जौनपुर में 6 लाख के गबन के आरोप में वीडीओ निलंबित, मनरेगा के तहत निकाल लिए थे रुपये
जौनपुर जिले के महराजगंज ब्लॉक के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) विद्याधर यादव को सोमवार की देर शाम डीडीओ बीबी सिंह ने निलंबित कर दिया है। उस पर मनरेगा के तहत दो ग्राम पंचायत मयापुर व मीरापुर केवल में समतलीकरण के नाम पर छह लाख 17 हजार 412 रुपये फर्जी तरीके से निकालने का आरोप था, जो जांच में सही पाया गया। निलंबन की अवधि तक उसे सुजानगंज ब्लॉक से संबद्ध कर दिया गया है।
महराजगंज ब्लॉक के मयापुर व मीरापुर केवल ग्राम पंचायत में ग्राम विकास अधिकारी विद्याधर यादव तैनात रहे। उसने मनरेगा के तहत मयापुर ग्राम पंचायत में प्यारेलाल, हीरालाल, सुखनंदन व उमाशंकर के खेत का बिना समतलीकरण कराए ही ग्राम प्रधान से मिलीभगत कर तीन लाख 17 हजार 379 रुपये का गबन कर लिया।
लगभग इसी तरह उसने मीरापुर केवल ग्राम पंचायत में बजरंगबहादुर, विजय बहादुर, सूर्यनाथ शर्मा व हीरालाल के भी खेत का समतलीकरण नहीं कराकर तीन लाख 33 रुपये का गबन कर लिया था, जिसकी शिकायत मिलने पर डीसी मनरेगा भूपेंद्र कुमार सिंह ने जांच की तो मामला सही पाया गया। इसकी रिपोर्ट उन्होंने सीडीओ को सौंपी। इसके बाद डीडीओ ने ग्राम विकास अधिकारी विद्याधर यादव को निलंबित करते हुए उसे सुजानगंज से संबद्ध कर दिया है।
जांच में ग्राम विकास अधिकारी विद्याधर यादव के खिलाफ मिली शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उसे सुजानगंज ब्लॉक से संबद्ध कर दिया गया है।
बीबी सिंह, डीडीओ