्यापकों और शिक्षकों ने महाराज अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन किया। जयंती पखवाड़ा के तहत चार अक्तूबर को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्रवाल समाज के बच्चों का सम्मान होगा।

पांच अक्तूबर को आज के परिपेक्ष में महाराज अग्रसेन के सिद्धांतों का महत्व पर एक व्याख्यान होगा। साथ ही एवं महाराज अग्रसेन के सिद्धांत, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर पोस्टर प्रदर्शनी व प्रतियोगिता होगी। छह अक्तूबर को महाराज अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 

मजदूर की बेटी ने स्वर्ण, बिजली मिस्त्री की बेटी ने जीता कांस्य
बलिया में खेली गई 68वीं ताइक्वांडो राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में मजदूर और बिजली मिस्त्री की बेटी ने पदक जीता है। गुरुवार शाम वापस लौटने पर चेतगंज के एकेडमी में दोनों को सम्मानित किया गया। पांडयेपुर की रहने वाली स्वर्ण पदक विजेता सुहानी पटेल के पिता संतोष पटेल मजदूरी करते हैं। सिगरा निवासी कांस्य पदक विजेता वैष्णवी कनौजिया के पिता संतोष बिजली मिस्त्री हैं।

कोच उमेश केशरी ने बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से प्रतियोगिता 29 सितंबर से 2 अक्तूबर तक बलिया में हुई। सुहानी पन्नालाल चौबे माध्यमिक विद्यालय की छात्रा हैं। वैष्णवी सुधाकर महिला इंटरमीडिएट कॉलेज में पढ़ती हैं। इस मौके पर सौरभ जायसवाल, अमन वर्मा, शशांक श्रीवास्तव, अरशद रजा मौजूद रहे।

पर्यावरण संतुलन में वन्यजीवों की भूमिका अहम
वन्यजीव सप्ताह के तहत गुरुवार को वन विभाग के मिनी जू में वन्यजीवों के रेस्क्यू उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्य अतिथि आईएफएस डॉ. रवि सिंह ने कहा कि वन्यजीवों को घरों में पालतू बनाकर नहीं रखना चाहिए। यह अपराध के श्रेणी में आता है। पर्यावरण संतुलन में वन्यजीवों की भूमिका अहम होती है। सीआरपीएफ कमांडेंट बालापुरकर ने कहा कि वन व वन्यजीवों के बिना मानव जीवन संभव ही नहीं है।

वन्यजीवों के संरक्षण से पर्यावरण को बचाया जा सकता है। कार्यक्रम में निबंध प्रतियोगिता भी हुई जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया गया। प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन नवनीत मिश्रा व धन्यवाद ज्ञापन उपप्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने किया। 

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय एकता पर्व का आयोजन
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में दो दिवसीय केवीएस राष्ट्रीय एकता पर्व का शुभारंभ दिनांक 3 व 4 अक्बतूर को होने वाले केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एकता पर्व का शुभारंभ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 39 गोरख प्रशिक्षण केंद्र में हुआ। इस अवसर पर समूह नृत्य, राष्ट्रीय समूह गान, ऑन द स्पॉट पेंटिंग, एवं कला उत्सव के अंतर्गत वोकल म्यूजिक आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना है। जिसमें वाराणसी संभाग के संकुल स्तरीय विद्यालयों में केंद्रीय विद्यालय बीएचयू, केंद्रीय विद्यालय बीएलडब्लू, रिहंद नगर, केवी नंबर 4 व मऊ आदि विद्यालयों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ चंद्र भूषण प्रकाश ने कहा कि आज हम यहां एक महत्वपूर्ण अवसर पर एकत्रित हुए हैं, यह पर्व हमें हमारे देश की विविधता में एकता की भावना को महसूस करने और उसे सम्मानित करने का अवसर प्रदान करता है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक इमरान अंसारी, हरेन्द्रनाथ त्रिपाठी इत्यादि का योगदान रहा। 

