जौनपुर। राज्य महिला आयोग द्वारा विशेष जागरुकता शिविर एवं महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन टीडी महिला पीजी कालेज में किया गया। महिला जनसुनवाई के दौरान कुल 8 शिकायती प्रकरण प्राप्त हुए। इसमें घरेलू हिंसा, जमीन विवाद और प्रेम प्रसंग का प्रकरण रहा। राज्य महिला आयोग की सदस्य शशि मौर्य ने महिला थानाध्यक्ष से संबंधित थाना से रिपोर्ट मांगकर कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा महिलाओं एवं बेटियों हेतु विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। शासन द्वारा महिलाओं की हर संभव मदद की जा रही है। सरकार के द्वारा महिलाओं एवं बच्चों को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है। खुद को आगे बढ़ने हेतु महिलाओं को सक्षम बनना होगा। महिलाओं को समाज में अपने अधिकार के लिए लड़ने की आवश्यकता है। अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत ने कहा कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तहत कमजोर, असहाय लोगों का नि:शुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। निर्भया टीम की अध्यक्ष रेनू ने महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्यवाही के सुझाव दिए। इस दौरान सखी वेलफेयर की अध्यक्ष प्रीति गुप्ता, शोभना, उर्वशी सिंह, सीडीपीओ मनोज वर्मा, बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय, महिला कल्याण अधिकारी नीता वर्मा, जिला महिला समन्वयक प्रतिभा सिंह सहित अन्य उपस्थित रहें।