जलालपुर (जौनपुर)। जलालपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोचन महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा चेन स्नेचरों ने उठाया। चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात थी। इसके बावजूद पांच महिलाओं की चेन छिन गई।
कोठवा जलालपुर निवासी नगीना सक्सेना, सरस्वती देवी बजरवा कठेरवा वाराणसी, अंजनी सोनकर पराऊगंज समेत पांच महिलाओं की सोने की चेन स्नेचरों ने गायब कर दी। मेले की सुरक्षा के लिए छह एसएसओ, 28 उपनिरीक्षक, 40 हेड कांस्टेबल, 70 कांस्टेबल, 22 महिला पुलिस, दो सेक्शन पीएसी, क्यूआरटी, एक निरीक्षक और पुलिस के 15 सिपाहियों को तैनात किया गया था। इसके बावजूद उचक्के सक्रिय रहे। व्यापार मंडल अध्यक्ष अनुराग वर्मा का कहना है कि गाडिय़ों की लंबी लाइन त्रिलोचन बाजार से फूलपुर पिंडरा तक लगी रही, जिसके चलते श्रद्धालुओं को परेशान होना पड़ा। सुरक्षाकर्मी इंतजाम ठीक से नहीं कर पाए।