सिकरारा। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर सिकरारा स्थित आयुर्वेद अस्पताल के पास शुक्रवार की शाम ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उस पर सवार एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो को स्थानीय चिकित्सक के यहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिकरारा बाजार के समीप मां शारदा बालिका विद्यालय के पीछे हाईटेंशन विद्युत टॉवर लगाने वाली कंपनी का स्टोर है। यहां से मजदूर बिजली के टॉवर निर्माण के लिए एंगल व अन्य सामान ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर निर्माण स्थल पर जा रहे थे। ट्रैक्टर जैसे ही आयुर्वेद अस्पताल के सामने पहुंचा तभी ओवरलोड होने के चलते अनियंत्रित होकर ट्राली पलट गई। ट्राली पर चार मजदूर ईदू शेख ( 42), बबलू शेख (20), फैजुल उर्फ सत्तार (18 ) और मेराजुल सवार थे। ट्राली पलटने से ईदू और बबलू शेख मलबे में दब गए। मौके पर ही ईदू शेख की मौत हो गई, जबकि बबलू शेख गंभीर रूप से घायल हो गए। मेराजुल व फैजुल को मामूली चोट आई। सभी मजदूर पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन जिले के इंग्लिश बाजार थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर थानाध्यक्ष अश्वनी दुबे, एसआई पारस नाथ यादव, विजय शंकर यादव, मोहम्मद सैफ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और निजी वाहन व एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान सड़क पर मलबा फैलने व ट्राली पलटने से आवागमन अवरुद्ध हो गया। वाहनों की कतार लग गई। काफी मशक्कत के बाद घंटे भर बाद आवागमन बहाल हो सका।