जौनपुर। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मंगलवार को सीएमओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम समन्वयक आयुष्मान भारत डॉ. बद्री विशाल पांडेय, कनिष्ठ सहायक विवेक मौर्य, अपर शोध अधिकारी मणींद्र प्रताप सिंह, कनिष्ठ सहायक राजशेखर तिवारी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यालय में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। आलमारी का रख-रखाव ठीक से किया जाए। उन्होंने कोल्डचेन रूम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सेल, प्रधानमंत्री जन आरोग्य सेल का भी निरीक्षण किया। आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों पर आने वाले औसत खर्च की जानकारी ली। कोविड-19 वैक्सीन स्टोर का भी हाल जाना। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार से आयुष्मान योजना के तहत मरीजों के इलाज में संख्या बढ़ाने को कहा। डॉ. जियाउल हक से कोरोना केस की स्थिति की जानकारी ली। इस अवसर पर डॉ. आईएन तिवारी, डॉ. राजीव यादव, डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. सत्यनारायण हरीशचंद्र, धीरज यादव, हिमांशु शेखर सिंह आदि उपस्थित रहे।