फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ayodhya News ›   AYODHYA

किसानों के हित के लिए भाजपा सरकार ने किए ऐतिहासिक कार्य : मुख्यमंत्री

Sun, 20 Dec 2020 09:41 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Sun, 20 Dec 2020 09:41 PM IST
विज्ञापन
AYODHYA
मिल्कीपुर। किसानों के हित के लिए भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। देश व प्रदेश की सरकार किसानों के हित के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2022 में किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प के तहत आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय में 90 करोड़ की परियोजना का शुभारंभ किया गया है। इससे किसानों की समृद्धि व खुशहाली का मार्ग प्रशस्त होगा। यह बात उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही। वह रविवार को आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह के बाद किसान सम्मेलन में मौजूद किसानों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 95 करोड़ रुपए की लागत से 39 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
विज्ञापन

किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, सरकार बनते ही पहली ही कैबिनेट में किसानों का ऋण माफ करने का काम किया। यही नहीं कर्ज मुक्त प्रमाण पत्र पार्टी के सांसद और विधायक लेकर किसानों के घर-घर पहुंचे थे। कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों के साथ कृषि विज्ञान केंद्रों की श्रृंखला खड़ी करके किसानों को तकनीक से जोड़ने का काम किया जा रहा है। बीते 3 वर्ष के दौरान 20 कृषि विज्ञान केंद्रों को स्थापित किया गया, जिसमें 8 केंद्र कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज अंतर्गत खोला गया। कहा कि देश व प्रदेश की सरकार बिना भेदभाव 135 करोड़ आबादी वाले इस देश के पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। कहा कि यह बताने की जरूरत है कि लाभार्थियों की पात्रता का निर्धारण बीते वर्ष 2011-12 में विपक्षी सरकारों ने की थी, सरकार ने निर्धारण तो कर लिया था किंतु उन पात्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचाया था।
विज्ञापन

वर्षों से लंबित पड़ी स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक न्यूनतम समर्थन मूल्य देने की एमएसपी की गारंटी लागू कर दिया गया है। 2019 में किसानों के लिए किसान सम्मान निधि का लाभ 2 करोड़ 30 लाख किसानों को प्राप्त हुआ है। आगामी 25 दिसंबर को फिर प्रधानमंत्री 1.18 लाख करोड़ रुपये किसान सम्मान निधि के रूप में किसानों के खाते में भेजने जा रहे हैं। कहा कि किसानों को गुमराह करने का काम वही लोग कर रहे हैं, जिन्हें जनता नकार चुकी है। वही लोग देश में प्रदेश में अराजकता फैला रहे हैं, किसानों को गुमराह करके यह कहना किसी बिल लागू होने के बाद एमएसपी समाप्त हो जाएगी, मंडी समितियां समाप्त हो जाएगी। यह सब भ्रम फैलाकर आपसी सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

