जौनपुर। सरपतहा थाने की पुलिस ने चोरी की बोलेरो, चार बाइक, दो तमंचों के साथ छह शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। बदमाश बड़ौदा यूपी बैंक की डीह अशरफाबाद शाखा में लूट की योजना बना रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें दबोचा। जबकि उनके पांच साथी अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गए। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ सरपतहा, खेतासराय, शाहगंज थाने में लूट, हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमें दर्ज हैं।
बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए एसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि सरपतहा थाने की पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर मंगलवार की रात में यूपी बड़ौदा बैंक की डीह अशरफाबाद शाखा के पास दबिश देकर छह बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए सभी बदमाश शातिर लुटेरे हैं। उनके खिलाफ शाहगंज, सरपतहा, खेतासराय थाने में लूट, हत्या के प्रयास समेत कई अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में इरकरार खान निवासी खरताबपुर, सद्दाम उर्फ भुनई निवासी कोईरीपुर, इन्द्रेश कुमार यादव, आशीष कुमार यादव उर्फ मोटू, विपिन कुमार, रवि प्रकाश उर्फ सचिन निवासी डेहरी शामिल हैं। उनके कब्जे से पुलिस ने चोरी की एक बोलेरो, चार बाइक, दो मोबाइल फोन, दो तमंचे बरामद किए हैं।