यूपी: बनारस में एंबुलेंस न मिलने पर महिला का शव स्ट्रेचर पर घर लेकर गए परिजन, डीएम ने भेजा नोटिस
वाराणसी के मंडलीय अस्पताल में शनिवार रात को एंबुलेंस न मिलने पर परिजन महिला का शव स्ट्रेचर पर रखकर घर पर ले गए। इस मामले में जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने संज्ञान लिया और मंडलीय अस्पताल को नोटिस जारी किया है।
वाराणसी में शनिवार की रात एक महिला की मौत के बाद उसे घर ले जाने के लिए एंबुलेंस न मिलने पर स्ट्रेचर पर ही परिजनों द्वारा उसके शव को घर ले जाने की खबर का जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए मंडलीय अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है।
अमर उजाला में रविवार को "नहीं मिली एंबुलेंस स्ट्रेचर पर शव लेकर गए परिजन" शीर्षक से प्रकाशित खबर का का जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने संज्ञान लिया है। इस मामले पर डीएम ने मंडलीय अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ प्रसन्न कुमार को नोटिस जारी करते हुए 3 अगस्त तक जवाब देने को कहा है।
नोटिस में जिलाधिकारी ने महिला की मौत के बाद परिजनों द्वारा एंबुलेंस को फोन करने, एंबुलेंस न मिलने और स्ट्रेचर पर ही महिला को लेकर निकल पड़ने के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का भी जिक्र किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि इससे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की छवि धूमिल हुई है।
महामारी के संकट के दौर में मरीजों का बेहतर उपचार करने और समय से उपलब्ध कराए जाने का निर्देश शासन द्वारा दिया जा रहा है। इसके बाद भी घटना अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है। इससे साबित होता है कि लापरवाही और उदासीनता बरती जा रही है। जिलाधिकारी ने 3 अगस्त तक प्रमुख अधीक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया है।