सिकरारा। मेंहदी स्थित जनता जनार्दन इंटर कालेज में दो दिवसीय सीनियर राज्य स्तरीय महिला पुरुष खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ। जिसमें सूबे के विभिन्न जनपदों से महिला और पुरुष की दस-दस टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहले दिन मेजबान जौनपुर और प्रयागराज के खिलाड़ियों ने खेल के हर पहलू पर अपने प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए अपना दबदबा कायम किया। महिला वर्ग में मेजबान जौनपुर की खिलाड़ियों ने झांसी को सात अंक और एक पारी व आजमगढ़ को पांच अंक व एक पारी से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। इसके साथ ही गोरखपुर ने लखनऊ को एक अंक से, रायबरेली ने झांसी को सात अंक से, गाजीपुर ने गाजियाबाद को पांच अंक एक पारी, रायबरेली ने आजमगढ़ को चार अंक व एक पारी से व आजमगढ़ ने झांसी को 6 अंक व एक पारी से हराया। पुरुष वर्ग में मेजबान जौनपुर ने मेरठ को चार अंक एक पारी, वाराणसी को दो अंक एक पारी से हराया। इसी के साथ आजमगढ़ ने लखनऊ को 12 अंक से, वाराणसी ने झांसी को आठ अंक व एक पारी, प्रयागराज ने लखनऊ को नौ अंक एक पारी से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। प्रतियोगिता देर रात तक चलती रही। मड़ियाहूं की ब्लॉक प्रमुख रेखा यादव ने शुभारंभ कराया। उनके साथ खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार यादव ने खिलाड़ियों से परिचय भी प्राप्त किया। अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक पूर्व जिला पंचायत सदस्य साहबलाल यादव ने तो संचालन विजय सिंह यादव और रविचंद्र यादव ने संयुक्त रूप से किया। आभार रविकांत मिश्र ने ज्ञापित किया। निर्णायकों में विनय कुमार जायसवाल, सत्यम मिश्र, नवनीत वर्मा, राधेश्याम यादव, अंकिता सिंह, ममता पांडेय, सुरेंद्र कुमार आदि प्रमुख थे।