Guarantee Vs Warranty: गारंटी और वारंटी के बीच का अंतर जानते हैं आप? अगर नहीं, तो जान लीजिए आज
Difference Between Warranty and Guarantee: कई लोग ऐसे हैं, जिनको इस बारे में पता नहीं है कि गारंटी और वारंटी के बीच क्या अंतर होता है? अगर आप भी इस विषय के बारे में जानना चाहते हैं, तो आज हम आपको इसी बारे में बताने जा रहे हैं।
विस्तार
Difference Between Warranty and Guarantee: आज के समय हम एक उपभोक्तावाद के दौर में जी रहे हैं। इंटरनेट के इस युग में बाजार भी ऑनलाइन हो गया है। हमारा समाज उपभोक्तावादी संस्कृति में डूब चुका है। वस्तुओं की खरीदारी अब केवल आवश्यकता तक सीमित नहीं है बल्कि अब उसे स्टेटस सिंबल के तौर पर खरीदा जा रहा है। इस दौर में लोग अधिक से अधिक वस्तुओं और सेवाओं को खरीदने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
अक्सर जब हम किसी स्मार्टफोन, वाशिंग मशीन, गैजेट्स या किसी दूसरे जरूरी उपकरण को खरीदते हैं तो उस पर मिलने वाली वारंटी और गारंटी को जरूर चेक करते हैं। हालांकि, कई लोग ऐसे हैं, जिनको इस बारे में पता नहीं है कि गारंटी और वारंटी के बीच क्या अंतर होता है? अगर आप भी इस विषय के बारे में जानना चाहते हैं, तो आज हम आपको इसी बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं -
वारंटी
विक्रेता की ओर से जिस उत्पाद को आप खरीदते हैं उस पर आपको एक निश्चित समयसीमा के लिए वारंटी दी जाती है। वारंटी पीरियड में अगर उत्पाद खराब हो जाता है। इस स्थिति में उस उत्पाद को कंपनी द्वारा ठीक किया जाता है। इसे ही वारंटी कहा जाता है।
वारंटी क्लेम करने के लिए ग्राहक के पास उस वस्तु या उत्पाद का पक्का बिल या वारंटी कार्ड का होना जरूरी है। ज्यादातर उत्पादों की वारंटी 1 साल की होती है। अगर कोई ग्राहक वारंटी पीरियड बीत जाने के बाद उत्पाद को ठीक कराने के लिए जाता है तो कंपनी का दायित्व उसको ठीक करने का नहीं होता है।
Did You Know: आधार कार्ड में कितनी बार बदला जा सकता है नाम? जानिए क्या है इसको लेकर नियम
गारंटी
यदि विक्रेता ने किसी उत्पाद पर गारंटी दी है और गारंटी पीरियड में वह उत्पाद खराब हो जाता है, तो ऐसी स्थिति में कंपनी ग्राहक को उस उत्पाद के बदले नया उत्पाद देगी। इसमें ग्राहक से किसी भी प्रकार का कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता है।
गारंटी को क्लेम करने के लिए भी आपके पास वस्तु या उत्पाद का पक्का बिल या गारंटी कार्ड का होना जरूरी है। आमतौर पर गारंटी पीरियड भी 1 साल का होता है। गारंटी पीरियड के खत्म होने के बाद दुकानदार वस्तु या उत्पाद को बदलने के लिए बाध्य नहीं होता है।