प्रादेशिक कुश्ती के लिए मंडलीय टीम का चयन ट्रायल चार को
खेल विभाग और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता 15 से 17 अक्तूबर तक मेरठ में खेली जाएगी। वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल चार अक्तूबर को सुबह आठ से दस बजे तक लालपुर के डॉ़ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में होगा। कोच गोरख यादव ने बताया कि जूनियर बालक वर्ग की फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन के खिलाड़ी ट्रायल में हिस्सा ले सकते हैं। 

पिंडरा ब्लॉक में निर्माण श्रमिकों के पंजीयन के लिए लगा शिविर
उप श्रमायुक्त के निर्देश पर गुरुवार को पिंडरा ब्लॉक में उत्तर प्रदेश भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से मजदूरों के पंजीयन के लिए शिविर लगाया गया। निर्माण श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण, सरकार की योजनाओं का लाभ देने के लिए पहल की गई है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की जानकारी शिविर में दी गई। अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पढ़ाने के लिए तैनात होंगे एजूकेटर
सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों की शिक्षा के स्तर को सुधारेगी। आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग के सहयोग से आउटसोर्सिंग पर शैक्षिक परामर्शदाता (एजूकेटर) की तैनाती की जाएगी। जिले में 3914 आंगनबाड़ी केंद्र है, जिसमें 640 केंद्रों पर एजूकेटर की नियुक्ति की जाएगी। इन आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन से छह साल की आयु के करीब 22400 पंजीकृत बच्चे पढ़ते हैं। अभी इन बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पढ़ाती हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा देने के लिए एजूकेटर नियुक्त करने का प्रस्ताव बनाया गया है। 

विद्यापीठ: गंगापुर परिसर में आठ अक्तूबर तक होगा प्रवेश
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर गंगापुर में दाखिले के लिए विश्वविद्यालय की ओर से तिथि निर्धारित की गई है। संबंधित छात्र-छात्राएं आठ अक्तूबर तक सीधे प्रवेश ले सकेंगे। स्नातक (बीए, बीकॉम, बीएफए), स्नातकोत्तर (एमए, एमकॉम एवं एमएफए) के साथ ही पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा (पीजी डिप्लोमा इन साइकोथेरेपी काउंसलिंग एंड गाइडेंस) पाठ्यक्रम में 60 प्रतिशत सीटों पर परिसर स्तर से सीधे प्रवेश लिया जा रहा है। इसमें बची हुईं 40 प्रतिशत सीटों पर विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा में शामिल, प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों को प्रवेश का मौका मिलेगा। 

दस नवाचारी शिक्षकों को किया गया सम्मानित
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (डायट) की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में वाराणसी के दस नवाचारी शिक्षकों ने सफलता हासिल की। डायट सारनाथ में गुरुवार को हुए एक सम्मान समारोह में प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ल ने इन शिक्षकों को सम्मानित किया।

सम्मानित होने वाले शिक्षकों में कमलेश कुमार पांडेय, श्याम नारायण मौर्य, अब्दुर्रहमान, तूबा आसिम, डॉ. श्रवण कुमार गुप्त, छवि अग्रवाल, सत्येंद्र कुमार, संगीता यादव, अजय कुमार और अरविंद कुमार सिंह शामिल थे। इस अवसर पर डायट प्रवक्ता डॉ. हरगोविंद पुरी, गोविंद चौबे, डॉ. लालधारी यादव, प्रमोद कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिंह, विकास कुशवाहा, डॉ. प्रिंस गुप्त, डॉ. नगमा परवीन मौजदू रहीं। 

विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
चौथे विभागीय सीनियर नेशनल हाॅकी प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अतुलदीप ने रजत और अखिल भारतीय इंटर रेलवे प्रतियोगिता में कमालुद्दीन ने टीम को कांस्य पदक दिलाया। ऐसा पहली बार हुआ है जब पूर्वोत्तर रेलवे की टीम ने कांस्य जीता है। वापस लौटने पर मंडल रेल प्रबंधक वीनित श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। संचालन जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार, धन्यवाद सतीष नारायण सिंह ने किया। इस मौके मंडल क्रीड़ा अधिकारी वालेंद्र पाल, रोशन लाल यादव, आरके सिंह, सतीष नारायण सिंह मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में छात्रसंघ बहाली जरूरी
विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में छात्रसंघ बहाल करना जरूरी है। यह विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों में लोकतंत्र का स्तंभ है। उक्त बातें छात्र नेताओं ने गुरुवार को यूपी कॉलेज में बैठक में कहीं। छात्र नेताओं ने छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग पर चर्चा की। निर्णय लिया गया कि छात्रसंघ चुनाव को बहाल करने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रशासन से संवाद किया जाएगा। छात्रों को संगठित कर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

छात्रसंघ चुनाव छात्रों की समस्याओं के समाधान का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसकी गैर-मौजूदगी में छात्रों की आवाज दबाई जा रही है। छात्र नेताओं ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर चुनाव को फिर से शुरू करने की मांग की। कहा कि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को तेज करेंगे। बैठक में शिवम सिंह बाबू, वीरेन प्रताप रघुवंशी, अभय सिंह मिक्कू, विकास ठाकुर, प्रियांशु सिंह, कुश सिंह, उत्सव सिंह, नमन त्रिपाठी, प्रदीप सिंह मौजूद रहे। 

बीएचयू में छात्रों ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश
बीएचयू के कला संकाय के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर के छात्रों ने विभाग और आसपास के क्षेत्र में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने स्वच्छता के लिए सभी से आगे आने की अपील की। विभागाध्यक्ष प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. टी. ओनिमा रेड्डी और डॉ. विनायक कुमार दुबे के निर्देशन में चले अभियान का उद्देश्य स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण को बढ़ावा देना है। प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. बीसी कापरी, प्रो. सुषमा घिल्डियाल, प्रो. अभिमन्यु सिंह, प्रो. राजीव व्यास आदि मौजूद रहे।

छात्राओं ने सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन की ली शपथ
श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज के परमानंदपुर परिसर में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने किया। छात्राओं, एनसीसी कैडेट और प्राध्यापकों को नोडल अधिकारी डॉ. मृदुला व्यास ने सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन की शपथ दिलाई। डॉ. उषा बालचंदानी, डॉ. प्रिया भारतीय, डॉ. विभा सिंह ने यातायात नियमों की जानकारी दी। संचालन डॉ. मृदुला व्यास ने किया। 

एमएसई-सीडीपी के क्लस्टर में शामिल होंगे नए सदस्य
एमएसएमई मंत्रालय से स्वीकृत मेसर्स हाईटेक सिल्क वीविंग एंड डिजाइनिंग क्लस्टर जगतपुर में निमार्णाधीन हैं। इसके संचालन के लिए नए एमएसएमई इकाइयों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र ने बताया कि यह क्लस्टर स्पेशल पर्पस व्हीकल (एसपीवी) उमराई फैशन मार्ट प्राइवेट लिमिटेड, लोहता से संचालित किया जा रहा है। जो भी एमएसएमई इकाइयां सिल्क एवं अन्य फैब्रिक उत्पादों के निर्माण से जुड़ी हुई हैं।

इस एसपीवी में सदस्य के रूप में शामिल होना चाहते हों, वे अमरनाथ मौर्या के मोबाइल नंबर 9415206547 या उपायुक्त उद्योग कार्यालय लहरतारा में किसी कार्य दिवस में संपर्क कर सकते हैं। इससे उनको एसपीवी में शामिल करने की कार्यवाही की जा सके। 

दो छात्रावासों में प्रवेश की तिथि 15 तक बढ़ी
समाज कल्याण विभाग की ओर से राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर और राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, आशापुर में प्रवेश की तिथि 15 अक्तूबर तक बढ़ाई गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद दूबे ने बताया कि पहले अंतिम तिथि 30 सितंबर थी। विद्यापीठ, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज व अन्य महाविद्यालयों में काउंसिलिंग में देरी की वजह से छात्रावासों के लिए अब तक 25 आवेदन पत्र जमा ही किए गए हैं। जो मानक से कम है। छात्रावास अधीक्षक कार्यालय से संपर्क कर छात्र आवेदन पत्र लेकर 15 अक्तूबर तक जमा कर सकते हैं। इसके बाद मौका नहीं मिलेगा। 

