फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Japanese footballer Nozomu dribbled 2000 km from Kolkata to Kashi sports news of varanasi

Nozomu Kato: जापान के फुटबॉलर नोजोमु ने कोलकाता से काशी तक 2000 किमी की ड्रिब्लिंग की, पढ़ें खेल की खबरें

Wed, 16 Apr 2025 03:47 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 16 Apr 2025 03:47 PM IST
सार

वाराणसी में जापान के फुटबॉलर नोजोमु हागीहारा काशी पहुंचे। फैंस के साथ फोटो खींचवा रहे थे। इसी क्रम में विभिन्न जगहों पर खेल प्रतियोगिताएं भी हुईं। इसमें खिलाड़ियों को सम्मान के साथ प्रोत्साहित भी किया गया।

विज्ञापन
Japanese footballer Nozomu dribbled 2000 km from Kolkata to Kashi sports news of varanasi
फुटबॉलर नोजोमु हागीहारा। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Sports News: जापान के रहने वाले फुटबॉलर नोजोमु हागीहारा (31) ड्रिब्लिंग (जमीन पर फुटबॉल को उछालते हुए आगे बढ़ना) करते काशी पहुंचे। तीन मार्च से कोलकाता से सड़क पर फुटबॉल खेलते हुए उनका असाधारण सफर न केवल खेल के प्रति उनके प्रेम को दर्शाता है, बल्कि गांवों में लैंगिक समानता, स्वच्छता और पोषण के साथ ही बच्चों को चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित करना है। 

विज्ञापन


3 मार्च को कोलकाता से नई दिल्ली तक 2,000 किलोमीटर की एकल ड्रिब्लिंग यात्रा मई में नई दिल्ली में समाप्त होगी। नोजोमु अपने असाधारण कौशल और फुटबॉल के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। साहसिक यात्रा की शुरुआत उन्होंने कोलकाता से की। 
विज्ञापन


सड़क पर फुटबॉल खेलते हुए 2000 किमी का सफर तय कर मंगलवार को काशी पहुंचे। सोनारपुर में विश्राम के बाद गुरुवार को दिल्ली की ओर बढ़ेंगे।हागीहारा ने बताया कि गरीब और वंचित बच्चों को फुटबॉल अपनाने के लिए प्रेरित करना है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उनका मानना है कि फुटबॉल न केवल एक मनोरंजक खेल है, बल्कि यह अनुशासन, टीम वर्क और दृढ़ता सिखाता है।नोजोमु ने कहा कि गांवों में फुटबॉल कार्यशालाएं की हैं। इन सत्रों का उद्देश्य बच्चों खासकर लड़कियों को सशक्त बनाना है। 

जिस तरह महात्मा गांधी ने नमक सत्याग्रह के दौरान 385 किलोमीटर की पैदल यात्रा की थी। उससे प्रभावित होकर सबसे लंबी ड्रिब्लिंग कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का भी प्रयास है। 

2023 में एक ऑस्ट्रेलियाई ने 337 किमी तक ड्रिब्लिंग कर रिकॉर्ड बनाया था। जब लोग उन्हें सड़क पर फुटबॉल खेलते देखते हैं, तो वे रुकते हैं और बातचीत करते हैं। प्रवास के दौरान नोजोमु काशी के बच्चों के साथ फुटबॉल खेलेंगे। बुनियादी कौशल सिखाएंगे और इसमें कॅरिअर  बनाने की संभावनाओं के बारे में भी बताएंगे।

जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता 27 अप्रैल से
जिला एथलेटिक्स संघ 27 अप्रैल को वार्षिक जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता कराएगा। मुनारी के एसबीएस स्पोर्ट्स एकेडमी के खेल मैदान में जिले भर के युवा प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश कुमार यादव ने बताया कि मुख्य उद्देश्य जिले के युवा और प्रतिभाशाली एथलीटों को मंच देना है। 

प्रतियोगिता के माध्यम से राष्ट्रीय खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।  जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के बालक और बालिकाएं हिस्सा लेंगे। सचिव ने बताया कि विजेता खिलाड़ी 15 से 18 जून तक होने वाली 20वीं राष्ट्रीय इंटर डिस्ट्रिक्ट प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह युवा एथलीटों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का शानदार अवसर है।

