बांग्लादेश में फिर गंदा मजाक, टीम इंडिया को दिखाया 'आधा टकला'
बांग्लादेश ने कुछ दिन पहले ऐतिहासिक खेल दिखाते हुए टीम इंडिया को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से रौंद दिया था। इस सीरीज की खास बात यह रही कि मेजबान बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने पूरी सीरीज में अपना दबदबा बनाए रखा। बांग्लादेश ने पहली बार भारत से कोई सीरीज जीती थी।
मीरपुर में खेले गए वनडे सीरीज में स्थानीय दर्शकों के बीच बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने जोरदार खेल दिखाया। हालांकि इस ऐतिहासिक जीत में कई प्रशंसक अपनी मर्यादा भी भूलते दिखे। कुछ मनचलों ने भारतीय प्रशंसक सुधीर गौतम पर पत्थरबाजी की थी हालांकि वह उनके हमले से बचने में कामयाब रहे।
मैदान पर कुछ भी हो यह तो खेल का हिस्सा ही होता है और जो भी टीम बेहतर खेल दिखाती है वही जीतती है। बांग्लादेश ने लाजवाब खेल दिखाया और सीरीज पर कब्जा जमा लिया। लेकिन इसके उलट मैदान के बाहर बांग्लादेश में टीम इंडिया का मजाक उड़ाने का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा।
जून के पहले हफ्ते में भारतीय टीम के बांग्लादेश के लिए रवाना होने से पहले ही वहां की टीवी और यूट्यूब पर एक कोला कंपनी का विज्ञापन खूब चर्चा में रहा। इस एड में कोलकाता के एक पार्क में एक भारतीय और एक पाकिस्तानी प्रशंसक साथ बेंच पर बैठे हैं, जिसमें भारतीय यह कहकर पाक प्रशंसक की खिल्ली उड़ा रहा है कि हाल ही में बांग्लादेश ने वनडे और टी-20 सीरीज में पाक को हराया था। इस पर नाराज पाक प्रशंसक पास खड़े एक खोंमचे वाले के पास जाता है और वहां से बांस लाता है। वह भारतीय प्रशंसक को बांस दिखाते हुए कहता है कि तुम्हारा भी यही हाल होगा।
वनडे सीरीज खेलने के लिए बांग्लादेश रवाना होने से पहले एक एड में टीम इंडिया का गंदे तरीके से मजाक उड़ाया गया था लेकिन अब एक बार फिर भारतीय टीम के साथ भद्दा मजाक किया गया है। ये दो बेहद घटिया विज्ञापन दिखाते हैं कि बांग्लादेश में विपक्षी टीमों को सम्मान देने की भावना की बेहद कमी है।
टीम इंडिया के 7 खिलाड़ियों को दिखाया 'आधा टकला'
भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे सीरीज के बाद बांग्लादेश में अब एक और विवादित एड चर्चा में है। बांग्लादेश के प्रसिद्ध अखबार प्रथम ओलो, जिसके साप्ताहिक सप्लीमेंट रोश आलो के कवर पेज पर फोटोशॉप के जरिए कैरीकेचर बनाकर टीम इंडिया का मजाक उड़ाया जा रहा है। यह विज्ञापन 29 जून को छपा था।
इस विज्ञापन में बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्ताफिजुर रहमान एक कटर के साथ दिख रहा है। यह वही 19 साल का तेज गेंदबाज है जिन्होंने अपनी शानदार ऑफकटर से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया था जिससे टीम इंडिया को घुटने टेकने पड़े थे। रहमान के हाथ में जो कटर दिख रहा है वह प्रतीकात्मक है क्योंकि उन्होंने अपने ऑफकटर से भारत को हराया था।
विज्ञापन में मुस्ताफिजुर रहमान सामने खड़े हैं अपने कटर के साथ जबकि टीम इंडिया के सात खिलाड़ियों के सिर के बाल आधे सेव किए हुए दिख रहे हैं। इस फर्जी विज्ञापन में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि इस गेंदबाज ने अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, विराट कोहली, रवींद्र जडेजा, कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, शिखर धवन और आर अश्विन ने खूब परेशान किया और उन्हें आधा टकला कर रखा है।
साथ ही यह मैसेज भी दिया गया है कि 'हमनें कर दिया है। आप भी कर सकते हो।' प्रतिष्ठित अखबार ने जिस तरह से भारतीय खिलाड़ियों को आधा सेव्ड दिखाया है उससे ऐसा लगता है कि भारतीय टीम का अपमान किया गया है। साथ ही एक प्रतिष्ठित अखबार ने बेहद घटिया विज्ञापन तैयार किया है।
ये दो घटिया विज्ञापन दोनों देशों के बीच क्रिकेट के रिश्तों को और बेहतर बनाने के बजाए तल्खी पैदा कर सकते हैं। वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में भारत के हाथों हार के बाद बांग्लादेश में टीम इंडिया के खिलाफ कोई अच्छा माहौल नहीं है।
अखबार ने यह विवादित एड अपने फेसबुक पेज पर भी पोस्ट किया है।
মুস্তাফিজ কাটারফটোশপ ক্যারিকেচার: মাহফুজ রহমান
Posted by Prothom Alo on Sunday, June 28, 2015