फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Sports News Seven teams reached quarter finals along with Varanasi in regional women football

Sports News: प्रादेशिक महिला फुटबॉल में वाराणसी के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं सात टीमें, पढ़ें अन्य खबरें

Wed, 06 Aug 2025 02:26 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 06 Aug 2025 02:26 PM IST
सार

वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। जिले के खिलाफ यहां और बाहर जाकर भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। विभिन्न खेलों में अव्वल होने पर उन्हें सम्मान के साथ प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।

विज्ञापन
Sports News Seven teams reached quarter finals along with Varanasi in regional women football
सिगरा स्टेडियम में फुटबाॅल का अभ्यास करते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Sports News in Hindi: डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा में हो रही प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। मंगलवार को हुए कुल छह मुकाबलों में वाराणसी सहित कुल सात टीमें क्वार्टर फाइनल पहुंच गईं। 

विज्ञापन


दिन का पहला मैच बस्ती और झांसी के बीच खेला गया, जिसमें बस्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झांसी को 5-1 से करारी शिकस्त दी। खेल के चौथे मिनट में बस्ती की संजना ने पहला गोल दागा। इसके बाद क्रांति ने 12वें और 23वें मिनट में लगातार दो गोल कर टीम को 3-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। 
विज्ञापन


झांसी की जेनिव ने एक गोल कर स्कोर 1-3 किया, लेकिन हाफटाइम के बाद बस्ती की शिखा और सुप्रिया ने 39वें और 41वें मिनट में गोल कर टीम को जीत दिलाई। दूसरे मुकाबले में प्रयागराज ने सहारनपुर को 11-0 के भारी अंतर से हराकर ग्रुप बी में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 
विज्ञापन
विज्ञापन


तीसरा मैच देवीपाटन और चित्रकूट के बीच हुआ, जिसमें देवीपाटन ने चित्रकूट मंडल को 11-1 से हराया। देवीपाटन की आफरीन ने 5 गोल दागे। जबकि रहमा और शबीना ने दो-दो गोल किए। नाजरीन और शबीना ने भी एक-एक गोल किया। चित्रकूट की टीम कुछ अच्छे मौके बनाने में सफल रही, लेकिन गोल करने में नाकाम रही।

खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन

दिन के चौथे मुकाबले में गोरखपुर ने विंध्याचल को 3-0 से हराया। गोरखपुर की रूबी गुप्ता ने 5वें और 18वें मिनट में दो गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में श्रीजना ने 59वें मिनट में एक और गोल कर जीत पक्की की। इस मैच में गोरखपुर की खिलाड़ी अनुप्रिया को खेल नियम का उल्लंघन करने पर लाल कार्ड भी दिखाया गया।

मुरादाबाद और अलीगढ़ के बीच हुआ पांचवां मैच बराबरी पर छूटा। दोनों टीमों ने एक-एक गोल किया। मैच के पहले ही मिनट में मुरादाबाद की आरुषि ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन 17वें मिनट में अलीगढ़ की विपासा ने गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया।

दिन का अंतिम और सबसे रोमांचक मैच आजमगढ़ और अयोध्या के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर थी, लेकिन दूसरे हाफ में आजमगढ़ ने अपनी रणनीति बदलकर शानदार प्रदर्शन किया।  इसके बाद सलोनी ने 59वें मिनट में एक और गोल कर टीम को 4-0 से विजयी बनाया और क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।

यंग हीरोज ने जय हिंद क्लब को 7-0 से हराया
जिला फुटबॉल संघ की ओर से जिलास्तरीय मोहम्मद रजाउद्दीन स्मृति फुटबॉल लीग बीएचयू एंफीथियेटर मैदान पर खेली जा रही है। लीग के 16वें दिन दो मुकाबले खेले गए। दूसरे मैच में अमित यादव की हैट्रिक की मदद से यंग हीरोज ने सात गोल के अंतर से जयहिंद क्लब को हरा दिया। पहले मैच में खेल छात्रावास की टीम नहीं आने से यूपी कॉलेज को वाॅक ओवर दे दिया गया। वहीं दूसरा मुकाबला यंग हीरोज क्लब बनाम जय हिंद क्लब के बीच खेला गया। मैच की अंतिम सीटी बजने तक जय हिंद क्लब एक भी गोल नहीं कर सकी। 

Sports News Seven teams reached quarter finals along with Varanasi in regional women football
चैंपियन बनी यूपी की फुटबाॅल टीम। - फोटो : अमर उजाला

19 साल बाद राष्ट्रीय चैंपियन बनी यूपी टीम
मध्य प्रदेश के बालाघाट में खेली गई जूनियर नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप फॉर बीसी राय ट्राॅफी में उत्तर प्रदेश की टीम 19 साल बाद जीत कर तीसरी बार राष्ट्रीय चैंपियन बनी है। फाइनल मुकाबले में यूपी की टीम ने असम की टीम तीन गोल के अंतर से हरा दिया।  राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप फाॅर बीसी राय ट्रॉफी 2025 में आज का फाइनल मैच उत्तर प्रदेश और असम के बीच खेला गया। यूपी की टीम में छोटे-छोटे पास के जरिये असम के खिलाफ आक्रामक मैच खेला। 

