काशी में पीएम मोदी: क्रूज पर सवार मुख्यमंत्रियों के साथ जलविहार, भव्य गंगा आरती को अपलक निहारते रहे
पीएम मोदी के स्वागत के लिए काशी में दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ को समर्पित रही।
विस्तार
‘न भूतो न भविष्यति’ की तर्ज पर काशी विश्वनाथ धाम को भक्तों को समर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम में जलविहार कर घाटों पर मनाए जाने वाले उत्सव को निहारने के लिए निकले। इस दौरान पीएम मोदी की जलयान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम योगी के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
पीएम मोदी रविदास घाट से विवेकानंद क्रूज पर सवार हुए। यहां क्रूज पर पहले से सवार हरियाणा, असम, गोवा, मध्य प्रदेश समेत 11 राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पीएम का स्वागत किया। इसके बाद पीएम नौका विहार करते हुए दशाश्वमेध घाट तक पहुंचे। गंगा आरती के दौरान घाटों पर रंग बिरंगी बत्तियों से की गई सजावट और दीपोत्सव को देख पीएम अभिभूत दिखे।
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद शहर में देव दीपावली जैसा नजारा है। काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों पर दीपमाला सजाई गई है। इस पूरे नजारे को देखने के लिए पीएम मोदी ने अस्सी घाट तक जल विहार किया। गंगा आरती वाले घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम ये रहा कि कहीं पैर रखने तक की जगह नहीं रही।
लेजर लाइट शो का लिया आनंद
पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं ने हाथ जोड़कर मां गंगा को प्रणाम किया। फिर हाथ हिलाकरअभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद पीएम का क्रूज मेहता घाट पर रूका। यहां हो रहे लेजर लाइट शो को पीएम समेत सभी लोग अपलक निहारते रहे। पीएम के साथ कई राज्यों के मुख्यमंत्री इस अद्भुत आयोजन के साक्षी बने।
काशी विश्वनाथ को समर्पित रही गंगा आरती
पीएम मोदी के स्वागत के लिए गंगा सेवा निधि द्वारा दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ को समर्पित रही। माता गंगा और भगवान शिव का सानिध्य श्रद्धालुओं को एक साथ देखने को मिला। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि सोमवार को मां गंगा की आरती 9 अर्चक और 21 देव कन्याओं ने उतारी।
गंगा आरती में दशाश्वमेध घाट को भव्य रूप से फूल मालाओं से सजाया गया। इसके साथ ही 11 हजार दीये दशाश्वमेध घाट पर जलाए गए। कुछ घाटों पर लेजर लाइट शो भी आयोजित किया गया है। सुशांत मिश्रा ने बताया कि नियमित रूप से होने वाली गंगा आरती सात अर्चक द्वारा ही की जाती थी। मगर आज 9 अर्चक सहित रिद्धि-सिद्धि के रूप में 21 देव कन्याएं भव्य रूप से मां गंगा की आरती रही हैं।
आतिशबाजी देख भावविभोर हुए पीएम मोदी
पीएम मोदी का क्रूज जब अस्सी घाट पहुंचा तो गंगा पार रेती पर आतिशबाजी हुई। करीब सात मिनट तक आसमान सतरंगी रोशनी में डूबा रहा। आतिशबाजी देख पीएम के साथ आए मुख्यमंत्री और घाट पर मौजूद सैलानी भावविभोर हो उठे। इस दौरान अद्भूत नजारा रहा।
एक तरफ जहां नए अस्सी घाट पर शिव तांडव बज रहा था तो उसपार रेती पर एक के बाद एक आसमान में सतरंगी पटाखे फूटने शुरू हो गए। नजारा काफी भव्य हो गया। घाट पर मौजूद एक एक सैनालियों में इस विहंगम दृश्य को अपने मोबाइल में कैद करने की होड़ मच गई।