न एमएसपी खत्म होगी, न ही मंडियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं किसानों से यह वादा करता हूं कि न तो एमएसपी खत्म होगी और न ही मंडी समितियां किसानों को यदि मंडी से भी ज्यादा मूल्य कहीं मिलता है तो भी किसान स्वतंत्र होगा उस पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। कांटेक्ट आपसी सहमति से होता है, कांटेक्ट खेती को पूरी तरह से संरक्षित करने का काम सरकार कर रही है। कहा कि साढे तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान भारतीय जनता पार्टी की सरकार अन्नदाता के कार्यों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का काम कर रही है। कहा कि 1.12 लाख करोड़ मूल्य भुगतान गन्ना किसानों को किया गया है। किसानों के खाते में सीधे भुगतान पहुंच रहा है। कहा कि उनकी सरकार से रिकॉर्ड तोड़ गेहूं और धान की खरीद हुई है, कोरोना काल में भी चीनी मिले नहीं बंद होने दिया। किसानों की आय दोगुनी करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार देने, रोजगार से जोड़ने का कार्य करने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटी हुई है।
राम मंदिर का शिलान्यास कर पीएम ने 500 वर्ष पुरानी इच्छा की पूरी
किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 5 अगस्त को अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए शिलान्यास कर प्रधानमंत्री ने 500 वर्ष लंबी पूर्वजों की इच्छा को पूरा किया है। अब अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन जाने के बाद अयोध्या पूरे विश्व के पटल में सबके सामने भव्य व नए रूप में नजर आएगी। इसको लेकर करोड़ों की योजनाओं पर काम किया जा रहा है, जल्द ही अयोध्या दुनिया की सबसे खूब सूरत नगरी के रूप मे स्थापित होगी।
प्रदेश के सभी किसानों का 10 हजार तक का कर्ज माफ किया : शाही
अयोध्या। किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश के कृषि एवं कृषि शिक्षा मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पहली बार प्रदेश के सभी किसानों का 10 हजार तक का कर्ज माफ किया है। कृषि शिक्षा पर 3.45 लाख करोड़ रुपये योगी सरकार ने पहली बार खर्च किया है। कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक खाद्यान्न उत्पादन का प्रदेश हो गया है। 43 लाख मैट्रिक टन गेहूं की खरीदारी की गई है। 1100 किसानों को अनुदान पर ट्रैक्टर दिया गया है। दो करोड़ 30 लाख किसानों के खाते में 23 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। दूध एवं मत्स्य उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है।
वहीं, अयोध्या सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि विदेशी षड्यंत्र कार्यों के इशारे पर किसान बिल के खिलाफ साजिशकर्ता लोग धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके पास कोई मुद्दा ही नहीं है। इस समय देश में मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का ही गुणगान हो रहा है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू है। दुनिया में अयोध्या एक विशाल और खुशहाल नगरी बनने जा रही है। वहीं, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा, गोसाईगंज विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू ने कहा कि किसानों के लिए अब तक की सरकारों के इतिहास में भाजपा सरकार सबसे ज्यादा फिक्रमंद दिखाई देती है। इसके अलावा किसान सम्मेलन को कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत व कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति सहित कई प्रोफेसरों ने अपना संबोधन दिया।
95 करोड़ की लागत से 39 परियोजना का किया लोकार्पण
मिल्कीपुर। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज में निर्धारित कार्यक्रम से 50 मिनट विलंब से करीब 1 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लैंड हुआ। परिसर में पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आचार्य नरेंद्र देव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में 50 विभागों द्वारा लगाई गई कृषि प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। 1:15 बजे मुख्यमंत्री किसानों को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंचे और मंच पर दीप प्रज्वलन कर के कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने 95 करोड़ की लागत से 39 परियोजना का लोकार्पण भी किया।
इसके बाद मंच पर उपस्थित नेताओं व अन्य गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति बृजेंद्र सिंह ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व सांसद लल्लू सिंह के साथ सभी विधायकों के साथ किसानों के हल के प्रतीक चिन्ह को मुख्यमंत्री को भेंट किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मान पत्र तथा अनुदान का चेक व ट्रैक्टर की चाभी एवं स्वयं सहायता समूहों को अनुदान प्रदान किया।
इन अग्रणी किसानों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने राम सिंह ग्राम खंडासा को परवल, हरी मिर्च, प्याज, आलू की उत्कृष्ट खेती के लिए सम्मानित किया गया। ग्राम मुंगीसपुर जनपद अयोध्या के किसान हरीनाथ पुत्र जगलाल को संरक्षित कृषि अपनाकर सब्जियां गोभी, टमाटर, बैंगन, लौकी, तरोई में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। नवनीत वर्मा ग्राम तेजवापुर जनपद बाराबंकी को केले की वृहत पैमाने पर खेती कर अन्य कृषकों को प्रोत्साहित करने के लिए, माया चौधरी ग्राम मझाउवा जनपद सिद्धार्थनगर को समन्वित कृषि प्रणाली अपनाकर नर्सरी मशरूम को कुक्कुट, मछली पालन में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए सम्मानित किया गया।
आज्ञाराम वर्मा ग्राम खरका देवरी जनपद बस्ती को नवोन्मेषी अभिनव प्रयोगों को अपनाकर छोटे हार्वेस्टर मशीन बनाई जो कृषकों के बीच लोकप्रिय हो रही है। इसके लिए इन्हें सम्मानित किया गया। सुरेंद्र प्रसाद पाठक ग्राम उर्मिला ब्लॉक सेमरियावां जनपद संत कबीर नगर को हैप्पी सीडर के माध्यम से धान एवं गेहूं फसल अवशेष प्रबंधन उपज पिछले दो वर्षों से प्राप्त कर रहे हैं। जो कृषकों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। इन्हें भी मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। शोएब आजमी ग्राम राजापुर सिकरौर जनपद आजमगढ़ को कड़कनाथ प्रजाति के कुक्कुट पालन एवं हैचरी स्थापित कर कृषकों को चूजे उपलब्ध कराने एवं नए व्यवसाय को प्रोत्साहित कर जनपद में अलग पहचान बनाने के लिए सम्मानित किया गया। इसी तरह से शिवेंद्र सिंह ग्राम दिवाकपुर ब्लॉक हरैया जनपद बस्ती को मशरूम उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
प्रदर्शनी में एग्री एसोसिएशन के गुड़ की धूम रही
कुमारगंज। उत्तर प्रदेश शासन के कृषि विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय किसान सम्मेलन एवं कृषि प्रदर्शनी में पूरा बाजार के अयोध्या धाम एग्री एसोसिएशन के डायरेक्टर अवधेश प्रताप सिंह द्वारा निर्मित गुड़ के धूम मची रही। ढाई सौ रुपये किलो वाला गुण मात्र एक घंटे में ही समाप्त हो गया। हालांकि इनके पास चार ब्राइटी के गुण उपलब्ध थे जिन्हें किसानों ने भरपूर खरीदारी की। उनका कहना है कि वह अपने गुण को शुद्ध देसी घी के साथ सूखे मेवे सोडियम काली मिर्च डालकर बनाते हैं जो अपने क्षेत्र में ही नहीं पूरे देश में दिख रहा है।

साथ ही साथ विदेशों से भी गुड़ की डिमांड हो रही है। सोहावल अयोध्या के प्रगतिशील किसान राकेश प्रसाद द्विवेदी का कहना है कि किसानों को रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों का पूर्णतया बहिष्कार कर प्राकृतिक खेती अपनाना होगा। वह सेंटेड राइस मेडिकेटेड राइस कार्बनिक गुड एवं जैविक मटर की खेती कर प्रदेश स्तर पर अपना नाम कमा रहे हैं, उनका कहना है कि किसान इससे उत्पादन के साथ स्वास्थ्य एवं अच्छी गुणवत्ता वाले फसलों का उत्पादन कर सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed