बदमाशों का दुस्साहस: वाराणसी में हेड कांस्टेबल की पत्नी की चेन लूटी, बदमाशों की छीनाझपटी में सड़क पर गिरीं
वाराणसी जिले में बदमाशों के होसले बुलंद हैं। यही वजह है कि मॉर्निंग वॉक पर निकली हेड कांस्टेबल की पत्नी के गले से बदमाशों ने चेन छीन लिया। छीनाझपटी में महिला सड़क पर गिरीं, जिससे उन्हें चोट लगी।
विस्तार
वाराणसी जिले के मंडुवाडीह चौराहे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक हेड कांस्टेबल की पत्नी के गले पर झपट्टा मार कर सोने की चेन लूट ली। बदमाशों की छीनाझपटी में महिला सड़क पर गिर पड़ी और उनकी गर्दन पर चोट लग गई। सूचना पाकर मंडुवाडीह थाने की पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।
यह है पूरा मामला
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के ताड़केश्वर नगर निवासी सुभाष कुमार प्रयागराज में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। सुभाष की पत्नी मनीषा कुमारी सुबह लगभग 5:30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। वह मंडुवाडीह चौराहे के पास सड़क के किनारे पहुंची थी, तभी बाइक चला रहे नकाबपोश बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मार कर उनकी चेन खींच ली। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से ककरमत्ता की ओर तेजी से भाग निकले।
सूचना पाकर मंडुवाडीह थानाध्यक्ष, एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और एडीसीपी वरुणा जोन सरवणन टी के साथ मौके पर डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना पहुंचे। उन्होंने महिला से घटना की जानकारी ली। घटना के खुलासे के लिए मंडुवाडीह थाने की पुलिस और वरुणा जोन की एसओजी की तीन टीमें गठित की गई हैं।
छोटी घटनाओं की अनदेखी बनी वजह, लगाई फटकार
वरुणा जोन: हत्या की तीन और लूट की तीन घटनाओं का खुलासा बना चुनौती
कमिश्नरेट के वरुणा जोन में गत एक महीने में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। हत्या की तीन और लूट की तीन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अंधेरे में तीर चलाते नजर आ रही है। इसके चलते पीड़ित परेशान हैं और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
चोलापुर थाना क्षेत्र के गुरवट गांव में किराये पर रहने वाले संतोष सिंह और उसकी पत्नी आरती की हत्या गत 12 अगस्त की रात की गई थी। लाख प्रयास के बाद भी पुलिस इस मामले की गुत्थी नहीं सुलझा सकी। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक टीम क्राइम सीन रिक्रिएट करेगी तो स्थिति स्पष्ट होगी।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिरनाथीपुर गांव में सिगरेट न देने पर 12 सितंबर की आधी रात बाद दुकानदार शारदा यादव की गोली मार हत्या कर दी गई। पुलिस ने साजिशकर्ता और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मगर, गोली मारने वाले कौन थे, यह अभी भी पहेली बना हुआ है।
इसी तरह से गत 18 सितंबर को रोहनिया थाना क्षेत्र के खनाव गांव में बदमाशों ने व्यापारी बृजपाल की चेन बदमाशों ने छीन ली थी। इसके बाद चोलापुर थाना क्षेत्र के कटहलगंज चौराहे के पास वृद्धा शीला पांडेय की चेन बदमाशों ने छीन ली थी। फिर, भदवर में वंदना पाठक का आभूषण और नकदी से भरा पर्स बदमाश लूट लिया था।