क्रिकेट: अखिल की 65 बॉल पर 97 रनों की पारी से विद्युत विभाग को मिले दो अंक, पढ़ें खेल की अन्य खबरें
वाराणसी के प्रमुख स्थानों पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल से भी क्रिकेट प्रतियोगिता हुई। अतिथियों और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। जीते हुए खिलाड़ी सम्मानित किए गए।
विस्तार
Sports News: पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। विद्युत (ऑपरेशन) विभाग के अखिल कुमार ने 65 बाॅल पर 97 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। आरपीएफ की टीम ने गेंदबाजी के दौरान 22 अतिरिक्त रन लुटा दिए।
पहला मैच आरपीएफ और विद्युत (ऑपरेशन) के बीच खेला गया। टॉस जीतकर आरपीएफ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। आरपीएफ के रामप्रवेश ने 21 बाॅल पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 29, गिरजेश ने 13 बॉल पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 26 रन बनाए।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस रामकृष्णन ने 27, सुमित ने 19 और जावेद ने 17 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में विद्युत के नादिर हुसैन ने तीन राजेश ने दो विकेट लिए। रामदयाल, विपिन और शैलेश को एक-एक सफलता मिली।
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई विद्युत की टीम ने 19.2 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। इस तरह टीम ने जीतकर हासिल कर 2 महत्वपूर्ण अंक जुटाए। विद्युत की ओर से अखिल कुमार ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी कर 65 बाॅल पर 12 चौके और चार छक्कों की मदद से 97 रन बनाए।
साथ ही रामदयाल ने नाबाद 23 रनों की पारी खेली। आरपीएफ टीम ने अतिरिक्त के रूप में 22 रन लुटाए। आरपीएफ की तरफ से संतोष ने तीन, शेषनाथ ने दो और राम प्रवेश व अवनीश ने एक-एक विकेट झटके। 97 रनों की पारी खेलने वाले अखिल कुमार मैन ऑफ द मैच बने।
दिन का दूसरा मैच संरक्षा और लेखा विभाग के बीच हुआ। इसमें लेखा विभाग ने पहले बैटिंग करते हुए 19.2 ओवर में 136 रन बनाए। टीम की ओर से आकाश पांडेय ने 37 और प्रमोद ने 28 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में संरक्षा विभाग के पुष्पेंद्र बैस और कलाम अली खान ने तीन-तीन विकेट लिए। प्रमोद को भी दो विकेट मिले।
137 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए संरक्षा की टीम ने 16 ओवर में तीन विकेट खोकर 140 रन बनाकर 7 विकेट से मैच जीत लिया। संरक्षा के ऋषि ने शानदार 51 रनों की पारी खेली। राकेश ने 35, प्रमोद ने 18 और अभिषेक कुमार ने 11 रन बनाए। गेंदबाजी में लेखा के प्रमोद ने दो और रंजीत ने एक विकेट लिया। संरक्षा के मंडल दूर संचार इंजीनियर पुष्पेंद्र बैस मैन ऑफ द मैच बने।
इस अवसर पर मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेंद्र पाल, मंडल कार्मिक अधिकारी (इंचार्ज) अभिनव कुमार सिंह, सहायक संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार मौजूद रहे।
रुपाली कुशवाहा ने जीता स्वर्ण पदक
आरंभ एकेडमी की ओर से निवेदिता शिक्षा सदन में हुई कराटे प्रतियोगिता में सराय सुरजन निवासी रुपाली कुशवाहा ने स्वर्ण पदक जीता है। रुपाली ने पिछले तीन साल में आठ पदक जीते हैं। उन्होंने बताया कि वह अनिता सिंह की देखरेख में खेल का अभ्यास करती हैं। उनके पिता बुनकरी का काम करते हैं। रूपाली ने 2018 से कराटे सीख रही हैं। वो अबतक 20 से अधिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा चुकीं हैं।
काशी की बालिकाओं का खेलों में धमाल
जिले की बालिका खिलाड़ी अब खेलों में परचम लहरा रही हैं। इस साल पहली बार महिला हॉकी टीम ने प्रादेशिक महिला हॉकी प्रतियोगिता में गोरखपुर और लखनऊ जैसी मजबूत टीम को हराकर कर खिताब जीता है। जिले की हॉकी, हैंडबॉल और रग्बी की टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। इसमें से बालिका रग्बी टीम की खिलाड़ी राष्ट्रीय शिविर के लिए आमंत्रित की गई हैं। सब जूनियर वर्ग में तीन बालिकाओं का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है।
हॉकी खिलाड़ी काजल ने जीती 5 किमी वाॅक रेस
खिलाड़ियों में दमकशी बढ़ाने के लिए रविवार को पांच किलोमीटर वॉक रेस का आयोजन हुआ। इसमें हॉकी खिलाड़ी काजल पटेल ने पहला स्थान प्राप्त किया। वाॅक रेस में सुमन दूसरे, सीमा तीसरे स्थान पर रहीं। वाॅक रेस परमानंदपुर मिनी स्टेडियम से शुरू होकर लालपुर स्टेडियम, गिलट बाजार, चांदमारी होते हुए लालपुर पहुंचकर संपन्न हुई। दौड़ में 52 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वाॅक रेस में अंजली, कोमल और सोनम ने क्रमशः चौथा, पांचवा और छठा स्थान हासिल किया।
खेलों के प्रशिक्षण के लिए लंबी लाइन
सिगरा स्थित संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में नए सत्र में प्रशिक्षण के फाॅर्म जमा करने और खेलने के लिए युवाओं की लंबी लाइन लग रही है। पहले ही दिन बैडमिंटन का प्रशिक्षण के लिए 700 खिलाड़ी पहुंचे। इससे पूर्व तैराकी के लिए 500, जिमनास्टिक्स के लिए 145 खिलाड़ी पहुंचे थे।
