पूर्व प्रधान पर तेंदुआ ने बोला हमलाः एक हफ्ते से बस्ती में घूम रहा, ग्रामीणों में भय, वन विभाग कर रहा खानापूरी
कासगंज में तेंदुए ने पूर्व प्रधान पर हमला बोल दिया। उन्होंने बचाने के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो वह खेतों की तरफ भाग गया। बस्ती के बीच तेंदुए के आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
विस्तार
कासगंज में एक हफ्ते से तेंदुआ बस्ती में घूम रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत है। शनिवार की शाम तेंदुए ने नगलामढ़ी के समीपवर्ती में पूर्व ग्राम प्रधान पर हमला बोल दिया। इस पर उनकी चीख निकल गई। चीख सुनकर आसपास के लोग भागे तो खेतों की तरफ भाग निकला। लोगों ने तेंदुए को ढूंढने में वन विभाग की टीम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
नगलाताड़ गांव के पूर्व ग्राम प्रधान मुन्ना लाल तेंदुआ के हमले का शिकार हुए। मुन्ना लाल ने बताया कि वह शाम को अपने खेत से लौट रहे थे। तभी पीछे से तेंदुआ ने उनके ऊपर हमला कर दिया। बताया कि उसके शरीर पर चकत्ते थे और कुत्ते से बड़ा आकार था। बताया कि उनके चिल्लाने पर आसपास के लोग भागे। लोगों ने जोर से शोर मचाया और तेंदुआ की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख वह गेहूं के खेत की ओर भाग गया।
इससे पहले भी कर चुका हमला
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए का यह दूसरा हमला है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी दहशत है। वन विभाग के अधिकारियों के मामले की सूचना दी तो टीम गांव पहुंची। देर शाम तक तेंदुआ की तलाश की गई, लेकिन वह नजर नहीं आया। दहशतजदा ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ ग्रामीण अलर्ट रहे। आसपास के गांव के लोग भी इस घटना को लेकर सतर्क हैं।
ड्रोन कैमरे से कराई जाए तेंदुआ की तलाश
तेंदुआ को लेकर ग्रामीणों के बीच काफी दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले समय से न रात में चैन से सो पा रहे हैं और न दिन में चैन है। सबसे ज्यादा डर बच्चों और वृद्धों को लेकर है। इतना समय बीतने के बाद भी वन विभाग तेंदुआ नहीं पकड़ पाया है। ग्रामीण महिला निधि ने वन विभाग की लापरवाही पर आक्रोश जाहिर किया। कहा कि ड्रोन कैमरे से तलाश कराई जाए ताकि उसका पता चल सके। वन विभाग के अधिकारी गांव में आते हैं, घूमकर चले जाते हैं।
तेंदुआ की तलाश की जा रही है
वन विभाग के रेंजर अखिलेश कुमार ने कहा कि पूर्व ग्राम प्रधान पर तेंदुआ के हमले की जानकारी मिली है। इस हमले में वह घायल नहीं हुए हैं। केवल पैंट फटी है। घटना की सूचना पर गांव में टीम पहुंची है। उच्च अधिकारियों को भी सूचना दी है। तेंदुआ की तलाश की जा रही है।