Sports News Seven teams reached quarter finals along with Varanasi in regional women football
फुटबाॅल खेलतीं खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

श्रींग के दो गोल से पूर्व मध्यमा अगले चक्र में पहुंची
केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षण संस्थान की ओर से 15 दिवसीय प्रो. एलएम जोशी स्मृति अंतर कक्षा फुटबाॅल टूर्नामेंट संस्थान के खेल मैदान पर खेला गया। इसके बालिका वर्ग में श्रींग ढोल्मा के दो गोल की मदद से में पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष की टीम ने द्वितीय वर्ष की टीम को एक गोल के अंतर से हरा दिया।  

लीग में महिला वर्ग पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष की टीम ने पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष को 3-2 गोल स्कोर से हराया। पहला गोल पूर्व मध्यमा प्रथम की कर्मा वांगमो ने वहीं श्रींग ढोल्मा ने दो गोल किया। द्वितीय वर्ष की ओर से ढोल्मा धोरोंग और शेंजिंग ने 1-1 गोल किया। पुरुष वर्ग में आचार्य द्वितीय और स्टाफ कंबाइंड के बीच खेला गया मैच 3-3 से ड्राॅ हो गया।

प्रादेशिक बास्केटबॉल में वाराणसी मंडल उपविजेता
यूपी बास्केटबाॅल एसोसिएशन की ओर से 2 से 5 अगस्त तक प्रदेश स्तरीय जूनियर बास्केटबाॅल प्रतियोगिता प्रयागराज के अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काॅम्पलेक्स में खेली गई। प्रतियोगिता का फाइनल वाराणसी और गोरखपुर मंडल की टीम के बीच खेला गया। इसमें गोरखपुर ने वाराणसी को 95-61 के स्कोर से हरा दिया।

इसमें प्रणव और देव सिंह के प्रदर्शन की बदौलत वाराणसी की टीम उपविजेता बनी। गोरखपुर मंडल के प्रिंस ने 20 और अनुज ने 15 अंक बनाए जबकि वाराणसी मंडल के प्रणव ने 18 और देव ने 15 अंक बनाया। मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायमूर्ति विपिन चंद्र दीक्षित ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। 

अंगद ने जीते चार स्वर्ण पदक, चुने गए बेस्ट खिलाड़ी
सीबीएसई ईस्ट जोन तैराकी प्रतियोगिता में जिले के अंगद विश्वकर्मा चार स्वर्ण पदकों के साथ अंडर-17 के बेस्ट खिलाड़ी चुने गए हैं। अंगद जिले के ग्लेनहिल स्कूल मंडुवाडीह कक्षा 9 के छात्र हैं। उन्होंने 200, 400 फ्रीस्टाइल, 200 और 400 मीटर इंडिविजुअल मेडले में स्वर्ण और 100 मीटर बटरफ्लाई तैराकी में रजत जीता है। 

बरेका महाप्रंधक ने किया बास्केटबॉल कोर्ट का उद्घाटन
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने मंगलवार को परिसर के नवीनीकृत बास्केटबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महिला और पुरुष वर्ग में उद्घाटन मैच खेला गया। बास्केटबॉल कोर्ट का नवीनीकरण करने के साथ उसे आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त किया गया है। इस मौके पर जनसंपर्क अधिकारी व सचिव बास्केटबॉल राजेश कुमार मौजूद रहे। 

कराटे खिलाड़ी खुशी सिंह को राज्यपाल ने किया सम्मानित
अखिल भारतीय विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली कराटे खिलाड़ी खुशी सिंह को यूपी की राज्यपाल ने सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में मिला। इस दौरान खिलाड़ियों पुरस्कार राशि दी गई। 

बंगाली टोला इंटर कॉलेज में कराटे प्रतियोगिता आज
69वीं माध्यमिक स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता के तहत जिलास्तरीय कराटे प्रतियोगिता बुधवार को बंगाली टोला इंटर कॉलेज में खेली जाएगी। खेल शिक्षक विमल राव ने बताया कि जिलास्तरीय कराटे प्रतियोगिता हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों का वजन मंगलवार को स्कूल परिसर में हुआ। जिल खिलाड़ियों का वजन नहीं हो पाया है वे बुधवार की सुबह आठ बजे वजन करा सकते हैं। 

तीन राज्यों के 530 खिलाड़ियों ने साधा निशाना
सनबीम एकेडमी नॉलेज पार्क शाखा बरईपुर में मंगलवार को 20 मीटर पिस्टल और 10 रायफल की स्पर्धा हुई। इसमें तीन राज्यों के 530 खिलाड़ियों ने 111 टीमों की ओर से लक्ष्य पर निशाना साधा। इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 

