जौनपुर। जिला स्वच्छता समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी गौरव वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। जिसमें सीडीओ ने बताया कि बेसलाइन सर्वे- 2012 में छूटे हुए / वंचित परिवारों के अप्रूवल पर छूटे हुए / वंचित 1,32,665 लाभार्थियों की भारत सरकार की वेबसाइट पर फीडिंग कराई जा चुकी है। उनके शौचालय का निर्माण कार्य 31 जनवरी 2019 तक पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों का खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सत्यापन कराया गया जिसमें जनपद में 10,311 लाभार्थी अपात्र पाए गए है।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत चयनित मैन पावर एजेंसी एवं कार्यरत मैन पावर के सेवा विस्तार का प्रस्ताव मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने मैनपावर एजेंसी का कार्यकाल 31 मार्च 2019 तक बढ़ाने की सहमति दी। उन्होंने दो अतिरिक्त जिला समन्वयक रखने का निर्देश दिया। सीडीओ ने कहा कि खंड विकास अधिकारी अपने ब्लाक में माडल शौचालय का निर्माण जल्द करा लें। स्वच्छाग्रहियों की मीटिंग 15 दिन में अवश्य करें और उनसे प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त करें। इस मौके पर परियोजना निदेशक अरविंद सिंह, डीपीआरओ एवं जिले के सभी खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।