सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे सपाई, पुलिस ने बरसाईं लाठियां, 160 लोगों पर मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार की नीतियों के खिलाफ समाजवादी पार्टी के युवा फ्रंटल संगठनों ने वाराणसी में जिला मुख्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। धक्का-मुक्की के बीच पुलिस ने ताबड़तोड़ बल प्रयोग कर 60 से 70 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पथराव किया। देर रात दस ज्ञात और 150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन भेजा। महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है। डीएम से मिलकर अपनी बात कहने जा रहे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज शर्मनाक है। हमारे कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। इसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा।
सरकार की नीतियों से खफा सपा के लोहिया वाहिनी, युवजनसभा, छात्र सभा, यूथ ब्रिगेड के युवा कार्यकर्ताओं ने अर्दली बाजार स्थित पार्टी कार्यालय से जुलूस निकाला। डीएम से मिलने जा रहे कार्यकर्ताओं को जिला मुख्यालय पर पहुंचते ही पुलिस ने लोहे की बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
धक्का-मुक्की के बीच काफी देर तक हल्ला हंगामा चलता रहा। बेरोजगारों को काम दो की तख्तियां हाथों में लेकर कार्यकर्ता योगी सरकार मुर्दाबाद, अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। कार्यकर्ताओं के नहीं मानने पर पुलिस ने ताबड़तोड़ बल प्रयोग कर उनकी गिरफ्तारी कर पुलिस लाइन भेजा।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के संबंध में शिवशंकर यादव, अमन यादव, किशन दीक्षित, राहुल सोनकर, किशन सेठ, राहुल सिंह यादव, संदीप सिंह साव, दीपचन्द गुप्ता, रविकान्त विश्वकर्मा, अखिलेश यादव और लगभग 150 अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में इंस्पेक्टर कैंट राकेश कुमार सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।