यूपी: सपा नेताओं के यहां हो रही छापामारी मिली जुली ड्रामेबाजी- सतीश चंद्र मिश्रा
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि भाजपा के शासन में अब तक कई ब्राह्मणों का एनकाउंटर हुआ है। यह सरकार ब्राह्मणों की घोर विरोधी है। सपा के नेताओं के यहां हो रही छापेमारी भाजपा-सपा के मिली जुली ड्रामे की तरह है।
2003 में दोनों दलों की दोस्ती जगजाहिर हो चुकी है। दोनों दल एक सिक्के के दो पहलू हैं। क्योंकि आरएसएस के मोहन भागवत और मुलायम सिंह यादव की गलबहियां जग जाहिर हो चुकी है। वह बुधवार को नॉर्मल स्कूल केराकत के मैदान में बसपा के सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पिछड़ा, दलित व अल्पसंख्यक विरोधी मानसिकता वाली भाजपा सरकार को उखाड़कर फेंकने का वक्त आ गया है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के नाम पर चंदे के रूप में इकट्ठे किए गए धन का इस्तेमाल सिर्फ पार्टी के हित में किया जा रहा है। इस सकार में किसान, छोटे व्यापारी, युवा, महिलाएं सभी के साथ अन्याय किया जा रहा है।
उन्होंने मुस्लिम समाज को आगाह करते हुए कहा कि सपा मुस्लिमों का वोट लेकर मुसलमानों के विरोध में कार्य करती है। मायावती के शासन में एक भी दंगा नहीं हुआ, वहीं सपा शासन में सर्वाधिक 134 दंगे हुए। जिसमें सबसे ज्यादा मुसलमानों को जन-धन दोनों की क्षति हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बसपा के सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय के नारे को चुराकर सबका साथ-सबका विकास का नारा देकर जनता का वोट लेकर सरकार तो बना ली। लेकिन, ठीक इसके उलट कार्य कर रही है।
इसके पहले सतीश चंद्र मिश्र के बेटे कपिल मिश्र ने भी अपने भाषण में युवाओं में जोश भरने का कार्य किया। वहीं, पूर्व राज्यसभा सांसद सालिम अंसारी ने कहा कि मुसलमानों को सपा से होशियार रहना होगा। क्योंकि इस पार्टी ने मुसलमानों को सिर्फ ठगने का कार्य किया है। इस अवसर पूर्व मंत्री नकुल दूबे, डा. लालबहादुर सिद्धार्थ, जिलाध्यक्ष राजकुमार गौत, महंत अवधेश भारद्वाज, दिनेश टंडन, सलीम खान, डा. संतोष कुमार मिश्र, रामचंदर गौतम आदि उपस्थित रहे।