किड्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता स्थगित
19 अप्रैल से सिगरा स्टेडियम में किड्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता स्थगित कर दी गई है। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश यादव ने बताया कि खेल विभाग के हॉस्टल में प्रवेश के लिए चयन प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है, जिसके चलते किड्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता को फिलहाल टाल दिया गया है। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के छोटे बच्चे हिस्सा लेने वाले थे। युवा खिलाड़ियों और अभिभावकों में निराशा है। 

माध्यमिक विद्यालयों में अब महीने के दूसरे शनिवार को सिर्फ खेलकूद
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सत्र 2025-26 के लिए वार्षिक शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है। हर महीने दूसरे शनिवार को खेलकूद और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियां होंगी। यह निर्णय छात्रों के समग्र विकास को ध्यान में रख लिया गया है। देखा जाता है कि पाठ्यक्रम के दबाव में छात्रों को खेलकूद और अन्य मनोरंजक गतिविधियों के लिए समय नहीं मिल पाता है। 

परिषद का मानना है कि खेलकूद न केवल छात्रों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास करता है। इस दिन विद्यालयों को खेलकूद प्रतियोगिताएं, योगाभ्यास, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, कला और शिल्प गतिविधियां और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन करना होगा। 

विद्यालय अपनी आवश्यकता और छात्रों की रुचि के अनुसार इन गतिविधियों की योजना बना सकते हैं।  जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने सभी प्रधानाचार्यों को नए नियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 

29वीं सीनियर स्टेट कैरम प्रतियोगिता आज से
कैरम प्रतियोगिता 16 अप्रैल से प्रयागराज के ठाकुर हरनारायन सिंह ग्रुप ऑफ कॉलेज, करैलाबाग के सभागार में शुरू होगी। 29वीं सीनियर स्टेट कैरम चैंपियनशिप पांच दिन तक चलेगी। प्रदेश के 40 जिलों के शीर्ष महिला और पुरुष कैरम खिलाड़ी खेलेंगे। काशी की 12 बेटियां सहित छह पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 

उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के अध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने बताया कि चैंपियनशिप लीग कम नॉकआउट आधार पर होगी। आयोजन स्थल पर 24 कैरम बोर्ड की व्यवस्था की गई है। 250 खिलाड़ी और ऑफिशियल शामिल होंगे। 

वाराणसी की अंजली केशरी, कामना गुप्ता, मंतशा इकबाल, सौम्या यादव, रितंभरा, आर्या यादव, रिषिता केशरी, अंजली गुप्ता, हरियाली सिंह, जागृति सोनी और वैशाली वर्मा हिस्सा लेंगी। पुरुष वर्ग में शिवदयाल यादव, कृष्ण दयाल, जमुनाधर, गौरव, प्रियांशु, विनोद अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 

उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के सहायक सचिव एडवोकेट सिराजुद्दीन आयोजन सचिव हैं। सचिव जहीर अहमद निदेशक हैं। इंटरनेशनल अंपायर एनके जायसवाल टेक्निकल डायरेक्टर होंगे। चीफ रेफरी सरदार रणवीर सिंह रहेंगे। सहायक प्रधान निर्णायक का दायित्व इंटरनेशनल अंपायर रमेश वर्मा और नेशनल अंपायर अशोक सिंह निभाएंगे। 

Japanese footballer Nozomu dribbled 2000 km from Kolkata to Kashi sports news of varanasi
परमानंदपुर में हाॅकी खेलतीं खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

आंचल के 4 गोल से रेनबो क्लब ने वाराणसी को 6-1 से हराया
सब जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को रेनबो क्लब की खिलाड़ी आंचल मौर्या ने हैट्रिक सहित चार गोल दागकर वाराणसी क्लब को 6-1 से करारी शिकस्त देने में अहम भूमिका निभाई। बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रेनबो ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया। 

सातवें मिनट में आंचल मौर्या ने बाईं छोर से गोल दागकर 1-0 की बढ़त दिला दी। 15वें मिनट में आंचल ने मौके को गोल में तब्दील कर स्कोर 2-0 कर दिया। हाफ टाइम से एक मिनट पहले आंचल ने एकल प्रयास से एक और गोल किया और हैट्रिक पूरी की। इसके साथ ही रेनबो क्लब को 3-0 की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। 

