जौनपुर। मतदान को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह दिखा। घरेलू काम निपटाने के बाद महिलाएं समूह में वोट देने पहुंची। कोई अपनी बेटी के साथ वोट देने आया तो कोई सास के साथ। अधिकांश बूथों पर महिलाओं की ही कतार दिखी। बुजुर्ग वोटर भी मताधिकार के इस्तेमाल में पीछे नहीं रहे। सिरकोनी ब्लाक के भुवालापट्टी, कचगांव, कुद्द्पुर, माधोपट्टी, रामदयालगंज आदि क्षेत्रों में सभी बूथों पर महिलाओं की भीड़ थी। शिवापार में पिंक बूथ पर बीएलओ से लेकर मतदान कर्मचारी तक महिलाएं ही थीं। यहां बने तीनों बूथ पर महिला कतार लगाए रहीं। करंजाकला के मनवल, हरखलपुर, बैजारामपुर, करंजाकला आदि गांवों के बूथ पर भी महिलाएं ही नजर आईं। घूूंघट में चेहरा छिपाकर ज्यादातर महिलाएं वोट देने पहुंची थीं। उनका कहना था कि वह विकास के लिए वोट दे रही हैं।