{"_id":"64186cce748ac43d5f0c4f28","slug":"ayodhya-champat-rai-said-about-five-thousand-players-will-participate-in-the-competitions-2023-03-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ayodhya : चंपत राय ने कहा, रामजन्म महोत्सव पर होने वाली प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे करीब पांच हजार खिलाड़ी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ayodhya : चंपत राय ने कहा, रामजन्म महोत्सव पर होने वाली प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे करीब पांच हजार खिलाड़ी
Mon, 20 Mar 2023 07:55 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
संवाद न्यूज एजेंसी, अमर उजाला, अयोध्या
संवाद न्यूज एजेंसी, अमर उजाला, अयोध्या
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Mon, 20 Mar 2023 07:55 PM IST
सार
श्रीरामजन्म महोत्सव की सोमवार को जानकारी देते हुए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि चैत्र नव संवत्सर का शुभारंभ 22 मार्च से हो रहा है। इतिहास में पहली बार नौ दिवसीय भव्य उत्सव का आयोजन हम करने जा रहे हैं।
विज्ञापन
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय
विस्तार
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा गठित श्रीराम जन्म महोत्सव समिति द्वारा श्रीराम नवमी पर होने वाली प्रतियोगिता की तैयारी तेज हो गई हैं। नौ दिवसीय श्रीरामजन्म महोत्सव में खेल प्रतियोगिता, श्रीरामकथा व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 22 मार्च को रन फॉर राम के साथ होगा। इसके लिए अब तक 2100 लोगों ने पंजीकरण करा लिया है।
विज्ञापन
श्रीरामजन्म महोत्सव की सोमवार को जानकारी देते हुए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि चैत्र नव संवत्सर का शुभारंभ 22 मार्च से हो रहा है। इतिहास में पहली बार नौ दिवसीय भव्य उत्सव का आयोजन हम करने जा रहे हैं। नव संवत्सर की पूर्व संध्या पर 21 मार्च को रामकोट की परिक्रमा की जाएगी। 22 मार्च से नौ दिवसीय उत्सव का आगाज खेल प्रतियोगिताओं के साथ होगा।
विज्ञापन
बताया कि 22 मार्च को कलारी पट्टू की प्रस्तुति, साइकिल दौड़ व मैराथन का आयोजन होगा। 21 किलोमीटर रन फॉर राम के लिए अब तक 2100 व साइकिल दौड़ के लिए 900 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। खेल प्रतियोगिताओं में करीब पांच हजार खिलाड़ियों के प्रतिभाग करने की संभावना है। विजेता टीमों व खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। अलग-अलग प्रतियोगिताओं के लिए कुल 12,45,300 रुपये की इनामी राशि घोषित की गई है।
विज्ञापन
बताया कि प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उभरते खिलाड़ियों, कलाकारों व कथाव्यास को अवसर दिया जाएगा। प्रतियोगिता में केवल अवध क्षेत्र के खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकेंगे। चंपत राय ने बताया कि बाहर से जो भी खिलाड़ी, प्रतिभागी आएंगे उनके रहने, खाने की निशुल्क व्यवस्था की जाएगी। प्रतियोगिताएं रामनवमी मेले के दौरान हो रही हैं, इसलिए अयोध्या आने वाले भक्तों की सुविधा को देखते हुए प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार की जा रही है। खेल प्रतियोगिता के अलावा हर रोज डॉ. चैतन्य योगाभ्यास कराएंगे। संगीत, कवि सम्मेलन, मानस पाठ का आयोजन हर दिन होगा। इस दौरान समिति से जुड़े महंत गिरीशपति त्रिपाठी, गोपालजी, शरद शर्मा आदि मौजूद रहे।
ऑनस्पाट भी होगा पंजीकरण
रामजन्मभूमि महोत्सव समिति से जुड़े शिवम मिश्र ने बताया कि प्रतियोगिता के दिन जो रन फॉर राम व साइकिल दौड़ में शामिल होने जाता है, उसका तत्काल रजिस्ट्रेशन हो सकेगा। बताया कि प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश की हर खेल की आठ बेस्ट टीमें भी शामिल होंगे। ओलंपिक एसोसिएशन यूपी की निगरानी में प्रतियोगिताएं होंगी। बताया कि नौकायन प्रतियोगिता में स्थानीय लोगों को ही अवसर दिया जाएगा।
ट्रस्ट ने शुरू की जन्म महोत्सव की ब्रांडिंग
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने नौ दिवसीय जन्म महोत्सव की ब्रांडिंग भी तेज कर दी है। शहर में जगह-जगह उत्सव को लेकर बैनर, पोस्टर, होर्डिंग लगाई जा रही है। जिसके जरिए स्थानीय लोगों, पर्यटकों व श्रद्धालुओं को नौ दिवसीय उत्सव की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा उत्सव समिति से जुड़े लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर भी उत्सव का प्रचार करते हुए लोगों से शामिल होने की अपील की जा रही है। संवाद
रामजन्ममहोत्सव खेल प्रतियोगिता के कार्यक्रम
तिथि- खेल का नाम- स्थान- समय
22 मार्च- कलारी पट्टू- भजन संध्या स्थल- सुबह 5 बजे
22 मार्च- साइकिल दौड़- भजन संध्या स्थल- सुबह 6 बजे
22 मार्च- मैराथन- भजन संध्या स्थल- सुबह 6 बजे
23 मार्च- खो-खो-भजन संध्या स्थल- शाम 4 बजे
23 मार्च- तलवारबाजी- भजन संध्या स्थल- सुबह 7 बजे
24-25 मार्च- कबड्डी-भजन संध्या स्थल- सुबह 7 बजे
24-25 मार्च- आत्या-पात्या- भजन संध्या स्थल- सुबह 7 बजे
26 मार्च- नौकायन- सरयू नदी- अपराह्न 3 बजे
26-27 मार्च- वॉलीबॉल- भजन संध्या स्थल- सुबह 7 बजे
26-27 मार्च- मलखम- भजन संध्या स्थल- सुबह 7 बजे
28 मार्च- दंगल- राम की पैड़ी- सुबह 7 बजे