खुटहन। स्थानीय सीएचसी पर तैनात चिकित्सक डॉ.विवेकानंद कुशवाहा के सरकारी आवास पर रविवार की रात मरीज बनकर पहुंचे मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। किसी ठोस चीज से प्रहार कर चिकित्सक का सिर फोड़ दिया। शोर सुनकर आस पास के लोग दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। पीड़ित चिकित्सक ने अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। चिकित्सक के मुताबिक हमलावर टोपी लगाए थे और चेहरे को ढके थे। उनके तीन साथी दूर खड़े थे।
सीएचसी खुटहन पर तैनात चिकित्सक डॉ.विवेकानंद कुशवाहा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि रात में करीब एक बजे वह अपने सरकारी आवास में सो रहे थे। तभी दो लोगों ने बाहर से दरवाजासखटखटाया। बताया कि पेट में तेज दर्द हो रहा है। उन्हें मरीज समझकर चिकित्सक ने जैसे ही दरवाजा खोला वैसे ही मनबढ़ों ने उनपर हमला कर दयिा। एक ने हाथ में लिए किसी ठोस पदार्थ से उनके माथे पर वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। चिकित्सक के शोर मचाने पर अस्पताल के अन्य कर्मचारी भागते हुए उधर आने लगे। जिसे देख हमलावर अस्पताल गेट पर खड़ी अपनी चार पहिया वाहन में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। सीओ शाहगंज अजय कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि पीड़ित चिकित्सक की तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुटी है। शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।