Varanasi News: रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में 63 करोड़ से होंगे विकास कार्य, जल्द शुरू होगा काम
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में 63 करोड़ से विकास कार्य होंगे। अटल मिशन के अंतर्गत शासन से 63.73 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं।
विस्तार
यूपीसीडा की ओर से रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में पटनवां से सिंधिताली मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 एवं फेज-2 में सीसी ड्रेन, सड़क अपग्रेडेशन, फुटपाथ बनाने के साथ ही पौधरोपण का काम कराया जाएगा।
मंडलायुक्त ने बताया कि विद्युत निगम ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में 33/11 केवी नए सब-स्टेशन बनाने के लिए 4.16 करोड़ का बजट शासन से मांगा है। उद्यमियों पर पेनाल्टी के तौर पर अतिरिक्त बिल भेजने के संबंध में बताया कि जांच करने के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया गया है। 15 दिन में रिपोर्ट मिलेगी।
सीडा में विद्युत संबंधी समस्याओं के संबंध में बिजनेस प्लान 2024-25 के अंतर्गत क्षमता वृद्धि के कार्यों की स्वीकृति के लिए विद्युत निगम ने 26 दिसंबर को वहां कैंप लगाने के निर्देश दिए।
अवैध ईंट भट्ठा निर्माण और उनसे होने वाले प्रदूषण के संबंध में मंडलायुक्त ने जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली और वाराणसी के डीएम को सभी अवैध भट्ठे बंद कराने के निर्देश दिए। इस दौरान लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने पड़ाव चौराहा से रामनगर तक बनने वाली चार लेन सड़क निर्माण का उचित मुआवजा देने की मांग की।
उद्यमियों की चहारदीवारी को बिना सूचना, बिना नोटिस, दिए बुलडोजर से तोड़ने का विरोध जताया। कमिश्नर ने कहा कि जिन लोगों के पास जमीन के कागज हैं, उन्हें पूरा मुआवजा दिया जाएगा।