फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   up election 2022: SP supporters in Karhal said, Akhilesh yadav should learn from yogi adityanath to end the bullying

उत्तर प्रदेश चुनाव: अखिलेश जोखिम में न फंसें, गुंडागर्दी पर बोले करहल के कार्यकर्ता- इस बार नई 'सपा' देखने को मिलेगी

Jitendra Bhardwaj जितेंद्र भारद्वाज
Updated Fri, 18 Feb 2022 07:16 AM IST
विज्ञापन
सार
चुनावी कार्यालय में मुन्ना यादव बोले, कोई मानें या न मानें, गुंडागर्दी हुई थी, ये हम स्वीकार करते हैं। वह मुलायम सिंह वाली सपा थी। आज नई सपा आ गई है। परिवारवाद से अखिलेश बच रहे हैं। इस बार केवल शिवपाल को ही टिकट मिला है। इस वजह से अर्पणा को दूसरी पार्टी में जाना पड़ा...
loader
up election 2022: SP supporters in Karhal said, Akhilesh yadav should learn from yogi adityanath to end the bullying
करहल - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव यूपी में तीसरे चरण में 'करहल' की हॉट सीट खासी चर्चा में है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। गुरुवार को मुलायम सिंह यादव सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लिए वोट मांगने करहल पहुंचे। भाजपा की ओर से केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल चुनाव मैदान में हैं। दोनों पार्टियों के अपने-अपने दावे हैं। अमर उजाला की टीम ने मंगलवार को 'करहल' में आम लोगों से बातचीत की है। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की राय जानने का प्रयास किया। सपा के चुनावी कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं ने स्वीकार करते हुए कहा, हां हमने गुंडागर्दी की थी। हम गुंडागर्दी के लिए मशहूर रहे हैं। बतौर मुन्ना यादव, सपा राज में यादवों और मुसलमानों द्वारा गुंडागर्दी की गई। जब उनसे सवाल पूछा गया कि आज भी 'गढ़ में डर' है, तो उन्होंने कहा, आज नई सपा है। पुरानी गलतियों से सबक लिया है। एक अपराध की सजा दो बार नहीं मिल सकती। अखिलेश भाई अगर सरकार बनाते हैं तो उन्हें 'योगी' से सीखना चाहिए। वे योगी की तर्ज पर काम करें। गुंडई को खत्म करें। प्रो. बघेल ने कहा, ये नई सपा नहीं, वही सपा है। अब 'सफा' होने जा रही है। हिंसा करने वालों का चुनाव के बाद हृद्रय परिवर्तन हो जाएगा, इस पर कौन भरोसा करेगा।  

90 फीसदी मुसलमानों को मकान मिल गए हैं

करहल के बाईपास रोड पर एक चुनावी चर्चा में सर्वेश यादव कहते हैं, सरकारी योजना के तहत 90 फीसदी मुसलमानों को मकान मिल गए, हिंदुओं को उनके मुकाबले बहुत कम मिले हैं। चुनाव में हकीकत दिखाई दे रही है, इसलिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकारी योजनाओं को अधिकांश फायदा मुसलमानों को मिला है। स्थानीय सड़कों का बुरा हाल भी देखो। कुछ मुसलमान, भाजपा को वोट दे रहे हैं। रघुवीर सिंह कहते हैं कि मुख्यमंत्री योगी ने करहल विधानसभा में एक भी काम नहीं किया, सिवाए राशन-पानी देने के। किसानों के मसले पर करण सिंह बोले, गोशाला की स्थिति ठीक नहीं है। शाम होते ही वहां से पशुओं को निकाल दिया जाता है। चारा भी नहीं मिलता। सड़क हादसों में मारे जाते हैं। किसान दिन में खेती करे और रात में आवारा पशुओं से खेत की रखवाली करे। ऐसे में वह बीमार हो जाता है।

जिसका खाया नमक, उसी के साथ गद्दारी

चुनावी कार्यालय में बैठे उदय सिंह यादव ने कहा, जनता को अखिलेश ही चाहिए। भाजपा की जमानत जब्त होगी। नेताजी ने बघेल को पाला पोसा, अब वही यहां आ गए। जिसका खाया नमक, उसी के साथ गद्दारी करने आ गए प्रो. एसपी सिंह बघेल। नेताजी ने उन्हें प्रोफेसर बनाकर आगरा भेजा था। अब जूते पड़ रहे हैं, हम गवाह हैं। बिहार के मधुबनी जिले से अखिलेश के चुनाव प्रचार के लिए करहल पहुंचे सतजन बोले, भाजपा कामयाब नहीं होगी। हमें बिहार में अन्ना हजारे और आधुनिक गांधी कहते हैं। व्यक्तिगत लगाव है तो करहल में आ गए। अखिलेश यादव तो गिनीज बुक में नाम दर्ज कराएंगे। उदय सिंह ने कहा, जनता पांच सालों में दुखी हो गई। लोगों को अब 'अखिलेश ही अखिलेश' दिखाई दे रहे हैं।

सपा कार्यकर्ता बोले, गुंडागर्दी के लिए हम मशहूर हैं...

सतजन बोले, किसान आंदोलन का असर है। यहां खाद की किल्लत से किसान को कष्ट झेलना पड़ रहा है। चुनाव पर पाकिस्तान और जिन्ना का क्या प्रभाव पड़ा है, इस सवाल के जवाब में सतजन ने कहा, यहां पर ये सवाल नहीं है। चुनाव में हिंदू-मुस्लिम नहीं है। विकास पर बात होगी। मुन्ना यादव ने कहा, लोग चाहते हैं कि परिवर्तन हो। योगी द्वारा चुनाव से पहले यह कहा जाना कि यूपी, पश्चिम बंगाल बन जाएगा, केरल बन जाएगा, वे बोले, ऐसा कुछ नहीं होगा। सपा की सरकार बनती है तो हमारे अखिलेश भाई योगी की तर्ज पर काम करें। मुस्लिम हों, यादव हों या कोई दूसरा, गुंडागर्दी की इजाजत न दी जाए। गुंडागर्दी के लिए हम मशहूर हैं। अगर सपा को सरकार बनाने का मौका मिलता है तो यह कोशिश करेंगे कि हम जनता की कसौटी पर खरा उतरेंगे। हम कोशिश करेंगे कि गुंडागर्दी बिल्कुल खत्म हो जाए।

अब कतई नहीं होगी गुंडागर्दी, हमें सजा मिल चुकी है...

गलती नहीं होगी, सुशासन होगा। उदय सिंह बोले, हमें सबक मिल चुका है। हमें सजा मिली है। अखिलेश शरीफ हैं, उनके साथियों ने गुंडागर्दी की है। यादव और मुस्लिमों ने गुंडागर्दी की थी। मुन्ना यादव बोले, कोई मानें या न मानें, गुंडागर्दी हुई थी, ये हम स्वीकार करते हैं। वह मुलायम सिंह वाली सपा थी। आज नई सपा आ गई है। परिवारवाद से अखिलेश बच रहे हैं। इस बार केवल शिवपाल को ही टिकट मिला है। इस वजह से अर्पणा को दूसरी पार्टी में जाना पड़ा। इस बार तो भाईचारा दिखाई देगा। फूलन देवी के साथ ज्यादती हुई थी। उन्होंने अपमान का बदला लिया। बाद में वे मार दी गई। पिछले समय में मल्लाह जाति के लोग उनका फोटो लाए थे। उन्नाव व दूसरे जिलों में उनका फोटो लगना था, लेकिन योगी सरकार ने नहीं लगने दिया। कहा, इससे सौहार्द बिगड़ेगा। मल्लाह जाति के लोग नाराज हैं। मुन्ना यादव के साथ बैठे शैलेंद्र वर्मा कहते हैं, दो तीन साल से बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। बतौर मुन्ना यादव, जनता का समर्थन अखिलेश के लिए है। अखिलेश सरकार आती है तो गुंडागर्दी नहीं होने देंगे। अपने लोगों को काबू में रखेंगे। मंत्रियों को भी दायरे में रखना होगा।

सब झूठ बोल रहे हैं, एक नौकरी नहीं मिली है...  

पार्टी कार्यालय में मौजूद उदय प्रताप सिंह बोले, सपा ने यहां विकास पहले ही करा दिया था। यहां किसी दूसरे उम्मीदवार का चांस ही नहीं है। बिजली की समस्या अब हुई है। गाय व सांड चौराहे पर खड़े रहते हैं। सियाराम यादव ने कहा, विकास के नाम पर अखिलेश सरकार में आएंगे। विजय सिंह ने कहा, यहां कोई पुलिस सुरक्षा नहीं है। सब झूठ बोल रहे हैं। एक नौकरी नहीं मिली है। अखिलेश सरकार में यहां पर इंटरनेशनल मंडी बनना शुरू हुई थी, अब उसका काम बंद हो गया है। इससे किसानों को दोहरा लाभ होता। हाथरस और उन्नाव कांड, किसकी सरकार में हुए थे।

एंबुलेंस को डीजल तक नहीं मिल रहा है ...

सुरेश सक्सेना बोले, गुंडागर्दी बिल्कुल नहीं बढ़ेगी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश का कहना है कि अब ऐसा नहीं होगा। भाजपा को झूठ फैलाने की आदत है। पुलिस सुरक्षा तो पहले भी रही है। इसमें योगी का क्या योगदान है। उन्होंने सौ नंबर की सुरक्षा को 112 नंबर कर दिया है। एंबुलेंस को डीजल तक नहीं मिल रहा है। राम नरेश ने कहा, सुरक्षा के नाम पर वोट नहीं मिले। अब कुछ नहीं सूझ रहा है तो हिंदू मुस्लिम, तमंचावादी कह रहे हैं। ठोको नीति किसकी है, योगी की है। उनकी सरकार में कितने ब्राह्मण मारे गए हैं, ये सबको पता है।

करहल का मुख्य चौक
करहल का मुख्य चौक - फोटो : Amar Ujala

सुबह 11 बजे के बाद पोलिंग बूथ से भाग जाएंगे बघेल...

बीटू यादव ने कहा, नई सपा है। गुंडागर्दी नहीं होगी। भाजपा परिवारवाद का लांछन लगाती थी। परिवारवाद खत्म हो गया है। अखिलेश के परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ रहा है। केवल शिवपाल ही चुनाव मैदान में हैं। वे भी अपनी पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी प्रो. बघेल के बारे में यादव ने कहा, सुबह 11 बजे के बाद पोलिंग बूथ से भाग जाएंगे। वोटों की गिनती वाले दिन इन्हें अपनी औकात का पता लग जाएगा। ये अपनी जमानत नहीं बचा पाएंगे। भाजपा ने बघेल को भेजा है, उन्हें बाद में गिफ्ट मिलेगा। बलि का बकरा बनाया गया है। हमारे घर में पले बढ़े, आज हमें ही टक्कर दे रहे हैं। 20 फरवरी को मतदान के दिन सारे हिसाब चुकता कर दिए जाएंगे। योगी सरकार में एक हजार ब्राह्मण मारे गए हैं। जातिवाद तो योगी चला रहे हैं। इन्होंने तो देश के ब्राह्मण मरवा दिए।

सीएम योगी पर 56 मुकदमे हैं तो उप मुख्यमंत्री पर 46

सपा कार्यालय में पहुंचे किसान नेता वीरभान सिंह ने कहा, 13 माह तक आंदोलन चला था। किसानों के लिए मान सम्मान की लड़ाई है। भाजपा वाले कहते हैं कि हिंदू खतरे में है। चुनाव के दौरान ऐसी बातें फैलाई जाती हैं। पूरे उत्तर प्रदेश में भाजपा के पास कोई मुद्दा ही बचा है। मान लें कि विकास दुबे पर 53 मुकदमे थे, उसकी हत्या कर दी गई। सीएम योगी पर 56 मुकदमे हैं। और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मोर्या पर 46 मुकदमे हैं। इन्हें पदों पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। पहले और दूसरे चरण में अधिकांश सीटों पर सपा प्रत्याशी विजयी हो रहे हैं।

डर है, पब्लिक नहीं बोल रही...

भाजपा संयोजक अरुण प्रताप बोले, डर के मारे लोग नहीं बोल रहे, चुनाव में लोगों को जो करना है, वे जानते हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं का कहना था, जनता शांत है। वह बोल नहीं रही। हमारा चुनाव अच्छा निकल रहा है। लोग खुलकर नहीं बोल रहे, कहीं कोई दबाव नहीं है। हमारे प्रत्याशी की जनसभा में बाधा पहुंचाई जाती है। विकास का प्रस्ताव जनप्रतिनिधि के जरिए भेजा जाता हैं। उन्होंने कोई प्रयास ही नहीं किया। किसानों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। इस बार गढ़ टूटेगा। रिकॉर्ड तोड़ने का काम ही बघेल साहब करते हैं।

लोग डर के बारे में गुप्त हैं, एक तरफा वोट पड़ेंगे

मुख्य बाजार में समोसे बना रहे जितेंद्र गुप्ता ने कहा, करहल में डर है। इनका आतंक है। लोग डर के बारे में गुप्त हैं। गुप्त वोट एक तरफा ही होंगे। नई सपा देखने को मिलेगी, इस बाबत उन्होंने कहा, ये तो मुलायम सिंह के टाइम से चल रहा है कि बच्चे गलती कर देते हैं। प्रो. बघेल ने कहा, सपा सरकार में 'खाली प्लाट हमारा' है, ये थ्योरी चलती है तो उन्होंने कहा, खुली दुकान इनकी होती है। बंद दुकान मालिक की होती है। इनकी सरकार आते ही खाली प्लॉट पर कब्जा होना शुरू हो जाता है, बाउंड्री हो जाती है। पट्टों पर कब्जा होता है। यहां पर लोग मॉर्निंग वॉक नहीं करते। उन्हें डर होता है कि उनका अपहरण हो जाएगा। रात में किसान खेत में पानी नहीं देता कि पकड़ा गया तो फिरौती देनी पड़ेगी। कारोबारी को घर पहुंचने में देर हो जाए तो पत्नी सोचती है कि मेरे पति का थैला छिन गया है, कहीं उसे गोली तो नहीं मार दी गई। बतौर प्रो. बघेल, यहां पर भाजपा जीत रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed