सानिया-हिंगिस की जोड़ी ने कर दिया कमाल
शीर्ष वरीयता प्राप्त सानिया-हिंगिस ने रविवार को इंडियन वेल्स में खेले गए पारिबास ओपन टेनिस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में एकातेरिना मकारोवा और एलेना वेस्नीना की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से मात देकर ट्रॉफी अपने नाम की।
पहली बार जोड़ी बनाकर खेलने उतरी सानिया-हिंगिस ने टूर्नामेंट में जबरदस्त दबदबा कायम करते हुए खिताब जीतने तक की राह में एक भी सेट नहीं गंवाया। दोनों को इस टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता दी गई थी।
सानिया-हिंगिस को पहला सेट जीतने में खास परेशानी नहीं हुई और दोनों ने 6-3 से इसे अपने नाम किया। हालांकि दूसरे सेट में इंडो-स्विस जोड़ी एक समय 2-4 से पीछे चल रही थी और उस पर टूर्नामेंट में पहला सेट हारने का खतरा मंडरा रहा था। मगर तभी उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार 4 गेम जीतते हुए सेट और खिताब अपने नाम कर लिया।
इस जीत के बाद सोमवार को जारी होने वाली रैंकिंग में सानिया का अपनी सर्वश्रेष्ठ तीसरी रैंकिंग पर काबिज होना भी तय हो गया है। यह भारतीय खिलाड़ी का सत्र का दूसरा और कुल 24वां डब्ल्यूटीए खिताब है। इससे पहले सानिया ने 2011 में वेसनीना के साथ चैम्पियन बन पहली बार गौरव हासिल किया था। हिंगिस और सानिया पहली बार किसी टूर्नामेंट में साथ-साथ खेली और टूर्नामेंट अपने नाम किया।
दूसरी ओर, हिंगिस ने भी दूसरी बार यहां खिताब जीता है। इससे पहले उन्होंने 16 साल पहले 1999 में अन्ना कुर्निकोवा के साथ खिताब जीता था।
जीत के बाद सानिया ने कहा कि वह हिंगिस के साथ तालमेल से बेहद खुश हैं। सानिया ने जहां बेसलाइन एरिया संभाला था वहीं हिंगिस मुख्य तौर पर नेट के पास रहकर विपक्षी खिलाड़ियों को झांसा दे रही थीं।