दूसरे हाफ के दूसरे मिनट में वाराणसी क्लब की प्रतिभा पटेल ने दाईं छोर से गोल कर स्कोर 1-3 कर दिया। हालांकि, वाराणसी क्लब की  खुशी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाई। पांच मिनट बाद ही रेनबो क्लब को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे आंचल ने गोल में बदलकर स्कोर 4-1 कर दिया। 32वें मिनट में राधिका चौहान ने आंचल मौर्या के एक सटीक पास पर गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। 

37वें मिनट में रेनबो क्लब को एक और पेनल्टी कार्नर मिला, जिसे विजय लक्ष्मी यादव ने गोल में बदलकर स्कोर 6-1 कर दिया। इदरीस अहमद और जावेद ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आंचल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ रेनबो क्लब ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है।

Japanese footballer Nozomu dribbled 2000 km from Kolkata to Kashi sports news of varanasi
मैच के बाद विजेता टीम के खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

टी-20 : विद्युत ऑपरेशन क्वार्टर फाइनल में
पूर्वोत्तर रेलवे की ग्रीष्मकालीन अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता मंगलवार को मिनी स्टेडियम में शुरू हुई। 16वां रोमांचक मुकाबला विद्युत ऑपरेशन और विद्युत सामान्य के बीच हुआ। विद्युत सामान्य ने ऑपरेशन को 40 रन से हराया। विद्युत सामान्य ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए। 

अनिल यादव ने 57 गेंदों में 105 रन बनाए। मुनि ने 42 रन बनाए। जबकि शशिकांत ने 32 रन का योगदान दिया। विद्युत ऑपरेशन के आजाद ने तीन विकेट हासिल किए। नादिर ने दो विकेट अपने नाम किए। 221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्युत ऑपरेशन की टीम 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 180 रन ही बना सकी। हार के बावजूद विद्युत ऑपरेशन की टीम ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। 

Japanese footballer Nozomu dribbled 2000 km from Kolkata to Kashi sports news of varanasi
थाई किक बाॅक्सिंग में विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित। - फोटो : अमर उजाला

किक बॉक्सिंग की विजेताओं को महाविद्यालय ने लिया गोद
सरस्वती उच्च शिक्षा एवं तकनीकी स्नातकोत्तर महाविद्यालय गहनी आयर के सभागार में मंगलवार को थाईलैंड में प्रथम थाई किक बॉक्सिंग विश्व कप प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाली अंजली कुमारी और पूजा पटेल को सम्मानित किया गया। उप-प्रबंधक नवीन कुमार सिंह और प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि महाविद्यालय दोनों को गोद लेगा। 

प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने का सारा खर्च वहन करेगा। प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि ये दोनों खिलाड़ी अन्य छात्र-छात्राओं के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं। अमीषा पटेल, प्रीति यादव, आस्था यादव, आंचल  ने स्वागत किया। पूजा के भाई को भी सम्मानित किया गया। 

Japanese footballer Nozomu dribbled 2000 km from Kolkata to Kashi sports news of varanasi
बच्छाव में खोखा की तैयारी करते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

खोखो प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ी कर रहे अभ्यास
30 अप्रैल से दिल्ली में शुरू होने वाली विद्यालयीय राष्ट्रीय खोखो प्रतियोगिता के लिए वाराणसी के खिलाड़ी रोज चार घंटे अभ्यास कर रहे हैं। मंगलवार को 12 सदस्यीय बालिका टीम में शामिल काजल पटेल और बालक वर्ग के सूर्यभान कनौजिया ने महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव के खेल मैदान में प्रशिक्षक जितेंद्र की देखरेख में पसीना बहया। 

जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली 12 सदस्यीय बालिका टीम में छह छात्राओं का चयन हुआ है। महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव की काजल पटेल प्रमुख हैं। उनके साथ गुरु नानक खालसा बालिका इंटर कॉलेज गुरुबाग की खुशबू यादव, पुरुषोत्तम जायसवाल इंटर कॉलेज करसड़ा की साधना पटेल, श्री कृष्णदेव इंटर कालेज नेवादा की साधना और सरदार पटेल इंटर कालेज बढ़ैनी, बभनियाव की विजय लक्ष्मी और अराधना टीम का हिस्सा हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed