जिंदगी निगल रही बेकाबू रफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई। पूरे जिले में बेकाबू रफ्तार लोगाें की जिंदगी निगल रही है। हादसों पर हादसे हो रहे हैं मगर जिम्मेदार चेत नहीं रहे हैं। आलम यह है कि स्पीड पर लगाम लगाने के लिए स्कूलों, घनी आबादी आदि स्थानों के सामने सड़कों पर स्पीड ब्रेकरों के निर्माण की दरकार है मगर स्पीड ब्रेकर नहीं बन पा रहे हैं। इस कारण हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने हादसों के बाद कई बार स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए जाम भी लगाया, लेकिन हर बार अधिकारियों ने आश्वासन की घुट्टी पिलाकर शांत कर दिया। शहर में ही तमाम स्थानों पर स्पीड ब्रेकरों का न बनना जिम्मेदारों को आईना दिखा रहा है।
केस 1- शहर के सांडी चुंगी से लेकर बिलग्राम चुंगी तक बाईपास की सड़क पर कहीं ब्रेकर नहीं हैं। इस सड़क पर रफ्तार में वाहन दौड़ते हैं। एक मार्च को तेज रफ्तार डीसीएम ने एक सात साल की बच्ची को कुचल दिया था। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर सड़क जाम लगाया था। सीओ सिटी व एसडीएम के समझाने पर डेढ़ घंटे के बाद जाम खुला था। इसके बाद भी अभी तक स्पीड ब्रेकर नहीं बना है।
केस 2- फरवरी के दूसरे सप्ताह में कोतवाली के पास सांडी रोड पर तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। इस मार्ग पर पर नुमाइश चौराहा से बावन चुंगी तक कई स्कूल और कोचिंग संस्थाएं हैं। सड़क के किनारे घनी आबादी है कई बार कोतवाली के पास एवं एसबीबी कालेज के पास स्पीड ब्रेकर की मांग हो चुकी है मगर स्पीड ब्रेकर नहीं बन सका।
केस 3- पिछले वर्ष डाकघर तिराहे के पास टेंपो पलटने से लोग घायल हो गए थे। इस तिराहे पर अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं मगर वहां पर न तो तिराहे का निर्माण हो रहा है और न ही स्पीड ब्रेकर बनाए जा रहे हैं। जब कि इस तिराहे के निकट भारी संख्या में लोगों का पैदल आवागमन होता है। पैदल सुरक्षित निकलना मुश्किल है क्यों कि यहां हर समय तेज रफ्तार भारी वाहनों का आवागमन है।
केस- 4 - पिछले साल डीएम कार्यालय के सामने चौराहे पर एक्सीडेट में एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। इस तिराहे पर आए दिन एक्सीडेंट होते रहते हैं मगर न तो चौराहे का निर्माण हो रहा है और न ही चारों ओर सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बन रहे हैं जिसके कारण हर समय खतरा मंडराता रहता है।