जौनपुर में दो लोगों की मौत: चक्की में फंसकर मासूम की थम गई सांसें, जेसीबी के धक्के से घायल युवक की गई जान
Jaunpur News: जौनपुर में दो घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम की मौत के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं युवक की मौत के बाद पुलिस ने उसके शव को कब्जे में ले लिया।
विस्तार
मुंगराबादशाहपुर के पंवारा थाना क्षेत्र स्थित अमोध गांव में स्पेलर चक्की की पुल्ली में फंसकर ग्राम प्रधान के भतीजे के चीथड़े उड़ गए, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही गांव में सियापा और परिजनों में कोहराम मच गया।
पंवारा थाना क्षेत्र के अमोध गांव की महिला ग्राम प्रधान सुमन पटेल के भतीजे अमन (15) पुत्र शेष मणि रविवार की देर रात टहलते हुए पड़ोस के रामजनक पटेल की आटा चक्की मशीन पर चला गया, जहां तेल की पेराई हेतु स्पेलर मशीन चालू थी।
अमन का पैन्ट साफ्टीन पुल्ली में फंस गया। स्पेलर चला रहे रामजनक जब तक कुछ समझ पाते तब तक चलती चक्की की पुल्ली में फंसे अमन के चीथड़े उड़ गए तथा उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने कोहराम मच गया। चार भाई बहनों में अमन सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां शीला करूण क्रंदन करते हुए बेहोश हो गईं। होश आने पर फिर शव से लिपट कर चित्कार करने लगती रही है। भाई की मौत से आशीष, कार्तिक एवं इकलौती बहन साक्षी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
पिता शेषमणि सबसे छोटे पुत्र के गम में डूबे हुए हैं। परिजन घटना की सूचना पंवारा थाना पुलिस को दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार प्रयागराज में कर दिया है। इस बाबत पवांरा थानाध्यक्ष राज नारायण चौरसिया का कहना है घटना की जानकारी मिली थी लेकिन परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।
जेसीबी के धक्के से घायल युवक की मौत
रायबरेली जौनपुर मार्ग पर स्थित मिर्जापुर गांव के निकट जेसीबी के धक्के से घायल बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बड़ेरी गांव निवासी रविंद्र कुमार पाल (31) पुत्र तेज बहादुर पाल रविवार की रात मुंगरा बादशाहपुर से अपने घर लौट रहे थे।
जौनपुर रायबरेली हाइवे के मिर्जापुर गांव स्थित शैल पुत्री पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से आ रही जेसीबी असंतुलित होकर उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रविंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
अगल-बगल के लोगों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देते हुए शव को कब्जे में ले लिया।
मामले में प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना के बाद फरार जेसीबी और चालक को पुलिस ने पीछा कर घाटमपुर गांव के निकट हिरासत में ले लिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।