फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News Gun Fires During Security Check at Babatpur Airport Two Female Staffers Injured

UP: वाराणसी एयरपोर्ट पर शिवसेना नेता की पिस्टल से चली गोली, महिला कर्मी समेत दो लोग घायल; सिक्योरिटी अलर्ट

Sun, 16 Aug 2026 11:23 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 16 Aug 2026 11:23 AM IST
सार

Varanasi News: मुंबई जाने वाली उड़ान के यात्री के हथियार की जांच के दौरान अचानक एक राउंड गोली चल गई। गोली लगने से एएआईसीएलएएस के दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पुलिस को देकर जांच शुरू कर दी गई है।

विज्ञापन
Varanasi News Gun Fires During Security Check at Babatpur Airport Two Female Staffers Injured
वाराणसी एयरपोर्ट पर गोली चलने से दो कर्मचारी घायल। - फोटो : संवाद

विस्तार

Varanasi Airport: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार की सुबह शिवसेना (शिंदे गुट) नेता कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई। इससे महिला सुरक्षा कर्मी सुमन कुमारी और रोहित राज घायल हो गए। दोनों को हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुमन के दोनों पैरों और रोहित के बाएं हाथ के अंगूठे को छूते हुए गोली निकली थी।

विज्ञापन


डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति सामान्य है। इलाज चल रहा है। यह वारदात पिस्टल की जांच के दौरान हुई है। कमलेश के पास से पिस्टल और 21 गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि कमलेश और उनके बेटे के पास तीन-तीन शस्त्र लाइसेंस हैं। भाई के नाम से एक शस्त्र लाइसेंस है। 

विज्ञापन

Varanasi News Gun Fires During Security Check at Babatpur Airport Two Female Staffers Injured
एयरपोर्ट पर पहुंची पुलिस। - फोटो : संवाद

मामले में फूलपुर थाने की पुलिस ने शिवसेना नेता कमलेश राय के खिलाफ ऑर्म्स एक्ट सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी और मुंबई के शिवसेना नेता कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ मुंबई जाने के लिए रविवार की सुबह एयरपोर्ट पहुंचे थे। 

उन्हें एयर इंडिया एक्सप्रेस से उड़ान भरना था। ट्रैवलिंग बैग में ऑल इंडिया परमिट वाली लाइसेंसी पिस्टल थी। सुबह करीब 9:30 बजे चेकिंग के दौरान स्कैनिंग कर्मी रोहित राज पिस्टल की जांच कर रहे थे। मैगजीन निकालने के दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली फर्श से टकराकर सामने खड़ी सुरक्षा कर्मी सुमन कुमारी के दोनों पैरों में जा लगी। रोहित राज के हाथ के अंगूठे में भी गोली का छर्रा लग गया। गोली की आवाज से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। 

विज्ञापन

Varanasi News Gun Fires During Security Check at Babatpur Airport Two Female Staffers Injured
अस्पताल में इलाज के दाैरान घायल। - फोटो : संवाद

यात्रियों को लगा कि किसी ने हमला कर दिया है। एएआई कार्गो लॉजिस्टिक्स एंड एलाइड सर्विसेज कंपनी लिमिटेड (एएआईसीएलएएस) में कार्यरत दोनों सुरक्षा कर्मियों को हरहुआ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। डीसीपी गोमती जोन, एसीपी पिंडरा और फूलपुर थाने की पुलिस ने भी जांच की है। 

कमलेश के परिवार में सात शस्त्र लाइसेंस
पुलिस ने कमलेश राय से पूछताछ की गई है। इससे पता चला कि परिवार में सात शस्त्र लाइसेंस हैं। कमलेश हमेशा दो सुरक्षा कर्मियों के साथ चलते हैं। उनके नाम पर पिस्टल, रायफल समेत तीन शस्त्र लाइसेंस हैं। बेटे रितेश के नाम तीन और भाई शैलेश राय के नाम एक लाइसेंस है।

विज्ञापन

बिहार के रहने वाले हैं घायल सुरक्षाकर्मी
बिहार के गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सुमन कुमारी और बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के अंबेर, रोहेड़ी रोड निवासी रोहित राज, 28, एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में स्कैनिंग कर्मी हैं।फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि कमलेश राय मुंबई में नगर सेवक रह चुके हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के साथ शिवसेना से जुड़े हुए हैं। आजमगढ़ के सगड़ी क्षेत्र में उनका महाविद्यालय संचालित है। 

शिवसेना के टिकट पर चुने गए थे नगर सेवक
फूलपुर पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि कमलेश राय वर्ष 2002 में शिवसेना के टिकट पर नगर सेवक चुने गए थे। करीब दो साल बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद तत्कालीन कांग्रेस नेता संजय निरुपम के साथ चले गए। 2007 में महिला सीट होने के बाद पत्नी सुषमा राय चुनाव लड़ीं और नगर सेवक चुनी गईं। वर्ष 2012 में वह चुनाव हार गईं। 2017 में कांग्रेस के टिकट पर कमलेश राय दोबारा नगर सेवक चुने गए। 2026 में वे शिंदे गुट में शामिल हो गए। अब उनके बेटे रितेश राय शिवसेना शिंदे गुट से नगर सेवक चुने गए हैं। इस तरह करीब दो दशक से अधिक समय से राय परिवार की मुंबई की स्थानीय राजनीति में सक्रियता बनी हुई है।

पहले भी एयरपोर्ट पर मिल चुकी है पिस्टल, गोलियां
27 अगस्त 2025 : यात्री के हैंडबैग से गोलियां बरामद हुई थीं।
4 जनवरी 2026 : .32 बोर की मैगजीन और छह गोलियां यात्री के बैग से मिली थीं। यात्री के पास शस्त्र लाइसेंस था।
23 जनवरी 2026: दिल्ली जाने वाले एक यात्री के बैग से एक गोली बरामद हुई थी।
16 अगस्त 2026 को लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग का मामला सामने आया।

लाइसेंसी पिस्टल की डिटेल और राउंड की संख्या दर्ज किए जाने के क्रम में पिस्टल की मैगजीन निकाली गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिस्टल के चैंबर में एक गोली थी और पिस्टल को हैमर की स्थिति में लाने के दौरान ट्रिगर दब जाने से फायरिंग हुई। चेकिंग और सुरक्षा ड्यूटी में तैनात दो कर्मियों को गोली लगी है। -नीतू, डीसीपी गोमती जोन
 
यात्री ने पिस्टल होने की सूचना पहले दी थी। एयर इंडिया की फ्लाइट से उसे मुंबई जाना था। जांच के दौरान ही फायरिंग हो गई। संभवत: एक गोली मैगजीन में रह गई थी और अचानक एक राउंड फायरिंग हो गई। गोली चली तो पहले नीचे फर्श पर टकराई और फिर जाकर सुरक्षा कर्मी सुमन के पैरों और रोहित राज के बाएं हाथ के अंगूठे में लग गई। -पुनीत गुप्ता, एयरपोर्ट निदेशक

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed