UP Election 2022: प्रतापगढ़ में विपक्षी पार्टियों ने योगी सरकार को घेरा, भाजपा नेता बोले- सपा 2022 में सफा
चाय पर चर्चा, युवाओं और महिलाओं से बातचीत के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच पहुंचा। यहां विकास, रोजगार, महंगाई और अपराध के मुद्दों पर जमकर बहस हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रतापगढ़ में विपक्षी पार्टियों ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं भाजपा ने भी तगड़ा पलटवार किया। चाय पर चर्चा, युवाओं और महिलाओं से बातचीत के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच पहुंचा। यहां के शहीद उद्यान पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, अपना दल और जनसत्ता पार्टी (राजा भैया की पार्टी) के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। सभी ने अपने उन एजेंडों के बारे में भी बताया, जिसे लेकर वह जनता के बीच वोट मांगने जाएंगे। पढ़िए किस नेता ने क्या कहा?
भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां
कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा के जिला अध्यक्ष ओम मिश्रा ने कहा कि कोरोना काल में हमारी सरकार और हमारे जनप्रतिनिधियों ने बहुत काम किया। इस विपदा की घड़ी में हमारे कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रत्येक व्यक्तियों तक कम समय में पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि विकास के मामले में हमारी सरकार ने मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज बनवाने का काम किया। इसके अलावा जो यहां कानून व्यवस्था लचर थी, उसे फिर से स्थापित करने का काम किया। इन्हीं विकास के मु्द्दे पर 2022 के चुनाव में हम जनता के समक्ष जाएंगे। हम कार्यकताओं और योगी सरकार के द्वारा किए हुए कार्यों के दम पर सातों विधानसभा जाएंगे और सातों पर जीत हासिल करेंगे।
सपा ने भाजपा पर बोला हमला
सपा के जिला उपाध्यक्ष इरशाद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन तो कर दिए लेकिन बिल्डिंग खंडहर पड़ी है। प्लास्टर तक नहीं हुआ है। इमरजेंसी वार्ड की छत से पानी टपक रहा है। ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं बाधित हैं। वहीं, उन्होंने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि इनकी सरकार में आए दिन तमाम हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं सामने आ रही हैं।
कांग्रेस का भाजपा पर हमला
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष डॉ लालजी त्रिपाठी ने कहा कि सपा और भाजपा दोनों एक दूसरे से घबराई हुई है। भाजपा की सरकार में 17 जिला अस्पतालों को उच्चीकृत करके मेडिकल कॉलेज बनाने की कोशिश हो रही है। उत्तर प्रदेश के इतिहास में सदैव मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पतालों का अलग अलग अस्तित्व होता था। पहली बार ऐसी नाकारा सरकार आई है जो जिला अस्पताल के अस्तित्व को समाप्त कर रही है। उन्होंने सड़कों की समस्या पर बोलते हुए कहा कि नदी पार के उस सड़क को देखेंगे तो लगेगा कि अगर कोई गर्भवती महिला अस्पताल जाने के लिए निकले तो रास्ते में ही उसका गर्भपात हो जाएगा। कांग्रेस नेता ने बाईपास का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि क्या ही कहें।
भाजपा ने दिया जवाब
भाजपा के जिला अध्यक्ष ने कहा कि सपा और बसपा के समय में प्रयागराज जाने में तीन घंटे लगते थे लेकिन अब 40 मिनट में पहुंच जाते हैं। अब किसी भी तहसील केंद्रों पर पहुंचने में 25-30 मिनट लगते हैं। जिला अस्पताल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसके लिए स्थान चयनित हो गया है। मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई होगी। वहीं, बाईपास के बारे में कहा कि इसको लेकर काम चल रहा है।
क्या बोले आप, अपना दल और जनसत्ता पार्टी के नेता?
आम आदमी पार्टी के नेता दिनेश उपाध्यय ने कहा कि आजादी के 75 साल हो गए। हमने सभी पार्टियों को बारी बारी से देखा। सबने सत्ता संभाला। हमलोग किसी भी सत्ता और पार्टी का विरोध नहीं करते। मगर इतने साल बाद भी वही रिश्वतखोरी, वही सबकुछ है। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रतापगढ़ अपराधगढ़ बन गया। महंगाई चरम पर है। जनसत्ता पार्टी के महासचिव राज कुमार सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी इसी जिले में जन्म ली हुई पार्टी है। रही बात भाजपा और सपा की तो भाजपा ने कुछ अच्छे काम किए हैं। सड़क अच्छी बन गई है। पिछली सरकार में अगर कोई गर्भवती महिला यहां से इलाहाबाद जाती थी तो रास्ते में प्रसव हो जाता था। वहीं, उन्होंने सपा और भाजपा में किसको समर्थन करेंगे के सवाल पर कहा कि यह बाद में तय करेंगे। जो सही लगेगा उसके साथ चले जाएंगे। वहीं, अपना दल के जिला अध्यक्ष बृजेश पटेल ने कहा कि भाजपा सपा के गड्ढे को भर रही है। सपा सरकार अपराध की जननी रही है।
सपा के जिला उपाध्यक्ष इरशाद ने जनसत्ता पार्टी के महासचिव राज कुमार सिंह के 'समर्थन' वाले बयान पर है कहा कि ये मुझे समर्थन दें या न दें अपने एमएलसी से बोल दें कि सपा से इस्तीफा दे दें। इस पर राज कुमार सिंह ने कहा कि हमारे एमएलसी का कोई जोड़ नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश यादव ने यूपी 100 लाकर साबित कर दिया कि वो ऊंची सोच के हैं। इसके जवाब में लोगों ने कहा कि जो अपने पिता के नहीं हुए वो जनता के क्या होंगे? सपा के एक कार्यकर्ता ने कहा कि हमारी पार्टी महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं का सम्मान करती है। 2022 में साढ़े तीन सौ पार सीट जीतकर सरकार बनाएगी। इस पर भाजपा कार्यकर्ता ने जवाब देते हुए कहा कि ये प्रतापगढ़ की जनता है। यहां पर अखिलेश जी ने राजा भैया को पहचानने से इनकार दिया था। सपा 2022 में हो जाएगी सफा। सपा के एक नेता ने कहा कि भाजपा की सरकार में महिलाओं के साथ, किसानों के साथ क्या हुआ देख ही रहे हैं। वहीं, सड़कों के मुद्दे पर कहा इस सरकार में गड्ढेमुक्त नहीं गड्ढेयुक्त सड़कें हैं, शायद लिखने में भूल हो गई होगी।
सपा के जिला उपाध्यक्ष ने योगी आदित्यनाथ पर साधा निशाना
सपा के जिला उपाध्यक्ष इरशाद ने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां भोग विलास से दूर रहने वाले योगी जैसे लोग लोगों की आखों में पानी देकर तैरते हुए लाशों को छोड़ दे नदियों के किनारे पर, रेत में दफन करने को मजबूर हो जाएं लोग, लोग अपने घर की लाशों को कंधे पर ढोने पर मजबूर हो जाएं, ऐसे प्रदेश के मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर पहले ही इस्तीफा दे देना चाहिए था। रही बात महिलाओं की तो स्वामी असीमानंद, स्वामी चिन्मयानंद को नहीं भूले हैं हमलोग और हम योगी जी को भी नहीं भूले हैं चाहे वो उन्नाव कांड, हाथरस कांड और प्रतापगढ़ का ही कांड क्यों न रहा हो? हमारे इसी जिले के कैबिनेट मंत्री दो भाइयों की हत्या के मामले में पीड़ितों के घर जाते हैं लेकिन उस परिवार को एक पैसे का उद्धार नहीं हुआ। इसी जिले में एक पत्रकार की संदेहात्मक मृत्यु हो जाती है, उसकी घटना पर यहां के स्थानीय विधायक उसकी पत्नी को सरकारी का आश्वासन देते हैं लेकिन उसने नहीं मिला। भाजपा के जिला अध्यक्ष ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि इनके सारे आरोप निराधार हैं। जहां जो घटना हुई वहां सरकार और सरकार के प्रतिनिधि सांत्वना देने पहुंचे। सबको मुआवजा दिया गया। ये सब आपसी विवाद के सारे झगड़े थे। विकास के मुद्दे को भुलाना और लाशों पर राजनीति करना सपा की फितरत है।
कांग्रेस का हमला- भाजपा ने सबको बेच दिया
कांग्रेस के एक नेता भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने इन 70 वर्षों में जो बनाया, भाजपा ने सबको बेच दिया। प्राइवेटाइजेशन का मु्द्दा उठाते हुए उन्होंने रेलवे, एलआईसी, बीएसएनएल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कहा था कि किसानों को हवाई जहाज पर घुमाऊंगा लेकिन उसी हवाई जहाज को बेच दिया। दुनिया की यह पहली सरकार है जो कमाना नहीं जानती, कमाके खाना नहीं जानती है। केवल दूसरों के टुकड़ों पर पलना जानती है। इस पर भाजपा नेता ने जवाब दिया है कि 70 वर्षों में एक नेता फ्लॉप हो गया और पार्टी दूसरे नेता को आजमा रही है। सपा कार्यकर्ता गीता यादव ने कहा कि सबसे बड़ा मुद्दा शिक्षा, विकास, रोजगार और सुरक्षा है, जो इस समय बिल्कुल नहीं है। वहीं, एक सपा समर्थक ने कहा कि 2022 में सपा की सरकार बनने जा रही है, भाजपा में इसकी बौखलाहट है।