{"_id":"5f7520a7d1aecd08dc2dac88","slug":"french-open-2020-stan-wawrinka-wins-150th-grand-slam-match-defeats-dominik-koepfer-to-reach-third-round","type":"story","status":"publish","title_hn":"French Open 2020: वावरिंका ने जीता 150वां ग्रैंड स्लैम मैच, कोएफर को हराकर तीसरे दौर में पहुंचे","category":{"title":"Tennis","title_hn":"टेनिस","slug":"tennis"}}
French Open 2020: वावरिंका ने जीता 150वां ग्रैंड स्लैम मैच, कोएफर को हराकर तीसरे दौर में पहुंचे
Thu, 01 Oct 2020 05:49 AM IST
Rajeev Rai
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Published by: Rajeev Rai
Updated Thu, 01 Oct 2020 05:49 AM IST
विज्ञापन
Stan Wawrinka
स्विट्जरलैंड के टेनिस स्टार स्टेन वावरिंका ने बुधवार को अपने कॅरिअर का 150वां ग्रैंड स्लैम मुकाबला जीता। तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन वावरिंका ने फ्रेंच के दूसरे दौर में जर्मनी के डोमिनिक कोएफर को दो घंटे आठ मिनट तक चले मुकाबले में 6-3, 6-2, 3-6, 6-1 से मात देकर यह उपलब्धि हासिल की। रोलां गैरां पर 2015 के चैंपियन वावरिंका की यह सत्र की दसवीं जीत है। वावरिंका का सामना अब हुगो गैस्टन से होगा जिन्होंने योशिहितो को 6-4, 7-6, 3-6, 6-2 से मात दी। टेलर फ्रिट्ज ने राडू अल्बर्ट को 6-3, 6-2, 6-4 से हराकर तीसरे दौर का टिकट कटाया।
विज्ञापन
कोर्डा ने किया इस्नेर का शिकार :
बीस वर्षीय सबेस्टियन कोर्डा ने 35 वर्षीय हमवतन जॉन इस्नेर को 6-4,6-4,2-6,6-4 से हराकर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के तीसरे दौर में प्रवेश किया। कोर्डा पहली बार फ्रेंच ओपन में खेल रहे हैं।
विज्ञापन
चोट के चलते मुकाबले से हटीं सेरेना
सेरेना विलियम्स टखने की चोट के कारण स्वेतलाना पिरोनकोवा के खिलाफ दूसरे दौर के मैच से पहले ही मुकाबले से हट गईं। तीन हफ्ते पहले यूएस ओपन के सेमीफाइनल में मिली हार के दौरान वह चोटिल हो गई थीं। तेईस बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन ने कहा कि उन्हें चोट से उबरने के लिए काफी समय नहीं मिला। उन्हें चार से छह हफ्ते तक आराम करना होगा।
विज्ञापन
अमेरिका की 39 वर्षीय सेरेना ने थोड़ा सा वार्म-अप किया और फिर फैसला किया कि वह खेल जारी नहीं रख पाएंगी। उनके घुटने के नीचे पैर के पिछले हिस्से से टखने तक जाने वाली मांसपेशियों में चोट है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके इस साल और कोई टूर्नामेंट खेलने की संभावना लगभग नहीं है। वर्ष 2014 में पेरिस में दूसरे दौर में हारने के बाद यह स्टार खिलाड़ी किसी भी ग्रैंड स्लैम में इतनी जल्दी पहली बार बाहर हुई है। वह 2018 फ्रेंच ओपन में भी चौथे दौर से पहले मांसपेशियों के खिंचाव के कारण बाहर हो गई थीं जो मां बनने के बाद उनका पहला ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट था।
मॉम अजारेंका भी बाहर :
यूएस ओपन में तीन मॉम ने क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर इतिहास बनाया था पर रोलां गैरां में इनमें से दो दूसरे ही दौर में बाहर हो गईं। सेरेना चोट के कारण हट गईं तो विक्टोरिया अजारेंका 161 नंबर की कैरोलिना शिमिडलोवा के हाथों 2-6, 2-6 से उलटफेर का शिकार हो गईं। अन्य मैचों में इलिना स्वितोलिना ने रेनाटा को 6-3, 0-6, 6-2 से, एकटेरिना अलेक्सांद्रोवा ने अस्त्रा शर्मा को 6-3, 6-3 से, सबलेंका ने जैसिका को 6-3, 6-1 से और किकी बर्टेंस ने सारा ईरानी को 7-6, 3-6, 9-7 से मात दी।