मैनपुरी। एक्साइज ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में सराफा व्यापारियों ने सोमवार को बाजार बंद कर प्रदर्शन किया। संता-बसंता चौराहा पर काले झंडे लेकर विरोध जताया। इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि 17 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में विराट रैली होगी। इसमें देश भर से सराफ कारोबारी पहुंचेंगे। सोमवार को काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे विनय दुबे ने कहा कि एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी लगाने से सराफ कारोबार काफी प्रभावित होगा। केंद्र सरकार ने सराफा कारोबारियों के हितों की अनदेखी की है। रामकिशन वर्मा ने कहा कि ज्वैलरी पर एक्साइज ड्यूटी तत्काल हटाई जाए। देश भर के सराफा कारोबारी प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार के कान पर जू नहीं रेंग रही है। केशव गुप्ता ने कहा कि वह लोग पीछे नहीं हटेंगे। 17 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में सराफा व्यापारियों की विराट रैली होगी। जिले से भी बड़ी संख्या में सराफा कारोबारी दिल्ली पहुंचेंगे। सोमवार को काले झंडे लेकर प्रदर्शन करने वालों में शिवांशु गुप्ता, मुकेश कुमार, बलवंत सिंह वर्मा, प्रभाष जैन, केशव गुप्ता, आकाश गुप्ता, लल्ला, पवन, पिंटू वर्मा, रितिक, सुभाष, उमेश आदि शामिल थे।