वाराणसी: कार्डियक अटैक से चुनाव पर्यवेक्षक का निधन, मणिकर्णिका घाट पर कुछ देर में होगा अंतिम संस्कार
खंड शिक्षक निर्वाचन के पर्यवेक्षक सीनियर आईएएस अजय कुमार सिंह का शनिवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। वाराणसी के मकबूल आलम रोड स्थित शुभम अस्पताल में वेंटिलेटर पर उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की सूचना पर आला अधिकारी अस्पताल पहुंच गए।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि सुबह साढ़े 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वर्ष 1998 बैच के सीनियर आईएएस अफसर अजय कुमार को शुक्रवार की सुबह सर्किट हाउस कार्डियक अरेस्ट होने के बाद शुभम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पहले तो एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया गया, बाद में उनकी सेहत में कोई सुधार न होता दे अभी वाराणसी में ही रखकर इलाज करने की बात हुई। इमरजेंसी में उन्हें सीपीआर देने के साथ ही लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया।
उनकी नाजुक हालत के चलते उन्हें एयरलिफ्ट नहीं किया गया। उधर शुक्रवार की दोपहर में चुनाव आयोग ने हेलीकॉप्टर मुहैया कराकर उनकी पत्नी आइएएस नीना शर्मा को वाराणसी पहुंचाया था। निधन की सूचना के बाद कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा, एसएसपी अमित पाठक अस्पताल पहुंचे।
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि शिक्षक एमएलसी चुनाव के आब्जर्वर अजय कुमार सिंह की अंत्येष्टि काशी के मणिकर्णिका घाट पर शाम चार बजे की जाएगी।