तेरे लिए मईया मैं लाई चुनरिया लाल लाल रे...
श्री काशी अग्रवाल समाज के श्री अग्रसेन जयंती समारोह की दूसरी कड़ी में गुरुवार को कुलदेवी महालक्ष्मी का शृंगार लक्सा स्थित लक्ष्मी मंदिर में किया गया। सभापति ने माता महालक्ष्मी का शृंगार और आरती की। इस अवसर पर भजन गायक राजन तिवारी व श्रद्धा पांडेय के भजनों पर अग्रवाल बंधुओं ने झूमकर नृत्य किया।

राजन तिवारी व श्रद्धा ने तेरे लिए मईया मैं लाई चुनरिया लाल लाल रे..., लहर लहर लहराए मेरे मां की चुनरिया... समेत कई देवी भजनों की प्रस्तुति दी। बैंजो पर दीना नाथ वलीदपुरी, आक्टोपैड पर सुधीर कुमार राय, ढोलक पर गौतम कुमार और सत्यम मिश्रा ने तबले पर संगत की। संचालन प्रधानमंत्री संतोष अग्रवाल कर्णघंटा, संयोजन योगेश अग्रवाल, आमोद अग्रवाल, राम बबुना, वेणुरंजन अग्रवाल और रमेश टेकरीवाल ने किया। इस अवसर पर शालिनी अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल मौजूद रहीं।

उधर, मैदागिन स्थित अग्रसेन वाटिका में अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस दौरान संस्थान के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, अनिल कुमार जैन, संजय अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, दिनेश, सचिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

विद्यापीठ गंगापुर परिसर में सीधे प्रवेश का अंतिम अवसर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर गंगापुर में संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा में पाठ्यक्रम में प्रवेश की तारीख बढ़ाई गई है। अभ्यर्थी सीधे ऑफलाइन आठ अक्टूबर तक प्रवेश ले सकते हैं। संचालित पाठ्यक्रमों की 60 फीसदी सीटों पर परिसर स्तर से सीधे प्रवेश लिया जा रहा है तथा बची हुई 40 फीसदी सीटों पर विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित, प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर प्रदान किया जाएगा। यह जानकारी समन्वयक डॉ.पी.एल.विजय ने दी।

शहीद हसन नसरुल्ला की याद में हुई मजलिस
रबी उल अव्वल की अंतिम जुमे रात को शहर भर में शिया समुदाय ने हसन नसरुल्ला की आत्मा की शांति के लिए मजलिस और दुआख्वानी की। दरगाह ए फातमान में मजलिस को खिताब करते हुए शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने कहा कि जुल्म जब हद से बढ़ता है तो मिट जाता है। सच्चा इंसान वो है जो जुल्म के खिलाफ आवाज उठाए और मजलूमों की हिमायत करे।

मजलिस में तफसीर जौनपुरी, हैदर मौलाई, साहब बनारसी, अंसार बनारसी ने कलाम पेश किए। दूसरी मजलिस को मौलाना जमीरूल हसन रिजवी ने खिताब किया। सदर इमामबाड़ा, लाट सरैयां, चौहट्टा लाल खां, पठानी टोला, बजरडीहा, रामनगर के शिया बाहुल्य इलाकों में भी मजलिस और दुआख्वानी करके शहीद हसन नसरुल्ला को याद किया गया।

अग्रसेन प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर मनाई गई जयंती
अग्रसेन सेवा संस्थान के तत्वावधान में गुरुवार को मैदागिन स्थित अग्रसेन वाटिका में अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर उन्हें नमन किया गया। संस्थान के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने कहा कि मात्र जयंती मनाने से ही हमारा उत्तरदायित्व पूरा नहीं होता, बल्कि हमें अग्रसेन महाराज के सिद्धान्तों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। तभी समाज का विकास सम्भव है।

अशोक अग्रवाल ने कहा कि अग्रसेन महाराज का सुप्रसिद्ध सिद्धान्त ‘एक रूपया-एक ईट’ एक सहायता प्रणाली नहीं है बल्कि उस व्यक्ति को समाज को जोड़कर समाज में हर व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित करता है। इस अवसर पर अनिल कुमार जैन, संजय अग्रवाल ‘गिरिराज’, संतोष अग्रवाल ‘कर्णघंटा’, पंकज अग्रवाल, दिनेश, सचिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

संसद में उठाएंगे छात्रसंघ बहाली का मुद्दा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ बहाली की मांग पर समाजवादी छात्रसभा का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन जारी रहा। गुरुवार को काशी विद्यापीठ पहुंचकर चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने अनिश्चितकालीन धरने का समर्थन करते हुए उपस्थित छात्रों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने छात्रसंघ तिथि बहाल होने तक की लड़ाई में साथ देने का आश्वासन दिया।

धरने पर बैठे छात्र नेताओं ने सांसद को ज्ञापन दिया और छात्रसंघ की बहाली व धरने पर बैठे छात्रों के मुद्दों को संसद में उठाने की बात रखी। धरने में राहुल सोनकर, आयुष यादव, अवधेश कुमार, राजसिंह यादव, प्रदीप यादव, अजय पटेल, आशुतोष तिवारी हर्षित, ऋषभ पांडेय मौजूद रहे।

भंडारे में कुंड आश्रम के 100 लोगों ने किया भोज
संकट मोचन स्थित कुष्ठ आश्रम में लायंस सेवा सप्ताह के अंतर्गत लायंस क्लब काशी की ओर से तकरीबन 100 लोगों को भोज कराया गया। मुख्य अतिथि बीपी श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि अनुज अग्रवाल रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि क्लब की ओर से सेवा भाव के तहत ये कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर असीम वर्मा, प्रमोद सिंह, अभिषेक कुमार, पंकज मौर्य आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

क्रिकेटर आकाश दीप ने विश्वनाथ धाम में मत्था टेका
मध्यम गति के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने गुरुवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। इसके बाद शाम को नौका विहार कर गंगा घाटों की छटा निहारी। बिहार के सासाराम निवासी आकाश दीप को उनके पिता ने क्रिकेट खेलने से मना किया था। लेकिन, 2010 में वह नौकरी की तलाश में पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर चले गए। अपने चाचा से मदद पाकर स्थानीय क्रिकेट अकादमी में खेलना शुरू किया।

2019 में उन्होंने बंगाल अंडर-23 टीम में जगह बनाई और उसी साल उन्होंने तीनों प्रारूपों में बंगाल के लिए अपना सीनियर डेब्यू किया। अपने दूसरे प्रथम श्रेणी मैच में, आकाश ने गुजरात के खिलाफ छह विकेट लिए और इस तरह बंगाल के लिए रणजी फाइनल में 18.02 की औसत से सीजन में 35 विकेट लिए। उन्होंने 2021 में आरसीबी की ओर से आईपीएल मैच भी खेला है।

डॉ. नवरत्न सिंह बने सोशल आउटरीच कांग्रेस के अध्यक्ष
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अंग्रेजी एवं अन्य विदेशी भाषा विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नवरत्न सिंह को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सोशल आउटरीच कांग्रेस के वाराणसी जनपद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। डॉ. सिंह को वाराणसी का अध्यक्ष नियुक्त होने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एवं सोशल आउटरीच कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रम पांडेय, आलोक तिवारी ने बधाई दी है।

भरतनाट्यम से की मां दुर्गा की आराधना
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संगीत एवं मंचकला संकाय के पंडित ओंकारनाथ सभागार में गुरुवासरीय संगीत सभा हुई। गुरुवार को संगीत सभा में युवा एवं प्रतिष्ठित कलाकारों ने स्वरांजलि दी। वादन और नृत्य की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

