एक सप्ताह देरी से पहुंचेगा मानसून, सूरज की तल्खी बढ़ी, तापमान बढ़ने के आसार
- 15 जून के बाद से वाराणसी समेत आसपास के जिलों में प्री मानसून की बारिश भी देखने को मिल सकती है।
- औसतन जून महीने में जहां 40 से 50 मिलीमीटर बारिश होती है, वहीं इस बार अब तक एक दिन में ही 64.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
- फिलहाल मौसम सामान्य रहने की है संभावना, अगले कुछ दिनों के अंदर तापमान में होगी बढ़ोतरी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम तौर पर जून महीने में गर्मी अधिक रहती है और तापमान भी 40 से 45 डिग्री सेल्सियस रहता है लेकिन इस बार मौसम का मिजाज एकदम बदला-बदला सा है। जून का पहला सप्ताह बीतने के बाद भी अधिकतम तापमान कभी 27 तो कभी 33 से 36 डिग्री रह रहा है। इस बार जून महीने में अब तक बारिश भी ठीक हुई।
वाराणसी समेत पूर्वांचल में आमतौर पर 20 से 22 जून तक आने वाले मानसून के इस साल एक सप्ताह देरी से पहुंचने के आसार हैं और मानसून 30 जून तक सक्रिय होगा। अगर बारिश की बात करें तो औसतन जून महीने में जहां 40 से 50 मिलीमीटर बारिश होती है, वहीं इस बार अब तक इस महीने में एक दिन में ही 64.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि इस साल अच्छी बारिश के भी संकेत हैं। जून का महीना मानसून का महीना होता है और इसमें बारिश भी होती रहती है। 15 जून के बाद से वाराणसी समेत आसपास के जिलों में प्री मानसून की बारिश भी देखने को मिल सकती है। मानसून 10 जून को कोलकाता और मुंबई में पहुंचता है, जिसमें अरब सागर से चलने वाला मानसून मुंबई और बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून कोलकाता जाता है। पूर्वांचल में पहुंचने में करीब 10 से 12 दिन का समय लगता है लेकिन इस बार अभी मानसून पिछड़ गया है।
दस साल बाद इस तरह का बदलाव :
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के मुताबिक मौसम में जिस तरह का बदलाव इस समय हुआ है, इस तरह की स्थिति कम ही देखने को मिलती है। करीब 10 साल बाद इस तरह का मौसम हुआ है। जून का तापमान आमतौर पर 40 से 45 डिग्री रहता है लेकिन इन दिनों तापमान 30 से 36 डिग्री तक आ गया है, जो कि बहुत कम ही देखने को मिलता है। मानसून आने से पहले तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
जून में अब तक का तापमान
अधिकतम न्यूनतम
07 जून 36.8 24.2
06 जून 33.0 22.8
05 जून 27.6 21.6
04 जून 29.6 24.6
03 जून 36.0 27.6
02 जून 36.0 27.1
01जून 37.0 26.2
चार दिन पहले हुई झमाझम बारिश, नम हवाओं के चलने से जहां मौसम खुशनुमा हो गया था, वहीं रविवार को धूप बहुत तेज रही। उधर हवा न चलने से उमस भी अधिक रही और लोग गर्मी से परेशान रहे। यही कारण है कि शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री से बढ़कर 36.8 पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 22.8 से दो डिग्री बढ़कर 24.2 रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के मुताबिक इस सप्ताह धूप इसी तरह तेज रहेगी। 15 जून के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव होने और बूंदाबांदी की संभावना है।