{"_id":"32648c78-d915-11e2-8462-d4ae52bc57c2","slug":"raja-bhaiya-will-do-polygraph-test","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में आज होगा राजा भैया का 'सच से सामना'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली में आज होगा राजा भैया का 'सच से सामना'
लखनऊ/ब्यूरो
Updated Thu, 20 Jun 2013 12:49 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का दिल्ली में सीबीआई की फोरेंसिक लैब में बृहस्पतिवार को पॉलीग्राफी टेस्ट होगा।
विज्ञापन
इसमें राजा भैया से सीबीआई प्रतापगढ़ में कुंडा के सीओ जियाउल हक व ग्राम प्रधान नन्हें यादव हत्याकांड के बारे में सवाल करेगी।
सीबीआई यह परीक्षण इसलिए कर रही है ताकि यह तय हो सके कि इन हत्याओं की साजिश में पूर्व मंत्री की संलिप्तता है अथवा नहीं।
पूर्व मंत्री पर सीओ की पत्नी परवीन आजाद व ग्राम प्रधान नन्हें यादव के परिवार के सदस्यों ने अपनी तहरीर व बयान में हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया था।
विज्ञापन
आरोप की वजह यह थी कि नन्हें की हत्या में जो लोग नामजद हुए थे, उनमें से कुछ पूर्व मंत्री के खासे करीबी थे।
सीओ की पत्नी ने इस आधार पर पूर्व मंत्री पर आरोप लगाया था क्योंकि उनकी जानकारी में आया था कि सीओ ने अवैध खनन के मामले में खासी सख्ती बरती हुई थी जिसकी वजह से पूर्व मंत्री के कई खास लोगों को खासी दिक्कत आ रही थी।
विज्ञापन
यह भी जानकारी मिली थी कि सीओ ने अवैध खनन से जुड़े पूर्व मंत्री के खास लोगों की सूची बनानी तैयार कर दी थी।
सीबीआई ने जब मामले की पड़ताल की तो उसे किसी भी हत्याकांड में पूर्व मंत्री की सीधी संलिप्तता के साक्ष्य नहीं मिले। सीबीआई ने पूर्व मंत्री व उनके नजदीकियों से भी पूछताछ की थी, पर किसी खास नतीजे तक नहीं पहुंचा जा सका था।
इसी के बाद सीबीआई ने अदालत से पूर्व मंत्री के बयान की सच्चाई परखने के लिए उनका पॉलीग्राफी टेस्ट कराने का फैसला किया था और अदालत से इसकी अनुमति मांगी थी।
सीबीआई ने इस कवायद से पहले पूर्व मंत्री से भी इसकी सहमति ले ली थी। अदालत में भी पूर्व मंत्री ने सीबीआई को पॉलीग्राफी परीक्षण के लिए अपनी सहमति देने की बात बताई थी।
इस आधार पर अदालत ने सीबीआई को राजा भैया का पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की अनुमति दे दी।
सीबीआई के सूत्रों का कहना है कि फोरेंसिक लैब में कई मामलों के परीक्षण का दबाव है, इसी वजह से सीबीआई के जांच दल ने फोरेंसिक लैब के जिम्मेदार लोगों से राजा भैया के पॉलीग्राफ परीक्षण के लिए उसी समय आवेदन कर दिया था जब उसने पूछताछ के दौरान उनसे इस परीक्षण की सहमति ली थी।
उधर, अदालत से औपचारिक अनुमति हासिल होने के बाद सीबीआई की टीम बुधवार को ही दिल्ली रवाना हो गई।
जांच से जुड़े सीबीआई के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली स्थित प्रयोगशाला में पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए समय मिल गया है और परीक्षण गुरुवार को किया जाएगा। राजा भैया को भी समय पर सीबीआई मुख्यालय पर पहुंचने को कहा गया है।
सौ से अधिक सवालों का सामना करेंगे राजा भैया
सीबीआई ने राजा भैया से दोनों ही हत्याकांड के सिलसिले में पूछे जाने वाले सवालों की लिस्ट बना ली है। सभी सवाल ऐसे हैं जिनका जवाब राजा भैया को हां या ना में देना होगा। इनसे यह तय हो सकेगा कि राजा भैया सच बोल रहे हैं अथवा झूठ।