{"_id":"124-51843","slug":"Lucknow-51843-124","type":"story","status":"publish","title_hn":"नटवर गोयल पर एक और मुकदमा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नटवर गोयल पर एक और मुकदमा
Lucknow
Updated Sun, 03 Feb 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
लखनऊ। पत्रकारों से अभद्रता पर राज्यमंत्री पद से हटाए गए नटवर गोयल ने अब एक वकील से गाली-गलौज के साथ उसे जान से मारने की धमकी दी। मकान देने के लिखित अनुबंध से मुकरे नटवर को वकील उलाहना देने गया था। वकील ने कैसरबाग कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, आलमबाग के जयप्रकाश नगर निवासी वकील अर्जुन कुमार कौशल ने नटवर गोयल पर वादाखिलाफी, गाली-गलौज व जानमाल की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट लिखाई है। अर्जुन का कहना है कि लालबाग के वाल्मीकि मार्ग स्थित अयोध्या हाउस में दस साल से एक कमरा उसके पास था। नटवर गोयल ने अयोध्या हाउस खरीदने पर किराएदारों को मुआवजा देकर कमरे खाली कराए व कुछ लोगों से नवनिर्माण के बाद आवास देने का वादा किया। उसने अर्जुन से 29 नवंबर 2011 को लिखित अनुबंध किया था कि नवनिर्माण के बाद एक कमरे का आवास देगा। अर्जुन का कहना है कि अनुबंध के डेढ़ साल बीतने के बाद भी नटवर गोयल ने न तो आवास दिया और न ही मुआवजा दिया। इस पर अर्जुन अपने साथी राजेश वैश्य को साथ लेकर शुक्रवार शाम नटवर गोयल के ऑफिस पहुंचा। अर्जुन ने नटवर गोयल पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए आवास का तगादा किया। इस पर नटवर ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए ऑफिस से खदेड़ दिया। नटवर के साथ उसके कारिंदों को आस्तीन समेटते देख अर्जुन व राजेश लौट गए। उन्होंने कैसरबाग कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। उल्लेखनीय है कि राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त नटवर गोयल ने अयोध्या पैलेस के निर्माण में गड़बड़ घोटाले की कवरेज करने गए एक प्रेस फोटोग्राफर पर हमला किया था। विरोध जताने पहुंचे पत्रकारों से जमकर अभद्रता की। नटवर की करतूत से सरकार की छवि धूमिल होती देख मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उसे राज्यमंत्री के पद से बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद कैसरबाग पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके कई घंटे ड्रामे के बाद उसकी गिरफ्तारी की थी।
विज्ञापन