जौनपुर में आयुष्मान योजना के सूचना प्रणाली प्रबंधक समेत तीन कोरोना पॉजिटिव मिले, सोनभद्र में नब्बे साल की वृद्धा हुईं संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर जिले में आयुष्मान भारत योजना के जिला सूचना प्रणाली प्रबंधक समेत रविवार को तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें एक प्रवासी है। देर शाम रिपोर्ट आने के बाद तीनों को पूविवि में बने कोविड-19 के एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या 595 हो गई है। इसमें एक्टिव केस 95 हैं।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को जिले में 260 सैंपल की रिपोर्ट आई। इसमें 257 निगेटिव हैं। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित आयुष्मान भारत योजना में सूचना प्रणाली प्रबंधक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ कार्यालय में अक्सर आवाजाही के कारण आशंका है कि वहीं संक्रमण की चपेट में आए हों। वह शहर के नईगंज मोहल्ले के विकासपुरी कॉलोनी के निवासी हैं।
उनके संपर्क में आए अन्य लोगों के भी सैंपल लेकर जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अब तीन कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। इसके पहले सीएमओ कार्यालय में तैनात कोल्ड चेन हैंडलर और संविदा कर्मी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। वहीं रामपुर ब्लाक के फिफिऔना गांव में मुंबई से आए एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
30 जून को उसका सैंपल लिया गया था। खेतासराय के गोधना गांव निवासी 19 वर्षीय युवती की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आया है। उल्टी-दस्त की शिकायत पर वाराणसी के निजी अस्पताल में वह अपना उपचार करा रही थी। वहीं उसका सैंपल लिया गया था।
सोनभद्र में वृद्धा की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
सोनभद्र जिले में दूसरे दिन रविवार को भी 90 वर्षीय वृद्धा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ब्रह्म नगर निवासी वृद्धा का सैंपल एक जुलाई को जांच के लिए भेजा गया था। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय ने की। उन्होंने बताया कि संक्रमित को मधुपुर स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
कुछ दिन पहले वृद्धा के परिवार के एक लड़के की रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। उसके बाद उसके परिवार के सदस्यों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। इसके साथ ही जिले में अब तक संक्रमित मिले लोगों की संख्या 50 हो गई है। जिसमें 34 लोग स्वस्थ्य होकर घर लौट गए हैं जबकि 16 लोगों का इलाज चल रहा है।