दौराः आज वाराणसी आएंगे गृहमंत्री अमित शाह और सीएम योगी, एयरपोर्ट से विश्वनाथ मंदिर तक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर रहीं। रविवार को उनके आगमन से पूर्व बाबतपुर से लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक की सड़कों को दुरुस्त कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार शाम मिर्जापुर से वाराणसी लौटेंगे। दोनों के आगमन की सूचना जिला प्रशासन के पास आ गई है। पत्र के अनुसार मंत्री संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरेंगे। हेलीपैड से सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे, जहां दर्शन-पूजन और विश्वनाथ धाम का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद गृहमंत्री और मुख्यमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट से रवाना हो जाएंगे।
गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देख प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर रहीं। रविवार को उनके आगमन से पूर्व बाबतपुर से लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक की सड़कों को दुरुस्त कराया जा रहा है। साफ-सफाई के साथ सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जा रही हैं।
मंदिर परिसर में भी व्यवस्थाओं को ठीक किया जा रहा है। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वीआईपी आगमन के दौरान किसी प्रकार की कोई कमी न रहे। वहीं, सफाई से लेकर सड़कों को दुरुस्त करने का काम देर रात तक जारी रहा। वहीं, मंदिर से ललिता घाट के बीच चल रहे कार्य स्थल के पास हरा पर्दा लगाया गया। जहां बारिश से कीचड़ हो गया है वहां गिट्टियां डाली गई हैं। रेड कार्पेट भी बिछाया जा रहा है
गृह मंत्री शाह के आगमन को लेकर पुलिस आयुक्त ने जांची सुरक्षा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के काशी दौरे को लेकर एयरपोर्ट से लेकर बाबा विश्वनाथ मंदिर तक की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई। शनिवार को पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों संग संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में हेलीपैड स्थल का जायजा भी लिया।
मिर्जापुर से आगमन के दौरान अमित शाह सेना के हेलीकाप्टर से संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी के खेल मैदान पर उतरेगा। इस दौरान एयरपोर्ट पर भी सीआईएसएफ ने अपनी तैयारियों को परखा। उधर, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा और बाबतपुर एयरपोर्ट स्थित एक निजी अस्पताल में सेफ हाउस बनाया गया। यहां चिकित्सकों की तैनाती भी कर दी गई।
गृहमंत्री अमित शाह का मिनट टू मिनट
5:10 बजे- मिर्जापुर से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आगमन
5:25 बजे - श्री काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन पूजन और धाम का निरीक्षण
6:05 बजे - संपूर्णानंद हेलीपैड से रवाना
6:20 बजे - बाबतपुर एयरपोर्ट पर आगमन
6:25 बजे - बाबतपुर से प्रस्थान
शाम 4.30 से 6.30 तक संभल कर निकलें, इन मार्गों पर नहीं वाहन प्रवेश पर रोक
वीवीआईपी आगमन के मद्देनजर रविवार को कई क्षेत्रों में वाहनों के आवागमन के मार्गों में परिवर्तन किया गया है। इसमें संपूर्णानंद विश्वविद्यालय हेलीपैड से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाने के मार्ग पर रूट डायवर्जन किया गया है। जो शाम 4.30 से 6.30 बजे तक जारी रहेगा। इसमें परिवर्तन भी किया जा सकता है। यह प्रतिबंध वीवीआईपी के मार्ग के गुजरने के समय से 15 मिनट पहले रहेगा। सभी वाहन पास भी स्थगित रहेंगे। हालांकि, एंबुलेंस व शव वाहन प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
इन इलाकों में डायवर्जन
वीवीआईपी के आने और जाने के समय चौकाघाट लकड़ मंडी से वाहनों को चौकाघाट चौराहे की तरफ, लकड़मंडी से गोलगड्डा तिराहा व चौकाघाट चौराहा की तरफ, चौकाघाट चौराहा से अंधरापुल-कैंट की तरफ, मरीमाई तिराहा से मलदहिया व अंधरापुल की तरफ, जगतगंज तिराहा सेे संपूर्णानंद वीसी आवास की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।
वहीं, क्वींस इंटर कॉलेज तिराहा से वाहनों को रामकटोरा की तरफ, लहुुराबीर चौराहा से मलदहिया चौराहा की तरफ, जयसिंह चौराहा से वाहनों को मलदहिया चौराहा की तरफ , मैदागिन चौराहा से विशेश्वरगंज की तरफ, गोलगड्डा तिराहा की तरफ , पिपलानी कटरा सेे रामकटोरा चौराहा की तरफ, लहुराबीर चौराहा सेे जयसिंह व मलदहिया चौराहा की तरफ, बेनिया तिराहा से पियरी चौकी तिराहा की तरफ, रामापुरा चौराहा से लक्सा व भेलूपुर की तरफ, गुरुबाग तिराहा सेे नीमामाई तिराहा व कमच्छा की तरफ, सोनारपुरा चौराहा सेे भेलूपुर चौराहा की तरफ, मैदागिन चौराहा सेे विशेश्वरगंज तिराहा की तरफ डायवर्ट किया गया है।