संगीत सभा की शुरूआत डॉ. निशांत चंद्रन के वायलिन वादन से हुई। उन्होंने वायलिन पर राग हंसध्वनि, राग कान्हड़ा और राग कल्याणी में निबद्ध मुत्थूस्वामी दीक्षितर, स्वाति तिरुनाल तथा संत त्यागराज की मधुर कृतियां प्रस्तुति की। मृदंगम पर डॉ. बी. सत्यवर प्रसाद ने संगत की। द्वितीय प्रस्तुति में शास्त्रीय युगल भरतनाट्यम की प्रस्तुति हुई। इसमें नागरंजीता एस तथा रूपम रघुवंशी ने मनोहारी प्रस्तुति दी।

दोनों ने नवरात्रि के अवसर पर प्रथम प्रस्तुति मां तू मंगल करनी...पर भरतनाट्यम किया। इसके बाद वक्रतुंड महाराज गणपतिम...के बाद जातिस्वरम...की मनोहारी प्रस्तुति से कार्यक्रम का समापन किया। तबले पर मोहित भादुड़ी, आनंद मिश्र, संवादिनि पर राघवेन्द्र शर्मा, वायलिन पर हेमंत कुमार तथा गायन में अलंकृता भट्ट ने सधी हुई संगति प्रदान की। संकाय प्रमुख प्रो. संगीता पंडित ने स्वागत किया। वाग्देवी माता सरस्वती, पंडित मदन मोहन मालवीय, पंडित ओंकार नाथ ठाकुर को पुष्पांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का आरंभ गायन विभाग की अलंकृता रॉय, शमयिता पंजा ने मंगल मूरति मारुति नंदन की प्रस्तुति से किया। कार्यक्रम समन्वयक डाॅ. रामशंकर, आयोजन सचिव डॉ. कुमार अंबरीष चंचल और संचालन कृष्ण कुमार उपाध्याय ने किया। इस दौरान प्रेमचंद्र होम्बल, डाॅ. स्वरवंदना शर्मा, प्रो. लयलीना भट्ट, प्रो. विधि नागर, डॉ. प्रेम नारायण सिंह उपस्थित रहे।

पूर्वांचल के लाखों किसानों को 5 अक्तूबर को मिलेगी किसान सम्मान निधि
पीएम किसान सम्मान निधि की 18वीं किस्त पांच अक्तूबर को खाते में आएगी। वहीं, अब तक वाराणसी मंडल के चार जिलों के 19,17,539 कृषकों के खाते में 4895.79 करोड़ रुपये आ चुके हैं। वाराणसी के उप कृषि निदेशक एके सिंह ने बताया कि पीएम-किसान योजना के तहत सभी भूमि धारक किसान परिवारों को सालाना 6000 रुपये का वित्तीय लाभ मिलता है।

वाराणसी में 2,84,146 किसानों को 746.29 करोड़ रुपये, चंदौली में 2,84,146 किसानों को 746.29 करोड़ रुपये, जौनपुर में 8,65,665 किसानों को 2120.00 करोड़ रुपये और गाजीपुर के 5,17,879 पात्र किसानों को 1357.88 करोड़ रुपये मिल चुके हैं।

बंद पड़े पैक हाउस को शुरू करने की मांग
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बृहस्पतिवार को कांग्रेसियों ने करखियाव में उद्घाटन के बाद से ही बंद पड़े पैक हाउस पर आक्रोश जताते हुए एसडीएम प्रतिभा मिश्रा को राज्यपाल के नाम पत्र दिया। कहा कि इंटीग्रेटेड पैक हाउस बंद होने से किसानों, उत्पादकों व निर्यातकों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर इसे शुरू करवाने की मांग की। इस दौरान राजीव कुमार राजू, श्री प्रकाश सिंह, रामसनेही पांडेय, राकेश सिंह, रतनलाल मौजूद रहे।

