कोरोना वायरसः सीएम योगी ने की जनता से कर्फ्यू को सफल बनाने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से कोरोना की महामारी से निपटने के लिए रविवार 22 मार्च को जनता कर्फ्यू को सफल बनाने की अपील की है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने गुरुवार को देशवासियों से खुद को कोरोना के संक्रमण से स्वयं को बचाने का संकल्प लेने की अपील की थी। इसके लिए उन्होंने भीड़भाड़ से बचने का सुझाव दिया था। उन्होंने घबराहट में खाद्य पदार्थों की जमाखोरी न करने की भी अपील की थी।
साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को 10 लोगों को फोन के जरिये कोरोना से बचने के उपायों के विषय में जानकारी देने का भी सुझाव दिया था। साथ ही जनता कर्फ्यू का पालन करने के लिए भी कहा था। उन्होंने परिवार के 60 से 65 वर्ष के वृद्धजनों को घर में ही रहने की अपील की थी। रुटीन चेकअप के लिए अस्पताल न जाने का भी सुझाव दिया था, ताकि अस्पतालों पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
प्रधानमंत्री की इस अपील के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने इन सुझावों को मानते हुए कोरोना की रोकथाम को प्रभावी बनाने में जनसहयोग का आह्वान करते हुए 22 मार्च को जनता कर्फ्यू को सफल बनाने का आग्रह किया है।