वाराणसी में सीएम योगीः प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों से कहा- सौगात देने आ रहे पीएम मोदी का करें भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 अक्तूबर को मेंहदीगंज गांव में आयोजित जनसभा की अब तक की हुई तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंच गए। उन्होंने जर्मन हैंगर पंडाल, मंच समेत हैलीपैड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं का लाभ जनता को तुरंत मिले। प्रधानमंत्री सौगात देने के लिए अपने संसदीय क्षेत्र में आ रहे हैं, ऐसे में उनका स्वागत काशी की परंपरा के अनुरूप किया जाए। कोरोना टीकाकरण के 100 करोड़ के लक्ष्य को पूरा करने को उत्सव के रूप में लोगों के बीच में मनाएं।
इससे पूर्व प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियां परखने मुख्यमंत्री सीधे जनसभा स्थल पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पर चर्चा की। इसके बाद सर्किट हाउस में उन्होंने कहा कि रिंग रोड काशी के लिए बड़ा तोहफा है और उसी के अनुसार शहर में बदलाव दिखना चाहिए।
ये भी पढ़ें- प्रतिज्ञा यात्रा: प्रमोद तिवारी बोले- देश को बचाने के लिए आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ रही है कांग्रेस
परियोजनाओं का संदेश लोगों में जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग के उपयोग से जनता को राहत मिलेगी। इन सभी परियोजनाओं से होने वाले बदलाव का भी संदेश लोगों के बीच में जाना चाहिए। इससे पहले पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसभा में हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए।
पढ़ेंः सिद्धार्थनगर से हेलीकॉप्टर से जनसभा स्थल पहुचेंगे पीएम, बाबतपुर से एयर-1 से लौटेंगे दिल्ली
25 को करेंगे जनसभा, देंगे करोड़ों की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्तूबर को वाराणसी आ रहे हैं। उससे पहले वह सिद्धार्थनगर जिला जाएंगे, जहां से हेलीकॉप्टर से वे वाराणसी के मेहंदीगंज स्थित जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी 5236.37 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाओं की सौगात देंगे और देश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का शुभारंभ करेंगे। 65 हजार करोड़ रुपये की इस योजना से देश भर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद वो बाबतपुर एयरपोर्ट से विमान एयर इंडिया-1 से दिल्ली लौट जाएंगे।
तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन
पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। जनसभा स्थल पर एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था के साथ ही पांच स्थानों पर पार्किंग बनाई जा रही है। उधर, पीएम मोदी के आगमन के लिए चार हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। इनमें तीन हेलीकॉप्टर पीएम व उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों के लिए और एक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए होगा।
पीएम की सभा से पहले बंद होगा रिंग रोड पर आवागमन
पीएम मोदी की जनसभा से पहले रिंग रोड पर आवागमन पूरी तरह बंद कराया जाएगा। जनसभा में आने वाले लोगों के वाहनों को जनसभा से पहले तक छूट दी जाएगी। पीएम के पहुंचने से 30 मिनट पहले सभी तरह के वाहन रिंग रोड पर प्रतिबंधित किए जाएंगे।