{"_id":"61f0150552e799113a0eb74c","slug":"australian-open-2022-matteo-berrettini-defeated-monfils-to-set-up-nadal-clash-in-semifinals","type":"story","status":"publish","title_hn":"Australian Open 2022: नडाल ने जीता संघर्षपूर्ण मुकाबला, सेमीफाइनल में बेरेटिनी से होगी भिड़ंत, बार्टी की आसान जीत","category":{"title":"Tennis","title_hn":"टेनिस","slug":"tennis"}}
Australian Open 2022: नडाल ने जीता संघर्षपूर्ण मुकाबला, सेमीफाइनल में बेरेटिनी से होगी भिड़ंत, बार्टी की आसान जीत
Tue, 25 Jan 2022 08:49 PM IST
Rajeev Rai
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Rajeev Rai
Updated Tue, 25 Jan 2022 08:49 PM IST
सार
स्पेनिश दिग्गज राफेल नडाल ने अपने रिकॉर्ड 21वां ग्रैंडस्लैम पुरूष एकल खिताब जीतने की तरफ एक कदम और बढ़ा लिया है। नडाल ने मंगलवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डेनिस शापोवालोव को चार घंटे के मैराथन मुकाबले में पांच सेट में हराकर सातवीं बार आस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
विज्ञापन
राफेल नडाल
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
स्पेनिश दिग्गज राफेल नडाल ने अपने रिकॉर्ड 21वां ग्रैंडस्लैम पुरूष एकल खिताब जीतने की तरफ एक कदम और बढ़ा लिया है। नडाल ने मंगलवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डेनिस शापोवालोव को चार घंटे के मैराथन मुकाबले में पांच सेट में हराकर सातवीं बार आस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। नडाल ने क्वार्टर फाइनल में 14वीं वरीयता प्राप्त शापोवालोव पर 6-3, 6-4, 4-6, 3-6, 6-3 से जीत दर्ज की। पहले दो सेट में हावी रहने के बाद तीसरे और चौथे सेट में पेट की गड़बड़ी के कारण उनकी लय टूटी लेकिन निर्णायक सेट जीतकर उन्होंने अंतिम चार में जगह बनाई।
विज्ञापन
नडाल यहां सिर्फ एक बार 2009 में खिताब जीत सके हैं और पिछले 13 में से सात बार क्वार्टर फाइनल हारे हैं। अब सेमीफाइनल शुक्रवार को होगा यानी उन्हें दो दिन का विश्राम मिलेगा। सेमीफाइनल में उनका सामना सातवीं वरीयता प्राप्त माटियो बेरेटिनी से होगा।
विज्ञापन
विंबलडन के उपविजेता और सातवीं वरीय बेरेटिनी ने एक अन्य मैराथन मुकाबले में 17वीं वरीयता प्राप्त गेल मोनफिल्स को 6-4, 6-4, 3-6, 3-6, 6-2 से हराया। वह आस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बने।
विज्ञापन
महिला वर्ग में मंगलवार को खेले गये दोनों क्वार्टर फाइनल मैच का फैसला सीधे सेटों में हुआ। दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एश्ले बार्टी ने 21वीं वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला को 6-2, 6-0 से जबकि मेडिसन कीज ने फ्रेंच ओपन चैंपियन बारबोरा क्रेसीकोवा को 6-3, 6-2 से पराजित किया।
बार्टी पिछले तीन वर्षों में दूसरी बार आस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची है। कीज सात साल बाद मेलबर्न पार्क में अंतिम चार में पहुंची है। विंबलडन 2021 की चैंपियन बार्टी 1978 के बाद आस्ट्रेलियाई ओपन जीतने वाली पहली आस्ट्रेलियाई महिला बनने की कोशिश में है। अब उनका सामना मेडिसन कीज से होगा। बार्टी 2020 में सेमीफाइनल में सोफिया केनिन से हार गई थी।