क्रिकेट, एथलेटिक्स, फुटबॉल तो पहले से खिलाड़ियों की मांग से ओवरलोड है। संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नए सत्र के तहत कुश्ती, क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन एथलेटिक्स और तैराकी सहित कुल 11 खेलों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने विमला सिंह ने बताया कि संख्या अधिक होने की वजह से ट्रायल के आधार पर खिलाड़ियों का चयन होगा।
स्टाफ क्रिकेट के लिए 18 अप्रैल तक आवेदन
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के एंफीथियेटर मैदान पर स्टाफ क्रिकेट खेला जाएगा। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में खेलने के लिए बीएचयू स्टाफ अपनी अपनी टीम की सूची बनाकर 18 अप्रैल तक विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के कार्यालय में जमा करा सकते हैं। प्रतियोगिता मई महीने में खेली जाएगी। यह जानकारी विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने दी है।
राकेश की पारी से जीता चैंपियंस एकादश
बीएचयू परिसर स्थित रुइया मैदान पर आईएमएस प्रीमियर लीग खेली जा रही है। रविवार को चैंपियंस एकादश बनाम ब्लड वाॅरियर्स के बीच मैच खेला गया। चैंपियंस एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 192 रन का स्कोर खड़ा किया। राकेश पांडेय ने 36 गेंद पर 114 रन, दिलीप ने 22 गेंद पर 54 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लड वाॅरियर्स की टीम रामू की 62 और मोहित की 40 रन पारी खेलने के बावजूद 158 रन ही बना सकी। यह मैच चैंपियंस एकादश ने 34 रन से जीत लिया।
जुपिटर क्लब बना हैंडबॉल चैंपियन
विकास और शांति के लिए अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस पर रविवार को आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में हैंडबॉल प्रतियोगिता हुई। इसमें जुपिटर क्लब ने स्टार क्लब को 15-13 गोल से पराजित कर दिया। इस मैच में दोनों टीमों ने शुरू से शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हाफ टाइम तक दोनों टीमों का स्कोर 9-9 था।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच समाप्त होने से चार मिनट पहले राष्ट्रीय खिलाड़ी रेशमा यादव ने लगातार दो गोल कर स्टार क्लब को 15-13 गोल से मात दी। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस खेलों के जरिये शांति और विकास को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। खेल के माध्यम से समाज को शांति और विकास के पथ पर ले जाने में मदद मिलेगी।
प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलेंगे 250 खिलाड़ी
मोहम्मद शमसुद्दीन स्मृति अंडर-20 बालक फुटबॉल चैंपियनशिप कानपुर में खेली जाएगी। इसमें प्रदेश के 18 मंडल की टीमों के 250 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता नॉकआउट के आधार पर खेली जाएगी। उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के अवैतनिक महासचिव मोहम्मद शाहिद ने बताया कि प्रतियोगिता 15 से 25 अप्रैल तक कानपुर के नवाबगंज स्थित बीएसएसडी कॉलेज के खेल मैदान पर होगी।
इसमें में 1 जनवरी 2006 से 31 दिसंबर 2008 के बीच जन्मे खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। प्रत्येक खिलाड़ी का सीआरएस होना अनिवार्य है। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी प्रादेशिक शिविर में हिस्सा ले सकेंगे। प्रादेशिक फुटबॉल शिविर में अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में आयोजित अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबाॅल प्रतियोगिता में खेलेंगे। खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र देना होगा।
प्रादेशिक महिला कुश्ती में तीन ने जीते पदक
बागपत में खेली गई अंडर-20 प्रादेशिक महिला कुश्ती में वाराणसी के तीन खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं। कुश्ती कोच गोरख यादव ने बताया कि 62 किलो भार वर्ग में कशिश यादव ने स्वर्ण जबकि 53 किलो भारवर्ग में अंशु ने रजत और 65 किलो में अर्पिता कांस्य पदक जीता है।
यूपी टीम की कप्तानी करेंगे कृष, टीम में आजमगढ़ के छह खिलाड़ी शामिल
39वीं राष्ट्रीय सब जूनियर हैंडबॉल के लिए यूपी की टीम घोषित कर दी गई है। इसमें वाराणसी के पांच और आजमगढ़ के छह खिलाड़यों को जगह मिली है। यूपी टीम की कप्तानी आजमगढ़ के कृष करेंगे। टीम की घोषणा केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के बाद यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन के महासचिव डाॅ. आनंदेश्वर पांडेय ने की।
यूपी की टीम ने इस चैंपियनशिप के पिछले संस्करण में रजत पदक जीता था। 39वीं राष्ट्रीय सब जूनियर बालक हैंडबॉल ओडिशा में 8 से 12 अप्रैल तक खेली जाएगी। टीम में वाराणसी के शौर्य, आर्यन यादव, आजाद, अंकित, अभ्युदय पाण्डेय जबकि आजमगढ़ के कृष (कप्तान), प्रवेश, अभिषेक, अजय (साई), आदित्य राजभर, हर्ष, विकास टीम में शामिल हैं।
पुलिस हैंडबॉल के ऑफिशियल बने अमित
अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल प्रतियोगिता का ऑफिशियल वाराणसी के अमित पांडेय को बनाया गया है। पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड नई दिल्ली की ओर से अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 7 अप्रैल से 11 अप्रैल तक लखनऊ में खेली जाएगी।