नैक में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी की सहभागिता जरूरी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मूल्यांकन के लिए नैक टीम का निरीक्षण सात से नौ अक्तूबर को होगा। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने विश्वविद्यालय के सभी संकाय के अध्यक्षों, निदेशकों और विभागाध्यक्षों के साथ ही छात्र-छात्राओं से आह्वान किया है कि काशी विद्यापीठ के इस महायज्ञ में सभी अपना योगदान सुनिश्चित करें। ताकि विश्वविद्यालय अपने स्वर्णिम इतिहास को पुनः प्राप्त कर सके।

कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि काशी विद्यापीठ की अच्छी नैक ग्रेडिंग के लिए छात्रों को विशेषकर अपना सकारात्मक योगदान देना होगा। इससे एक बेहतर भविष्य का आधार तैयार हो सके। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयास को देखते हुए काशी विद्यापीठ को भी अपना बेहतर प्रदर्शन करने का मौका है।

उन्होंने कहा कि काशी विद्यापीठ के चहुंमुखी विकास के साथ ही प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए नैक में अच्छी ग्रेडिंग लेनी ही होगी, क्योंकि आने वाले स्वर्णिम भारत में छात्रों/युवाओं की महती भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि इस महायज्ञ को सफल बनाने के लिए कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल भी लगातार इस दिशा में अपना मार्गदर्शन दे रही हैं। इसे देखते हुए हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

काशी द्वार के विरोध में पिंडरा तहसील में धरना 5 अक्तूबर को
संयुक्त किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले 5 अक्तूबर को काशी द्वार आवासीय योजना को रद्द करने की मांग को लेकर एक बार फिर पिंडरा तहसील में किसान धरना प्रदर्शन करेंगे। यह निर्णय पूरारघूनाथपुर, चकिन्दर, मानापुर, रमईपुर चूप्पेपुर, बड़ेपुर, पिंडराई, पिंडरा, समोगरा,कैथोली बेलवां, बहुतरा, बसनी जद्दूपुर गांव में जनजागरण अभियान के दौरान लिया गया। मोर्चा के पदाधिकारी संतोष पटेल ने बताया कि 947 एकड़ में विकसित होने वाली योजना के विरोध में उक्त गांव के किसान विरोध कर रहे हैं। 

कैंट विधायक ने सुनीं लोगों की समस्याएं
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने गुरुवार को महमूरगंज के शिवाजी नगर जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई की। कई नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया। इस दौरान वैभव मिश्रा, अभिषेक मौजूद रहे। गुरुवार को नरिया वार्ड के रोहित नगर और साकेत नगर में 42.53 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग सड़कों और नाली-पटरी निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर कृष्णा तिवारी, अरविंद पटेल, अंशु माली, प्रताप सिंह, कृष्ण मुरारी सिंह, हरिशंकर मौजूद रहे।

एआरटीओ ने दी यातायात नियमों की जानकारी
प्रदेश भर में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 2 से 16 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। दूसरे दिन गुरुवार को एआरटीओ (प्रवर्तन) श्यामलाल ने टीम के साथ शहर में बस, ऑटो, ई-रिक्शा, ट्रक और अन्य वाहन चालकों को जागरूक किया। बताया कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही वाहनों के रिफ्लेक्टर टेप लगाया गया। ताकि रात्रि में होने वाली घटनाओं में कमी लाई जा सके।

पिंडरा विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों संग की बैठक
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर न्यू टर्मिनल बिल्डिंग में गुरुवार को पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि पूरे क्षेत्र का सघन दौरा कर सड़कों की जांच कर पंडाल और मूर्ति विसर्जन वाले मार्गों को तुरंत ठीक कराएं। पंडाल में स्वच्छता की पूरी व्यवस्था और पुलिस की व्यवस्था रहे।

साथ ही मूर्ति विसर्जन का स्थान देखकर तालाबों में पानी भरवाने के लिए कहा। बैठक में उपजिलाधिकारी पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एसीपी प्रतीक कुमार, तहसीलदार विकास पांडेय, खंड विकास अधिकारी पवन सिंह, सहायक पंचायत अधिकारी सुनील सिंह मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed