वाराणसी: मुख्तार अंसारी गिरोह से जुड़े मछली कारोबारी सहित तीन गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मऊ जिले के सदर विधायक मुख्तार अंसारी के गिरोह से जुड़े पूर्वांचल के लोगों पर इन दिनों पुलिस चौतरफा प्रहार कर रही है। जहां एक ओर मुख्तार गिरोह से जुड़े पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों के बदमाशों की धरपकड़ जारी है। वहीं, दूसरी ओर इस गिरोह की शह पर मछली की प्रतिबंधित प्रजातियों का बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से कारोबार करने वाले लोगों को चिह्नित कर उन पर भी शिकंजा कस रही है।
इसी क्रम में सोमवार की सुबह वाराणसी के कैंट थाने की पुलिस ने नदेसर क्षेत्र निवासी मछली के बड़े कारोबारी मोहम्मद सलीम और उसके सहयोगियों राजेश व आनंद को गिरफ्तार किया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि सलीम अवैध तरीके से मछलियों की प्रतिबंधित प्रजातियों का व्यापार करता है। मछली मंडियों से सलीम वसूली भी करता है।
इसके अलावा मुख्तार अंसारी गिरोह से सलीम लगभग 20 साल से ज्यादा समय से जुड़ा हुआ है। बनारस में मुख्तार गिरोह से जुड़े लोगों की जमानत कराने और उनकी आर्थिक मदद करने में भी सलीम की अहम भूमिका रहती है। मुख्तार गिरोह से जुड़े कुछ अन्य लोग भी चिह्नित किए गए हैं। उन सभी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
वहीं शुक्रवार विधायक की पत्नी के नाम जारी शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने लखनऊ गई गाजीपुर पुलिस टीम ने नोटिस का तामिला करा दिया है। वहां नोटिस तामिल कराने के बाद विधायक के एक करीबी का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करते हुए दो असलहे लेकर पुलिस लौट आई है।
पुलिस के मुताबिक मऊ विधायक मुख्तार अंसारी के करीबियों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। अबतक उनके परिजनों एवं समर्थकों के 19 शस्त्र लाइसेंसों के निरस्तीकरण की कार्रवाई जारी है। इनमें से नौ लोगों का लाइसेंस निरस्त कर असलहों को जमा कराया जा चुका है।