{"_id":"56e5b1dd4f1c1b63468b456a","slug":"ashok-lots-trijunction-den-of-hooligans-and-alcoholics","type":"story","status":"publish","title_hn":"अशोक लाट तिराहा गुंडों और शराबियों का अड्डा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
अशोक लाट तिराहा गुंडों और शराबियों का अड्डा
ब्यूरो/अमर उजाला,बांदा
Updated Mon, 14 Mar 2016 12:10 AM IST
विज्ञापन
रविवार को शाम अशोक लाट तिराहे पर अराजकतत्वों के हंगामे से नेशनल हाइवे पर लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। डीएम और एसपी कार्यालय की नाक तले वीआईपी क्षेत्र में स्थित अशोक लाट तिराहा शराबियाें, गुंडों और अराजकतत्वों का अड्डा बन गया है। यहां आए दिन महिलाओं से छेड़छाड़ भी हो रही है। मारपीट और असलहों के प्रदर्शन से नेशनल हाइवे पर जाम लग जाता है। पुलिस का कहीं अता-पता नहीं रहता। रविवार को भी जमकर हंगामा हुआ। इस कारण देर तक जाम लगा रहा।
विज्ञापन
अशोक लाट तिराहे पर शाम होते ही दारूबाजों और अराजकतत्वों का जमघट शुरू हो जाता है। इनमें सिविल लाइन, इंदिरा नगर, आवास विकास, डीएम कालोनी आदि इलाकों के अच्छे घरानों के बिगड़ैल युवक भी शामिल होते हैं। अंडे के ठेले से ‘चखना’ बनवाकर सड़क किनारे ही खड़ी कारों और बाइकों पर बैठकर शराब के जाम टकराते हैं।
विज्ञापन
सिविल लाइन चौकी पुलिस इंचार्ज से लेकर कांस्टेबिल तक यहां भूले से नहीं आते। ये सिर्फ वाहनों से वसूली में व्यस्त रहते हैं। रविवार को शाम सात बजे तिराहे पर अराजकतत्वों ने जमकर अराजकता की। शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने पान की दुकान का सामान सड़क पर फेंक दिया।
विज्ञापन
गुंडई और हंगामे से नेशनल हाइवे पर ट्रैफिक ठप हो गया। दोनों ओर वाहन खड़े हो गए। संकट मोचन मंदिर जा रहीं महिलाएं भी असहज होकर इधर-उधर हो गईं। देर तक चले हंगामे के बावजूद पुलिस का कहीं पता नहीं रहा। सीओ सिटी विनोद सिंह को फोन पर सूचना दी गई। करीब 40 मिनट बाद सिविल लाइन चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह आए। इसके पहले ही अराजकतत्व फरार हो गए।