जौनपुर। कोरोना की रफ्तार सोमवार को भी रही। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 188 नए केस मिले हैं। सर्वाधिक 45 केस मछलीशहर के हैं। जिला अस्पताल में एंटीजन किट से हुई जांच में भी 30 लोग संक्रमित पाए गए। एक्टिव केस की संख्या अब 1058 हो गई है। इसमें 972 मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 70 मरीजों का उपचार अन्य जिलों में चल रहा है। सोमवार को जिले में 1261 मरीजों का एंटीजन किट से जांच की गई। इसमें 111 संक्रमित पाए गए। जिला अस्पताल में 187 लोगों ने जांच कराई, इसमें 30 संक्रमित मिले। जिला अस्पताल के सीएमएस की कोविड पॉजिटिव हुए हैं। इससे पहले अस्पताल के कई चिकित्सक व कर्मचारी भी संक्रमित हुए थे। सभी ने वैक्सीन की दोनों डोज भी लगवाई थी, बावजूद वह संक्रमण की चपेट में आए हैं। मछलीशहर में 167 लोगों की एंटीजन किट से जांच हुई, जिसमें 45 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बामी गांव में एक ही परिवार के 18 सदस्यों में से 13 लोगों की रिपोर्ट रही। सर्वोदय इंटर कॉलेज में 11 लोगों की जांच में 2 शिक्षक पॉजिटिव पाए गए। सरायदेवा गांव में 6 लोगों की जांच में एक वृद्धा और रामगढ़ गांव में 12 लोगों की जांच में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई। जांच टीम में डॉ. बीएल यादव, लैब टेक्नीशियन भोलानाथ गुप्ता, अभिषेक यादव, कंचन कुमारी आदि शामिल रहे। शाहगंज में 12, रामनगर में 14, मड़ियाहूं में छह, खुटहन में 12 मरीज मिले हैं। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि जौनपुर जंक्शन पर 177 व शाहगंज में 149 समेत पूरे जिले में 3098 लोगों की जांच की गई। इसमें 2279 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिले में अब तक कोरोना के कुल संक्रमित 7951 हो गए हैं। इसमें 103 की मौत हुई है।
ंजय, शैल कुशवाहा, कमलेश पटेल आदि रहे।