सानिया मिर्जा-मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की उनकी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस ने लगातार 29 मुकाबले जीतकर 22 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। सानिया और हिंगिस ने यह उपलब्धि डब्ल्यूटीए सिडनी इंटरनेशनल टूर्नामेंट के महिला युगल के फाइनल में पहुंचकर हासिल की।
विश्व की नंबर एक जोड़ी सानिया और हिंगिस ने सेमीफाइनल में रोमानिया की रालुका ओलारू और कजाकिस्तान की यारोस्लावा श्वेदोवा की जोड़ी को 4-6, 6-3, 10-8 से पराजित किया।
भारत और स्विट्जरलैंड की इस जोड़ी ने प्यूर्तो रिको की गिगि फर्नांडीज और बेलारूस की नताशा ज्वेरेवा के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ा जिन्होंने 1994 में लगातार 28 मैच जीते थे।
दोनों का प्रदर्शन रहा है शानदार
सानिया और हिंगिस का पिछले साल प्रदर्शन शानदार रहा था और उन्होंने 2015 में कुल नौ खिताब जीते थे जिनमें विंबलडन, यूएस ओपन और डब्ल्यूटीए फाइनल्स खिताब शामिल हैं। वर्ष 2016 की शुरुआत भी इस जोड़ी ने खिताबी जीत से की है और लगातार दूसरी बार किसी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है।
सानिया और हिंगिस ने पिछले सप्ताह ब्रिस्बेन इंटरनेशनल खिताब भी अपने नाम किया था। यदि यह जोड़ी सिडनी इंटरनेशनल टूर्नामेंट जीत जाती है तो एक साथ खेलते हुए दोनों का यह 11वां डब्ल्यूटीए खिताब होगा। सेमीफाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा और एक घंटे 31 मिनट तक चला।
पहला सेट हारने के बाद सानिया और हिंगिस ने अगले सेट में जबर्दस्त वापसी की और दूसरा सेट अपने नाम किया। इसके बाद तीसरा और निर्णायक सेट टाईब्रेकर में चला गया जिसमें विरोधी के डबलफॉल्ट का सानिया और हिंगिस ने फायदा उठाकर मुकाबले को अपने नाम कर लिया।