Ayodhya: बारिश में परिक्रमा पथ की दुश्वारियों पर रामभक्तों की आस्था रही भारी, ड्रोन से निगरानी; एटीएस भी तैनात
अयोध्या में बारिश के बीच परिक्रमा पथ की दुश्वारियों पर रामभक्तों की आस्था भारी रही। इस दौरान ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा को देखते हुए एटीएस भी तैनात है। आगे पढ़ें पूरा अपडेट...
विस्तार
रामनगरी अयोध्या में गुरुवार को राम नाम जप के साथ आस्था के 14 कोस पर परिक्रमा करने के लिए लाखों श्रद्धालु बढ़ते रहे। अयोध्या में इस समय हर तरफ भक्तिमय उल्लास छाया हुआ है। जय श्रीराम का उद्घोष वातावरण में गूंज रहा है। अनवरत हो रही बारिश के बीच श्रद्धालु पुण्य की कामना के साथ परिक्रमा कर रहे हैं।
इनमें हर आयु वर्ग के महिला, पुरुष, बच्चे और युवा शामिल हैं। इस दौरान सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। एटीएस के साथ पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा की कमान संभाल रखी है।
शुभ मुहूर्त में भोर में 4:50 बजे शुरू हुई परिक्रमा आज पूरे दिन के बाद रात में भी जारी रहेगी। इसमें 25 लाख के करीब श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। परिक्रमा शुरू करने के पहले और फिर खत्म करने के बाद सरयू स्नान के साथ राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन का भी दौर जारी है।
कीचड़ और कंकड़ में चले नंगे पांव
14 कोसी परिक्रमा के दौरान लगातार हो रही बारिश के बीच परिक्रमा पथ पर तमाम तरह की दुश्वारियों पर रामभक्तों की आस्था भारी पड़ रही है। परिक्रमा पथ ज्यादातर स्थानों पर पक्का है तो कई जगह कच्ची रोड भी है। ऐसे में श्रद्धालुओं को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। पैरों में कंकड़ और गिट्टियां भी चुभ रही हैं। इसके बावजूद उनके माथे पर शिकन तक देखने को नहीं मिल रही है।
हर कोई अपने आराध्य श्रीराम की भक्ति से सराबोर है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना भी की। नंगे पांव 14 कोस के परिक्रमा पथ पर पैदल चलने के दौरान उन्हें कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन उनके मुंह से उफ्फ तक नहीं निकल रही।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.