कराटे प्रतियोगिता में वाराणसी चैंपियन
आईसीएसई यूपी रीजनल कराटे प्रतियोगिता में मंगलवार को फाइनल मुकाबले हुए। इसमें 13.2 अंक के साथ वाराणसी ओवरऑल चैंपियन रहा। कानपुर साउथ 10.2 अंक के साथ द्वितीय और लखनऊ साउथ 8.3 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा। अंडर 17 बालक वर्ग में अचिंत्य, ईशान, फ्रैंकलिन, गौरांश, कुमार आरुष, श्रवण, एकांश, दिलजोत, दिव्यांश, आयुष ने वहीं बालिका वर्ग में आरना, अनन्या, प्रतिष्ठा, आरुषी, अमीषी, पलक, अरना प्रजापति ने स्वर्ण पदक जीता। 

कराटे की विजेता बनी मानव एकेडमी
अंतर जिलास्तरीय स्कूल कराटे सन वैली पब्लिक स्कूल में खेली गई। इसमें 12 जिलों के 352 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की टीम ओवरऑल विजेता और रामनगर की टीम उपविजेता और टीटीएफ कराटे एकेडमी की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि अखंड प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर आलोक सिंह, अखिलेश, शरद वर्मा माैजूद रहे। 

दौड़ में समृद्धि पाल ने जीते दो स्वर्ण
पूर्वी जोन सीबीएसई क्लस्टर प्रतियोगिता में डिवाइन सैनिक स्कूल लहरतारा की छात्रा ने दो स्वर्ण पदक जीते। प्रतियोगिता में समृद्धि पाल ने 1500 और 800 मीटर दौड़ में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रबंधक एसएन सिंह और प्रधानाचार्या ने समृद्धि की इस उपलब्धि पर उसे बधाई दी। 

ग्रिप स्टांस और बैक लिफ्ट की दी जानकारी
बीएचयू के शारीरिक शिक्षा विभाग में मंगलवार को चार दिवसीय राष्ट्रीय क्रिकेट कार्यशाला शुरू हुई। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि केंद्रीय तिब्बती उच्च अध्ययन संस्थान की सचिव की डॉ. सुनीता चंद्रा ने किया। विशिष्ट अतिथि कला संकाय की डीन प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने इसे अनुकरणीय बताया। उद्घाटन समारोह के बाद तकनीकी सत्र में अरुण भारद्वाज ने ग्रिप स्टांस और बैक लिफ्ट के बारे में जानकारी दी।

महिला खेल महोत्सव के लिए सात अगस्त से शुरू होगा ट्रायल
जिले की महिलाओं की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें राज्य स्तर पर मंच देने के लिए खेल विभाग प्रदेश स्तरीय महिला खेल महोत्सव का आयोजन करने जा रहा है। इसके लिए वाराणसी की जिला और मंडल स्तरीय टीम के चयन ट्रायल की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। जिले के दो खेल मैदानों पर आठ दिनों तक चार खेलों के लिए चयन ट्रायल होगा। इसमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेनिस और हॉकी शामिल हैं। इसमें 25 साल से कम आयु की खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगी।

क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि यह आयोजन महिला खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर है। इसमें चयनित खिलाड़ी मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी और राज्य स्तर पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगी। चयन प्रक्रिया जिला स्तर और फिर मंडल स्तर पर होगी। एथलेटिक्स, बैडमिंटन और टेनिस के ट्रायल डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा में होंगे, जबकि हॉकी का ट्रायल डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल लालपुर में होगा। 

23 अगस्त तक होंगे राज्यस्तरीय मुकाबले

एथलेटिक्स का जिला स्तरीय ट्रायल 7 अगस्त को सुबह 8:00 बजे और मंडल स्तरीय ट्रायल 11 अगस्त को सुबह 9:00 बजे होगा। वहीं बैडमिंटन का जिला स्तरीय चयन 11 अगस्त को सुबह 8:00 बजे और मंडल स्तरीय चयन 13 अगस्त को सुबह 9:00 बजे होगा। इन दोनों खेलों में चयनित खिलाड़ी 25 से 26 अगस्त को अयोध्या में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। 
 

टेनिस का जिला स्तरीय ट्रायल 18 अगस्त को सुबह 8:00 बजे और मंडल स्तरीय ट्रायल्स 19 अगस्त को सुबह 9:00 बजे से होगा। हॉकी का जिला स्तरीय ट्रायल 18 अगस्त को सुबह 8:00 बजे और मंडल स्तरीय ट्रायल 19 अगस्त को सुबह 9:00 बजे होंगे। इन दोनों खेलों का राज्य स्तरीय मुकाबला 21 से 23 अगस्त तक लखनऊ में होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed