{"_id":"7c6fb4bd19951da81d9ad630c5e7dcb5","slug":"row-in-allahabad","type":"story","status":"publish","title_hn":"गोली और बम से थर्राया इलाहाबाद, 5 महिलाएं घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गोली और बम से थर्राया इलाहाबाद, 5 महिलाएं घायल
इलाहाबाद/ब्यूरो
Updated Thu, 01 Aug 2013 09:01 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में अति संवेदनशील धूमनगंज के राजरूपपुर इलाके में बुधवार की रात दो पक्षों में झगड़े के बाद जमकर उपद्रव हुआ।
विज्ञापन
उपद्रवियों ने ताबड़फोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। आमने-सामने से भीषण बमबाजी की गई।
छतों और दुकानों पर भी बम फेंके गए। फायरिंग और बमबाजी में पांच महिलाएं जख्मी हो गईं। एक ठेकेदार के घर बम फोड़कर आग लगाने की कोशिश की गई। उपद्रव और बवाल के बाद महिलाएं सड़क पर उतर आईं।
विज्ञापन
छह थानों की फोर्स और पीएसी ने मौके पर पहुंच कर हालात को काबू में किया।
पुलिस के अनुसार, झगड़े की शुरुआत पतंगबाजी को लेकर हुई। डोर लूटने के विवाद में भिड़े युवकों में पहले तो मारपीट हुई फिर एक-दूसरे के घर पर चढ़कर हमला किया गया। राजरूपपुर में बुधवार की शाम एक समुदाय के तीन दोस्त छत पर पतंग उड़ा रहे थे।
विज्ञापन
उनकी पतंग कटी तो सामने रहने वाले दूसरे समुदाय के लड़कों ने डोर लूट ली। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। रात में दूसरे पक्ष का लड़का दिखा तो पहले समुदाय के लड़कों ने उन्हें पीट दिया।
इसके बाद झगड़े की आग फैल गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद फायरिंग शुरू हो गई। बमबाजी भी हुई। छत से बम बस्ती में गिरा तो कुल पांच महिलाएं जख्मी हो गईं। एक महिला की आंख में छर्रा लग गया।
महिलाओं के घायल होने के बाद बस्ती के लोग छतों से पथराव करने लगे। एक समुदाय के घर से फायरिंग हुई तो सामने से उसके घर बम फेंका गया।
खबर पाकर एसओ धूमनगंज धर्मेंद्र प्रताप पहुंचे तो छत से एक युवक ने फायरिंग कर दी।
पुलिस ने युवकों को खदेड़ा तो वे पीछे के रास्ते से कूदकर निकल भागे। पुलिस ने जख्मी महिलाओं को जीप से अस्पताल भेज दिया। अंधेरे में फायरिंग और बमबाजी से पूरा इलाका थर्रा उठा। कई घरों में दहशत की वजह से ताले लटक गए।
पुलिस ने घरों में घुसकर युवकों को पकड़ना शुरू कर दिया। महिलाएं हंगामा करने लगीं तो अधिकारियों ने उन्हें शांत कराया।